App

Pushkar Mela 2026: पुष्कर के रेतीले धोरों में क्या है 'सफेद चिट्ठी' का रहस्य? एक पन्ने में छिपा लाखों के कारोबार का सच

पुष्कर के रेतीले धोरों में 'सफेद चिट्ठी' का क्या रहस्य है? करोड़ों के घोड़ों की चर्चाओं के बीच सरकारी दस्तावेज ने पशुओं की बिक्री का असली हिसाब सामने रखा है. जानिए 18 नवंबर को कितने घोड़े-ऊंट बिके, सबसे महंगा सौदा कितने में हुआ और कुल कितना कारोबार हुआ.

Pushkar Mela 2026: पुष्कर के रेतीले धोरों में क्या है 'सफेद चिट्ठी' का रहस्य? एक पन्ने में छिपा लाखों के कारोबार का सच
Image Credit: Pushkar Mela 2026

Pushkar Mela 2026: राजस्थान के पुष्कर मेले में करोड़ों रुपये के घोड़ों की चर्चाएं तो आपने खूब सुनी होंगी, लेकिन क्या आप जानते हैं कि यहां पशुओं की खरीद-बिक्री का असली हिसाब एक 'सफेद चिट्ठी' में दर्ज होता है? पुष्कर के रेतीले धोरों में लगने वाले इस विश्व प्रसिद्ध मेले की एक ऐसी ही चिट्ठी सामने आई है, जिसने पशुओं की कीमत और कारोबार की पूरी तस्वीर साफ कर दी है. 18 नवंबर 2026 को जारी इस सरकारी दस्तावेज के मुताबिक, मेले में अब तक 75 पशुओं की बिक्री हुई है, जिनसे 49 लाख 97 हजार रुपये का कारोबार हुआ है. खास बात यह है कि जहां करोड़ों के घोड़ों की चर्चा हो रही है, वहीं आधिकारिक रिकॉर्ड में इस दिन सबसे महंगा घोड़ा महज 2 लाख 92 हजार रुपये में बिका है.

आखिर क्या है पुष्कर मेले की 'सफेद चिट्ठी'?
दरअसल, सफेद चिट्ठी पशुपालन विभाग और मेला प्रशासन का एक आधिकारिक दस्तावेज है. इसमें मेले में बिकने वाले पशुओं की संख्या, नस्ल और कीमत का पूरा हिसाब दर्ज होता है. साथ ही यह भी बताया जाता है कि कितने पशु राजस्थान के अंदर बिके और कितने राज्य के बाहर के खरीदारों ने खरीदे.

ऊंटों की बिक्री में राजस्थान के खरीदार आगे
18 नवंबर को पुष्कर मेले में कुल 48 ऊंट बिके, जिनकी कीमत 14 लाख 86 हजार रुपये रही. सबसे महंगा ऊंट 52 हजार रुपये में बिका, जबकि सबसे सस्ता ऊंट 15 हजार रुपये में खरीदा गया. खास बात यह रही कि सभी 48 ऊंट राजस्थान के अंदर ही बिके. पिछले दिनों की बिक्री जोड़ें तो अब तक कुल 51 ऊंट बिक चुके हैं.

Pushkar Mela 2026

घोड़ों की बिक्री में बाहरी खरीदारों का दबदबा
सफेद चिट्ठी के मुताबिक, 18 नवंबर को कुल 20 घोड़ों की बिक्री हुई. इनमें राजस्थान के अंदर 4 घोड़े 4 लाख 65 हजार रुपये में बिके, जबकि राज्य के बाहर के खरीदारों ने 16 घोड़े 26 लाख 10 हजार रुपये में खरीदे. इस दिन सबसे महंगा घोड़ा 2 लाख 92 हजार रुपये में बिका, जबकि न्यूनतम कीमत 60 हजार रुपये रही. पिछले दिनों की बिक्री जोड़कर अब तक 24 घोड़े बिक चुके हैं.

 

गाय-भैंस और बकरियों की बिक्री शून्य
सफेद चिट्ठी में एक और दिलचस्प बात सामने आई है. 18 नवंबर को गाय, भैंस, भेड़, बकरा-बकरी और गधा-गधी की एक भी बिक्री दर्ज नहीं हुई. इन पशुओं का कारोबार पूरी तरह शून्य रहा.

एक दिन में 45 लाख से ज्यादा का कारोबार
सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, 18 नवंबर को कुल 68 पशु बिके, जिनसे 45 लाख 61 हजार रुपये का कारोबार हुआ. इनमें 52 पशु राजस्थान के अंदर और 16 राज्य के बाहर बिके. वहीं, मेले की शुरुआत से अब तक 75 पशुओं की बिक्री से कुल 49 लाख 97 हजार रुपये का कारोबार दर्ज हुआ है. यानी पुष्कर मेले में भले ही करोड़ों रुपये के घोड़ों की चर्चाएं होती हों, लेकिन 'सफेद चिट्ठी' बताती है कि वास्तव में कितने पशु बिके और किस कीमत पर उनका सौदा हुआ. हालांकि, यह रिकॉर्ड दर्ज बिक्री का है, मेले में मौजूद सभी पशुओं की संभावित कीमत का नहीं.

 

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Ansh Raj

Ansh Raj

अंश राज Zee Rajasthan में सब-एडिटर के तौर पर कार्यरत हैं. राजस्थान की हर छोटी-बड़ी खबर पर उनकी पैनी नजर रहती है. क्राइम, पॉलिटिक्स और पावर कॉरिडोर से जुड़ी खबरों में उनकी खास दिलचस्पी है. नई चीजों को सीखने की फिराक में रहते हैं. ऑपरेशन सिंदूर से लेकर विधानसभा चुनावों और प्रदेश के दिग्गज नेताओं के हर बड़े बयान तक, अंश राज खबरों की नब्ज पर नजर रखते हैं. हेडलाइन से खेलना, खबर की काट-छांट करना और किसी भी स्टोरी को ज्यादा प्रभावी और रोचक अंदाज में पेश करना उनकी खासियत है. खबर को सिर्फ लिखना नहीं, बल्कि उसे बेहतर तरीके से पैकेज कर दर्शकों तक पहुंचाना उनके काम का अहम हिस्सा है.  डिजिटल मीडिया में करीब 3 साल का अनुभव रखने वाले अंश राज इससे पहले Zee Uttar Pradesh/Uttarakhand और Zee Bharat के साथ काम कर चुके हैं. उन्होंने चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से जर्नलिज्म में मास्टर्स किया है. खबरों की गंध को सबसे पहले पहचानना, उसकी तह तक पहुंचना और उसे सबसे पहले, सबसे तेज और सबसे बेहतर तरीके से दर्शकों तक पहुंचाना... यही अंश राज की पहचान है.
Read More