एनवीडिया के जेनसन हुआंग की ‘लव’ मिस्ट्री: कांग वेई की एंट्री! कौन है एलिस का 'सीक्रेट' पति, चीन से क्या है कनेक्शन?
'इश्क और मुश्क छिपाए नहीं छुपते' यानी मोहब्बत की कस्तूरी की खुशबू छिपाई नहीं जा सकती. इसकी ताजा मिसाल बने हैं, Nvidia के सीईओ जेनसन हुआंग. जिनकी हालत कुछ ऐसी हो गई है कि उनके प्यार और बेवफाई के किस्से दुनियाभर में वायरल हो रहे हैं. अब उनकी प्रेमिका एलिस हुआंग के सीक्रेट पति की चर्चा जोर-शोर से हो रही है.
Nvidia के CEO जेनसन हुआंग और उनकी प्रेमिका एलिस हुआंग की प्रेम कहानी को बहुत से लोग नमक-मिर्ची लगाकर चटखारों के साथ सुन और सुना रहे हैं. कहीं पर उनके पुराने वीडियो की बातें हो रही हैं तो कुछ लोग उनके निजी रिश्ते को लेकर तरह-तरह की अटकलों के हवाले से चुगली-चपाटी करते हुए निंदा रस का मजा ले रहे हैं. इसी कथित प्रेम कहानी से जुड़ा एक वीडियो वायरल हो रहा है. जिसमें जेनसन, ताइवान के एक रेस्टोरेंट में चल रही पार्टी में एलिस की कमर में हाथ डाले झूम रहे हैं. इसी वीडियो में आगे एलिस उनके गाल पर किस करती नजर आ रही हैं.
इंटरनेशल सुर्खियां बटोरने वाली प्रेम कहानियां
Nvidia के सीईओ जेनसन हुआंग की पत्नी का नाम लोरी हुआंग है. लोरी हुआंग का करियर भी चिप और टेक्नोलॉजी सेक्टर से जुड़ा रहा है. उन्होंने दुनिया की बड़ी टेक कंपनी हेवलेट-पैकार्ड यानी HP में काम किया था. जहां वो माइक्रोचिप डिजाइनर थीं.
खैर, खून, खांसी, खुशी, बैर, प्रीति, मदपान. रहिमन दाबे न दबै, जानत सकल जहान. यानी जीवन में कुछ चीजें ऐसी होती हैं जिन्हें चाहकर भी छिपाया नहीं जा सकता, समय आने पर खुद-ब-खुद वो सबके सामने आ जाती हैं. ऐसा ही एक हाई प्रोफाइल अफेयर कम लव स्कैंडल पिछले साल भी सामने आया था. जगह वही अमेरिका ही थी, लेकिन रिश्तों को धोखा देने वाले जोड़े अलग-अलग थे.
पहले भी सामने आ चुके हैं हाई प्रोफाइल लव स्कैंडल्स
अमेरिका की सॉफ्टवेयर और डेटा कंपनी एस्ट्रोनॉमर के तत्कालीन सीईओ एंडी बायरन एक लाइव कॉन्सर्ट की बड़ी स्क्रीन पर अपनी ही कंपनी की एचआर हेड के साथ बांहों में बांहें डाले और किस करते हुए रंगे हाथों पकड़े गए थे. 2025 में उनकी प्रेम कहानी दुनियाभर की सुर्खियों में थी. 2026 में एनवीडिया के सीईओ की जगहंसाई हो रही है.
एनवीडिया वाली प्रेम कहानी एआई कंपनी और चिप से जुड़ी होने के चलते ज्यादा संवेदनशील थी तो दुनियाभर में उसको लेकर तरह-तरह की बतकही हो रही है.
एक नहीं दो-दो अफेयर
एनवीडिया वाले सीईओ जेनसन हुआंग अपनी ही कंपनी में सीनियर पोस्ट पर काम करने वाली महिला से चक्कर चला रहे थे. उनके अवैध एक्स्ट्रा मैरिटल संबंधों का खुलासा न्यूज़ एजेंसी रॉयटर्स समेत तमाम मीडिया रिपोर्ट्स में हुआ है. द न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट में भी Nvidia की हेल्थकेयर विभाग की वाइस प्रेसिडेंट किम्बर्ली पॉवेल के साथ भी जेनसन के कथित अफेयर का दावा किया गया है.
जेनसन को भले ही ये बात न पता हो कि वो जिस एलिस के साथ इश्क के पेंच लड़ा रहे हैं वो जासूस हो सकती है. जेनसन अगर अपनी पत्नी को धोखा दे रहे थे तो जो महिला उनके साथ कथित अफेयर चला रही है उस एलिस के पति कौन हैं, आइए अब उसकी कुंडली खंगालकर आपको बताते हैं.
'सीक्रेट' हसबैंड
सीईओ साहब की प्रेमिका एलिस की निजी जिंदगी के बारे में लोग जानना चाहते हैं. चीनी मीडिया की तमाम रिपोर्ट्स खंगालने पर उनके ‘सीक्रेट’ पति की कहानी खुलकर सामने आती है. एलिस के कथित सीक्रेट पति का नाम कांग वेई है. कांग एक फंड मैनेजर हैं, जिन्हें इसी साल 2026 की शुरुआत में शंघाई पुलिस द्वारा हिरासत में लिए जाने की खबरें आई थी.
चीनी कारोबारी कांग की एनवीडिया के सीईओ जेनसन से पुरानी जान-पहचान है. बताया जाता है कि दोनों की पहली मुलाकात 2010 में हुई थी. कांग ने ही अपनी वाइफ एलिस की मुलाकात जेनसन से कराई थी.
कौन हैं कांग वेई?
कांग का जन्म 1970 के दशक में हुआ था. किसी जमाने में उन्हें बेस्ट फंड मैनेजर और म्यूचुअल फंड सेक्टर का उभरता हुआ सितारा माना जाता था. स्टैंडर्ड की एक रिपोर्ट के मुताबिक, कांग ने महज 32 साल की उम्र में Zhonghai Fund की कमान संभाली थी. इसके साथ ही वो चीन में किसी फाइनेंशियल कंपनी का नेतृत्व करने वाले सबसे कम उम्र के मुखिया बन गए थे. आगे चलकर कांग ने शंघाई स्थित निवेश कंपनी हेक्साई इन्वेस्टमेंट की स्थापना की.
हालांकि, बीते कुछ सालों में कांग की किस्मत ने पलटा खाया तो उनके करियर का डाउनफाल शुरू हो गया. 2018 में कांग की कंपनी पर 2.6 मिलियन डॉलर का जुर्माना तक लगाया गया था. चीनी मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, कांग को बीते कुछ महीनों में आपराधिक कार्रवाई के साथ-साथ अलग-अलग नियामकीय कार्रवाई का भी सामना करना पड़ रहा है.
कांग और एलिस कहां मिले?
फाइनेंशियल टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, कांग ने 2010 में प्राइवेट इक्विटी ग्रुप हेक्साई कैपिनट की शुरुआत की थी. इसके करीब पांच साल बाद एलिस भी उनकी कंपनी से जुड़ गई थीं.
चीन की फाइनेंशियल समाचार वेबसाइट Caixin के मुताबिक, एलिस ने 2015 में कंपनी की मुख्य शेयरधारक और वरिष्ठ अधिकारी के तौर पर काम किया. एलिस ने कांग के साथ मिलकर कई प्राइवेट इक्विटी फंड्स का मैनेजमेंट किया. Caixin से जुड़े सूत्रों ने बताया कि दोनों पति-पत्नी थे. हालांकि, फिलहाल उनके रिश्ते की मौजूदा स्थिति साफ नहीं है.
कांग की उस कंपनी के निवेश का दायरा अब टेक सेक्टर तक फैल चुका है. इसमें गेमिंग इंडस्ट्री से लेकर डेटा सेंटर तक शामिल हैं.