'हिंद महासागर में सुरक्षा की गारंटी है इंडिया'....ढाका की सरजमीं से भारत की तारीफ में मालदीव के पूर्व राष्ट्रपति ने क्यों पढ़े कसीदे?
ढाका की सरजमीं पर खड़े होकर मालदीव के पूर्व राष्ट्रपति मोहम्मद नशीद ने भारत की तारीफ में कुछ ऐसा कहा कि मेजबान बांग्लादेश बस देखता रह गया. उन्होंने भारत को पूरे हिंद महासागर और दक्षिण एशिया में सुरक्षा की इकलौती गारंटी बताया है.
मालदीव के पूर्व राष्ट्रपति मोहम्मद नशीद ने ढाका में खड़े होकर भारत की तारीफ में कसीदे पढ़े हैं. उन्होंने दक्षिण एशिया और हिंद महासागर की सुरक्षा पर अपनी बात रखी. नशीद ने कहा कि इलाके में शांति और स्थिरता के लिए भारत की मौजूदगी बेहद जरूरी है, इसके साथ ही उन्होंने माना कि मालदीव की आर्थिक तरक्की और खुशहाली के लिए भी भारत की भूमिका सबसे अहम है. उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि मालदीव के अस्तित्व और उसकी हिफाजत के लिए भारत का साथ होना बहुत जरूरी है. इस बयान के जरिए उन्होंने साफ कर दिया कि भारत से दूरी बनाकर कोई भी छोटा देश अपनी जनता की तरक्की और सुरक्षा सुनिश्चित नहीं कर सकता.
मालदीव के पूर्व राष्ट्रपति मोहम्मद नशीद ढाका में आयोजित अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन 'बे ऑफ बंगाल कन्वर्सेशन' में शामिल होने पहुंचे थे. यहां उन्होंने दक्षिण एशिया और हिंद महासागर की सुरक्षा में भारत की भूमिका को अहम बताया. समाचार एजेंसी एएनआई से बातचीत में उन्होंने कहा, 'सुरक्षा हो या आर्थिक खुशहाली, छोटे द्वीपीय देशों के लिए भारत के बिना आगे बढ़ना संभव नहीं है.'
'भारत की तेज रफ्तार तरक्की से जुड़ना जरूरी'
हिंद-प्रशांत और हिंद महासागर क्षेत्र में भारत की मौजूदगी पर नशीद ने कहा, 'हम सभी की अपनी भूमिकाएं हैं, लेकिन हमारी सुरक्षा और हिफाजत के लिए हमें भारत की जरूरत है. इंडिया बहुत तेजी से डेवलप हो रहा है और हमें उस डेवलपमेंट में शामिल होना होगा, आखिरकार, यह हमारे अपने लोगों की खुशहाली के लिए है.'
छोटे देशों की आवाज भी ध्यान से सुनता है भारत
पूर्व राष्ट्रपति का यह बयान ऐसे वक्त आया है जब हिंद महासागर में कूटनीतिक समीकरण तेजी से बदल रहे हैं. इलाके में सुरक्षा से जुड़ी चिंताएं भी लगातार बढ़ती जा रही हैं. उन्होंने भारतीय नेतृत्व के रुख की तारीफ करते हुए कहा, 'मैंने हमेशा देखा है कि मैं किसी भी भारतीय अधिकारी से अपनी बात रख सकता हूं और वे सुनते हैं. हम बहुत छोटे देश हैं, लेकिन फिर भी वे हमारी बात को तवज्जो देते हैं.'
भारत-बांग्लादेश को दी मतभेद सुलझाने की सलाह
भारत और बांग्लादेश के मौजूदा संबंधों पर बोलते हुए नशीद ने संक्षेप में दोनों देशों को अपने मतभेद सुलझाने की सलाह दी और कहा, 'मैं इस पर बहुत कुछ कह सकता हूं, लेकिन सीधे शब्दों में कहूं तो कृपया आपस में पैच-अप कर लीजिए.'
मुइज्जू के 'इंडिया आउट' से यू-टर्न पर तीखा तंज
मालदीव के मौजूदा राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज्जू ने चुनाव प्रचार के दौरान जोर-शोर से 'इंडिया आउट' कैंपेन चलाया था, लेकिन सत्ता में आते ही वह वापस भारत के साथ मिलकर काम करने लगे हैं. इस बदलाव पर नशीद ने तीखा तंज कसा. उन्होंने कहा, 'जब आपको चुनाव जीतना होता है, तब आप कुछ भी बोल सकते हैं, लेकिन एक बार कुर्सी पर बैठते ही समझ आ जाता है कि हवा-हवाई बातें नहीं चलतीं. सरकार चलाने के लिए जमीनी हकीकत से तालमेल बिठाना ही पड़ता है.'
ये भी पढ़ें: कोरोना के बाद अब प्लेग का खौफ? रूस की लैब में वैज्ञानिक की मौत के बाद हड़कंप! कितना खतरनाक है यह बैक्टीरिया?