)
फिलीपींस की राजधानी मनीला में आयोजित आसियान शिखर सम्मेलन-2026 बुधवार को संपन्न हो गया. इस सम्मेलन में शामिल होकर पीएम मोदी भारत लौट आए हैं. प्लेन में बैठने से पहले पीएम मोदी ने कुछ ऐसा किया, जिसने फिलीपींस के लोगों का दिल जीत लिया. अब उनके इस जेस्चर का यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसे लोग खूब शेयर कर रहे हैं.
हमारे सहयोगी चैनल WION के रिपोर्टर सिद्धांत सिब्बल ने यह वीडियो एक्स पर शेयर किया है. वायरल वीडियो में दिख रहा है कि पीएम मोदी फिलीपींस का दौरा संपन्न करके भारत वापसी के लिए एयरपोर्ट पर पहुंचते हैं. वहां पर भारतीय दूतावास और फिलीपींस के अधिकारी उन्हें विदाई देते हैं.
फिलीपींस की पारंपरिक पोशाक (बारोंग तगालॉग) एक अधिकारी पीएम मोदी से बात कर रहा है. प्रधानमंत्री भी मुस्कराते हुए उससे बात कर रहे हैं. उनके आसपास एसपीजी कमांडोज और फिलीपींस के सुरक्षाकर्मी खड़े हैं. माहौल औपचारिक होने के बावजूद गर्मजोशी भरा है.
इसी बीच एयरपोर्ट पर मौजूद फिलीपींस के स्टाफ का समूह पीएम मोदी के साथ फोटो खिंचवाने की रिक्वेस्ट करता है. पीएम मोदी सहजता से उनके आग्रह को मान जाते हैं और ग्रुप फोटो के लिए उनकी ओर बढ़ते हैं. वे समूह में शामिल एयरपोर्ट स्टाफ को फोटो के लिए आसपास आने का इशारा करते हैं. इसके बाद सभी लोग उनके दोनों ओर खड़े हो जाते हैं और फिर ग्रुप फोटो सेशन होता है.
इसके बाद पीएम मोदी हाथ जोड़कर एक-एक एयरपोर्ट अधिकारी से नमस्ते करते हुए आगे बढ़ते हैं. इतने बड़े मुल्क के प्रधानमंत्री की ओर से अभिवादन के इस खास अंदाज से फिलीपींस के अधिकारी बहुत खुश और कृतज्ञ नजर आए. उनके चेहरे के हाव-भाव से लग रहा था कि पीएम मोदी का यह अंदाज उनके दिलों को अंदर तक छू गया था. इसके बाद वे धीरे-धीरे सीढ़िया चढ़ते हुए प्लेन में सवार होते हैं और फिर विमान भारत की ओर उड़ान भर लेता है.
पीएम मोदी के व्यक्तित्व को नजदीक से जानने वाले जानकारों के मुताबिक, आम लोगों के साथ इस तरह जुड़ना पीएम मोदी का अपना खास स्टाइल है. इससे उनकी और भारत, दोनों की छवि सुदृढ़ होती है. ग्रुप फोटो के लिए राजी होने पर फिलीपीनी अधिकारियों ने जिस तरह अपनी खुशी और उत्साह दिखाया, उससे साफ है कि पीएम मोदी जी की सरलता ने उन्हें अंदर तक प्रभावित किया. अब पीएम मोदी के इस जेस्चर की फिलीपींस और भारत, दोनों जगह चर्चा हो रही है.