पेट्रोल छिड़ककर भारतीय रेस्तरां में लगाई थी आग, झुलस गया था कपल, कोर्ट ने दो नाबालिगों को सुनाई 10-10 साल के कैद की सजा
UK Indian Restaurant Fire News: लंदन में एक भारतीय रेस्तरां में तीन हमलावरों ने पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी थी. इस घटना में एक कपल बुरी तरह झुलस गया था. अदालत ने इस मामले में दो नाबालिगों को 10-10 साल कैद की सजा सुनाई है.
UK Indian Restaurant Fire Case Court Verdict: लंदन में पिछले साल एक भारतीय रेस्तरां में आग लगाकर कई लोगों की जान खतरे में डालने के आरोप में दो किशोरों को कोर्ट ने 10-10 साल की कड़ी कैद की सजा सुनाई है. दोनों आरोपियों की उम्र 17 साल है, जिसकी वजह से उनका नाम सार्वजनिक नहीं किया गया है. कोर्ट ने कड़ी टिप्पणी करते हुए कहा कि आरोपियों ने सोच-विचार कर लोगों से भरे रेस्तरां में आग लगाने का फैसला किया. वे जानते थे कि ऐसा करने से कई लोग मर सकते हैं. इसके बावजूद उन्होंने कोई रहम नहीं दिखाया. लिहाजा वे किसी भी तरह की माफी के काबिल नहीं हैं.
यह एक सुनियोजित और पेशेवर अटैक था- जज
जज माइकल ग्रीव्स केसी ने फैसला सुनाते हुए कहा, 'यह एक पेशेवर और सुनियोजित अटैक था. आरोपियों ने इस वारदात को बहुत ठंडे दिमाग से अंजाम दिया. वे जानते थे कि ऐसा करने से रेस्तरां में बैठे लोगों की मौत हो सकती है. वे इस घटना के अंजाम से पूरी तरह वाकिफ थे. इसके बावजूद वे वारदात से पीछे नहीं हटे. इसमें कोई संदेह नहीं है कि यह सब किसी बड़े और अनुभवी अपराधी के इशारे पर किया गया. उस अपराधी की पहचान होना अभी बाकी है. लेकिन तब तक आरोपियों को अपने किए की सजा भुगतनी होगी.'
क्या हुई थी घटना?
लंदन में बने एक भारतीय रेस्तरां 'इंडियन अरोमा' में पिछले साल अगस्त में तीन नकाबपोश हमलावर घुस गए थे. उनमें से 2 के हाथ में तलवार और लंबे छुरे थे. जबकि तीसरे के हाथ में पेट्रोल से भरी केन थी. अंदर घुसते ही दो हमलवारों ने तलवार और छुरा लहराकर खाना खा रहे लोगों को अपनी कुर्सियों पर बैठे रहने का आदेश दिया. इसके बाद तीसरे हमलावर ने मेज, कुर्सियों, फर्श, फर्नीचर समेत पूरे रेस्तरां में पेट्रोल की पूरी कैन खाली कर दी.
रेस्तरां में पेट्रोल छिड़कर लगा दी थी आग
फिर तीनों हमलावर तुरंत ही बाहर गए और दरवाजा बंद करके अंदर माचिस की जलती तीली फेंक दी. तीली फेंकते ही रेस्तरां में तेज झटके के साथ आग का गोला फैल गया. अचानक हुई आगजनी की वजह से 20 साल की एक महिला के कपड़े जलकर उसके बदन से चिपक गए, जिससे वह 50 फीसदी जल गई. उसके पति का भी यही हाल हुआ. बाहर भागने की कोशिश में वह 51 प्रतिशत तक जल गया.
पति-पत्नी को डेढ़ महीने बाद आया होश
दोनों पति-पत्नी बेहोश होकर कोमा में पहुंच गए, जहां करीब डेढ़ महीने बाद उन्हें होश आया. हमले की वजह से उनके चेहरे, हाथ-पैर बुरी तरह जल गए, जो अब कभी अपने नेचुरल शेप में नहीं आ पाएंगे. वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों हमलावर वहां से भाग खड़े हुए. सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस और फायर ब्रिगेड ने हालात पर काबू पाया. लेकिन तब तक रेस्तरां पूरा जल चुका था.
दो आरोपियों को 10-10 साल जेल की सजा
इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और मुखबिरों से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने 2 किशोरों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की. दोनों ने वारदात में अपना हाथ होने से इनकार किया. लेकिन करीब 7 सप्ताह तक चले मुकदमे में जूरी सदस्यों ने सभी तथ्य और सबूत देखने के बाद उन्हें आगजनी और दूसरों के जीवन को खतरे में डालने का दोषी पाया. जिसके बाद उनका मुकदमा कोर्ट में चला गया. वहां पर अदालत ने लंबी सुनवाई के बाद अब उन्हें 10-10 साल की कड़ी कैद की सजा सुना दी है.