UN के मंच पर दिखी पाक-बांग्लादेश की दोस्ती, तारिक रहमान से मिले शहबाज शरीफ; इन मुद्दों पर जताया सहयोग
Shehbaz Sharif and Tariq Rehman UNGA Meet: पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और बांग्लादेशी पीएम तारिक रहमान के बीच संयुक्त राष्ट्र महासभा (UNGA) में मुलाकात की. दोनों नेताओं ने आपसी सहयोग पर चर्चा की. शहबाज शरीफ ने इस मुलाकात को लेकर एक पोस्ट भी शेयर किया है.
Shehbaz Sharif and Tariq Rehman Meet: अमेरिका के न्यूयॉर्क सिटी में चल रहे संयुक्त राष्ट्र महासभा (UNGA) के दौरान पाकिस्तानी प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और बांग्लादेशी पीएम तारिक रहमान के बीच मुलाकात हुई. इस दौरान दोनों नेताओं की ओर से आपसी रिश्ते और बेहतर सहयोग के मौकों को लेकर चर्चा की गई.
शहबाज शरीफ ने तारिक रहमान के साथ अपनी मुलाकात को लेकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X'पर एक पोस्ट शेयर किया, जिसमें उन्होंने कहा,' आज सुबह न्यूयॉर्क में UNGA के दौरान बांग्लादेश के प्रधानमंत्री तारिक रहमान के साथ बेहद गर्मजोशी भरी और दोस्ताना बातचीत हुई.'
शहबाज शरीफ और तारिक रहमान की मुलाकात
पाकिस्तानी प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने आगे कहा,' हमारी बेहद उपयोगी बातचीत में प्रधानमंत्री रहमान और मैंने ट्रेड, इन्वेस्टमेंट, कनेक्टिविटी, एजुकेशन, टूरिज्म और लोगों के बीच एक्सचेंज के सेक्टर में पाकिस्तान और बांग्लादेश के बीच द्विपक्षीय सहयोग को और मजबूत करने पर सहमति जताई. साथ ही, हमने क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों और बहुपक्षीय मंचों पर भी दोनों देशों के बीच करीबी तालमेल बनाए रखने का फैसला किया.'
विदेश मंत्री को दी बधाई
शहबाज शरीफ ने अपनी पोस्ट में बांग्लादेश के विदेश मंत्री खलील-उर-रहमान को भी 81वें UNGA की अध्यक्षता संभालने पर बधाई दी. उन्होंने UNGA के सफल संचालन में इस्लामाबाद के समर्थन का विश्वास दिलाया.
पाकिस्तानी पीएम के ऑफिस ने भी अपने 'X' समर्थन दोनों देशों के प्रधानमंत्रियों की ओर से द्विपक्षीय संबंधों की समीक्षा की बात बताई. इसके अलावा पाक-बांग्लादेश के रिश्तों में आई सकारात्मक गति पर संतोष जाहिर किया.
बांग्लादेश-पाकिस्तान संबंध पर की चर्चा
बांग्लादेश की ओर से जारी बयान में कहा गया कि पीएम तारिक रहमान ने न्यूयॉर्क में पाकिस्तानी पीएम शहबाज शरीफ से भी मुलाकात की. तारिक रहमान के असिस्टेंट प्रेस सेक्रेटरी केएम नजमुल हक के अनुसार, यह बैठक गुरुवार ( 24 सितंबर 2026) सुबह UN के हेडक्वार्टर में हुई. नजमुल के मुताबिक, दोनों नेताओं ने बांग्लादेश-पाकिस्तान के रिश्तों के अलग-अलग पहलुओं के साथ-साथ क्षेत्रीय समेत अंतरराष्ट्रीय घटनाओं पर भी चर्चा की.
इन विषयों पर बनी सहमति
असिस्टेंट प्रेस सेक्रेटरी ने कहा कि दोनों नेताओं ने उन सेक्टर्स पर भी चर्चा की, जिसमें बांग्लादेश-पाकिस्तान अपनी जनता के लाभ के लिए मिलजुल कर काम कर सकते हैं. नजमुल ने बताया कि दोनों पीएम ने आपसी समझ, सम्मान और सहयोग के आधार पर रिश्ते मजबूत करने पर जोर दिया. वे साझा हितों और लगातार बातचीत-संवाद रखने की आवश्यकताओं पर सहमत हुए. विदेश मंत्री खलीलुर रहमान और तारिक रहमान के साथ ही संयुक्त राष्ट्र (UN) में वित्त मंत्री अमीर खोसरू महमूद चौधरी और राज्य मंत्री हुमायूं कबीर समेत बांग्लादेश की स्थायी प्रतिनिधि आइरीन खान भी शामिल हुईं थीं.