पाकिस्तान के तरबेला डैम पर बांध टूटा, मच सकती थी बड़ी तबाही; चीनी प्रोजेक्ट पर लगा ताला!
पाकिस्तान के तरबेला डैम पर बड़ा हादसा टल गया. बांध टूटने और पानी के रिसाव के खतरे के बाद वहां चल रहे चीनी प्रोजेक्ट पर ताला लगा दिया गया है, जिससे बड़ी तबाही टल गई है.
पाकिस्तान के तरबेला बांध की 'टी-5 हाइड्रोपावर प्रोजेक्ट' साइट पर सोमवार को एक बड़ा हादसा हो गया. टनल की खुदाई के दौरान एक सुरक्षा वाला बांध टूट गया, जिससे पानी तेजी से टनल और निर्माणाधीन पावरहाउस क्षेत्र में भर गया. इस घटना के तुरंत बाद निर्माण कार्य को अनिश्चित काल के लिए रोक दिया गया है. अधिकारियों और जल एवं बिजली विकास प्राधिकरण (WAPDA) ने घटना का ब्योरा साझा करते हुए स्थिति पर नजर बनाए रखने की बात कही है.
WAPDA द्वारा जारी आधिकारिक बयान के अनुसार, यह हादसा उस समय हुआ जब कर्मचारी 'सेकंड बेंच कनेक्टिंग टनल' की खुदाई कर रहे थे. टनल के भीतर की कमजोर चट्टानों का एक हिस्सा अचानक ढह गया. इसके बाद पास के 'इंटेक पिट' से बड़ी मात्रा में पानी टनल और पावरहाउस क्षेत्र में घुस गया. प्रशासन और जल प्राधिकरण ने तुरंत कार्रवाई की. WAPDA ने स्पष्ट किया कि अब इंटेक पिट से सारा पानी पूरी तरह से निकाल लिया गया है और आगे किसी भी निर्माण स्थल पर पानी का रिसाव नहीं हो रहा है. इसके साथ ही, निर्माणाधीन पावरहाउस में भरे पानी को पंप के जरिए बाहर निकालने का काम शुरू कर दिया गया है.
मजदूरों का सुरक्षित रेस्क्यू और स्थिति
हादसे की खबर मिलते ही हरिपुर के डिप्टी कमिश्नर वसीम अहमद ने तुरंत घटनास्थल का दौरा किया. उन्होंने पुष्टि की कि तटबंध टूटने की वजह से ही पानी टनल के अंदर दाखिल हुआ था. घटना के तुरंत बाद स्थानीय प्रशासन और रेस्क्यू टीमों ने तत्परता दिखाते हुए वहां काम कर रहे सभी पाकिस्तानी और विदेशी मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया.
हालांकि, टनल में तेजी से पानी भरते समय एक पाकिस्तानी मजदूर पानी के तेज बहाव में बह गया था, लेकिन रेस्क्यू टीम ने समय रहते उसे सुरक्षित बचा लिया. राहत की बात यह है कि इस हादसे में किसी भी तरह के जान-माल के नुकसान की खबर नहीं है. स्थिति को संभालने और आगे की रणनीति तय करने के लिए WAPDA के वरिष्ठ अधिकारी, इंजीनियर और ठेकेदार कंपनी की टीम साइट पर मौजूद है.
सोशल मीडिया की खबरों पर WAPDA का स्पष्टीकरण
घटना के बाद टनल ढहने की कुछ अफवाहें भी सामने आई थीं. इस पर WAPDA ने साफ किया कि मुख्य टनल, निर्माणाधीन पावरहाउस, टेलरेस कलवर्ट या स्विच यार्ड को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है. स्थिति नियंत्रण में है और नुकसान का आकलन किया जा रहा है.
उच्च स्तरीय जांच के आदेश
डिप्टी कमिश्नर वसीम अहमद ने बताया कि हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए एक उच्च स्तरीय जांच शुरू कर दी गई है. यह जांच समिति इस बात की गहनता से पड़ताल करेगी कि सुरक्षा तटबंध आखिरकार क्यों टूटा—क्या इसके पीछे कोई ढांचागत (स्ट्रक्चरल) कमजोरी थी या कोई तकनीकी खराबी हुई थी. उन्होंने बताया कि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही निर्माण कार्य को दोबारा शुरू करने और आगे के कदमों पर फैसला लिया जाएगा.
नेपाल में ऐसे हादसे में 500 से ज्यादा लोगों ने गंवाई थी जान
ऐसा ही हादसा नेपाल में अगस्त महीने की अंतिम सप्ताह में हुआ था. इस हादसे में 550 से भी ज्यादा लोगों ने अपनी जान गंवाई थी. ये हादसा तिब्बत के ल्हासा इलाके को नेपाल की राजधानी काठमांडू से जोड़ने वाले उन पहाड़ी इलाकों में आई थी जहां बड़ी संख्या में ट्रेकर्स और तीर्थयात्री आते-जाते हैं. इस हादसे में लगभग 2000 लोग लापता भी हो गए थे.
नेपाल हादसे में 537 विदेशी नागरिक हुए थे लापता
बीबीसी की रिपोर्ट के मुताबिक अधिकारियों ने लापता 537 विदेशी नागरिकों की एक सूची जारी की थी, जिसमें भारत के 178 नागरिक, अमेरिका के 65 नागरिक, यूक्रेन के 53 नागरिकों के अलागा 51 मलेशियाई, 33 ऑस्ट्रेलियाई और 33 ब्रिटिश नागरिक शामिल थे. नेपाल की सेना के जारी किए गए आधिकारिक बयान के मुताबिक इस त्रासदी में सबसे ज्यादा प्रभावित इलाक़ों से 900 लोगों को बचाया गया है, इनमें 119 पर्यटक भी शामिल हैं.
क्या है Tarbela T-5 प्रोजेक्ट और क्यों है यह खास?
तरबेला 5th एक्सटेंशन हाइड्रोपावर प्रोजेक्ट WAPDA की एक बहुत ही महत्वाकांक्षी योजना है. इसका मुख्य उद्देश्य तरबेला बांध की टनल नंबर 5 का इस्तेमाल करके बिजली उत्पादन क्षमता को बढ़ाना है.
क्षमता: इस प्रोजेक्ट के तहत 510-510 मेगावाट की तीन इकाइयां लगाई जानी हैं, जिससे कुल 1,530 मेगावाट अतिरिक्त बिजली पैदा होगी.
बिजली उत्पादन: काम पूरा होने पर इससे हर साल औसतन 1.347 अरब यूनिट बिजली पैदा होने की उम्मीद है.
कुल क्षमता में बढ़ोतरी: इसके चालू होने से तरबेला बांध की कुल बिजली उत्पादन क्षमता 4,888 मेगावाट से बढ़कर 6,418 मेगावाट हो जाएगी.
इस बांध की लागत और ठेका
मई 2021 में WAPDA ने इस प्रोजेक्ट के सिविल वर्क्स का काम चीन की मशहूर कंपनी 'पावर कंस्ट्रक्शन कॉरपोरेशन ऑफ चाइना लिमिटेड' को $354.6 मिलियन (लगभग 35.4 करोड़ डॉलर) में सौंपा था. इस पूरे प्रोजेक्ट की मंजूरशुदा लागत $807 मिलियन है. इसके निर्माण के लिए विश्व बैंक $390 मिलियन और एशियन इंफ्रास्ट्रक्चर इन्वेस्टमेंट बैंक (AIIB) $300 मिलियन की वित्तीय सहायता दे रहे हैं.
प्रोजेक्ट में पहले भी आ चुकी हैं रुकावटें
यह पहली बार नहीं है जब तरबेला T-5 प्रोजेक्ट का काम अटका हो. शुरुआती 5 साल के प्लान के मुकाबले अब इसकी डेडलाइन बढ़ाकर सितंबर 2027 कर दी गई है. सितंबर 2024 में एक सीनेट समिति को बताया गया था कि सिंधु नदी प्रणाली प्राधिकरण से टनल 5 को बंद करने की एनओसी मिलने में देरी की वजह से प्रोजेक्ट लेट हुआ. इससे पहले, अगस्त 2025 में भी जलाशय का जलस्तर बढ़ने और पानी का इनफ्लो तेज होने के कारण साइट पर पानी भर गया था, जिससे कुछ समय के लिए काम रोकना पड़ा था. फिलहाल, जांच रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है ताकि सुरक्षा इंतजामों को पुख्ता करके काम को दोबारा शुरू किया जा सके.
यह भी पढ़ेंः लैब पार्टनर से टेक टाइकून की पत्नी तक: कौन हैं Nvidia CEO जेंसन हुआंग की हमसफर लोरी मिल्स? 41 साल बाद मिला धोखा