AI का बढ़ता जाल, पर्यावरण का बिगड़ता हाल: डेटा सेंटर्स के खिलाफ सड़कों पर उतरे लोग, स्कॉटलैंड में संसद के बाहर भारी बवाल
स्कॉटलैंड की राजधानी एडिनबर्ग में एआई डेटा सेंटर्स के खिलाफ लोग सड़कों पर उतरे हैं और वह इन प्रोजेक्ट को रद्द करने की मांग कर रहे हैं. लोगों का दावा है कि इन डेटा सेंटर्स से पर्यावण को नुकसान पहुंचेगा.
स्कॉटलैंड की राजधानी एडिनबर्ग में बड़े स्तर पर प्रदर्शन देखने को मिले हैं. देश भर में बड़े एआई डेटा सेंटर्स बनाने के खिलाफ लोग सड़कों पर हैं. बताया जाता है कि स्कॉटलैंट में सरकार ने बड़े-बड़े डेटा सेंटर्स बनाने का ऐलान किया है, जिसको लेकर लोगों को पर्यावरण को होने वाले भारी नुकसान की चिंता सता रही है. यही कारण है कि बड़े-बड़े पोस्टर्स लेकर प्रदर्शनकारी सड़कों पर हैं.
दरअसल, एडिनबर्ग के रॉयल माइल इलाके में रविवार को लोग बड़ी संख्या में एकत्र हुए, इसके बाद प्रदर्शनकारियों ने स्कॉटिश संसद की ओर मार्च किया. लोगों के हाथों में जो तख्तियां थीं, उसपर नारे लिखे, जिसमें कहा गया, 'एआई डेटा सेंटर्स मानवता के लिए खतरा हैं'. कुछ लोग अपने घरों के पास बन रहे डेटा सेंटर्स का विरोध करने के लिए पहुंचे थे. इनमें कोकेन्जी, ईस्ट लोथियन और लारबर्ट (फॉलकिर्क) जैसे इलाके शामिल हैं.
लोगों को सता रही इस बात की चिंता
'Say No to the Chapelcross AI Data Centre' के बैनर तले यह विरोध प्रदर्शन किया गया और लोगों ने पर्यावरण को लेकर अपनी चिंताएं जाहिर कीं. कार्यकर्ता किम केर्न्स का कहना है कि निर्माण के दौरान होने वाले शोरगुल से समुदाय परेशान है. इस दौरान सड़कें बंद होने और आवाजाही की समस्या की चिंता भी सता रही है. उनका दावा है कि सेंटर चालू होने के बाद भी मशीनरी का भारी शोर रहेगा.
लोगों का जीवन दिक्कतों भरा होगा
किम का दावा है कि इन डेटा सेंटर्स के बनने से किसी का जीवन बेहतर नहीं होगा. उन्होंने चैपलक्रॉस प्रोजेक्ट के विशाल आकार और बिजली की भारी मांग पर सवाल उठाए। कहा कि फिलहाल इस जगह पर हरी-भरी घास है, जहां पर भेड़ और गाय चरती हैं. पर्यावरण के लिए यह बहुत बड़ा खतरा है. इससे हवा और रोशनी का प्रदूषण फैलेगा, जिसकी हमें कोई जरूरत नहीं है.
एआई का विकास, मनुष्य के विनाश का कारक
गौरतलब है कि एआई को अभी तक की सबसे बड़ी तकनीक क्रांति के तौर पर देखा जा रहा है. हालांकि, कुछ लोगों की चेतावनी है कि अगर इसका विकास इसी गति से जारी रहा, तो अगले दशक में यह इंसानों की जगह ले सकता है. स्कॉटलैंड में हो रहे प्रदर्शन एआई नहीं, एआई के डेटा सेंटर्स के खिलाफ हो रहे हैं. लोगों का दावा है कि एआई डेटा सेंटर्स के कारण पर्यावण को काफी नुकसान पहुंचेगा.
बता दें कि वर्तमान में स्कॉटलैंड का सबसे बड़ा डेटा सेंटर्स एयरड्री में बना है, जिसकी क्षमता 12 मेगावाट है. वहीं, नया 1000 मेगावाट का डेटा सेंटर चैपलक्रॉस में प्रस्तावित है. माना जा रहा है कि यह दुनिया के सबसे बड़े डेटा सेंटर्स में से एक होगा. इन्ही डेटा सेंटर्स के खिलाफ लोग सड़कों पर हैं.
यह भी पढ़ें: IPL के फाउंडर ललित मोदी को मिली ब्रिटिश नागरिकता, 16 साल पहले भारत छोड़ने के बाद अब किया बड़ा ऐलान