दुनिया को AI देने वाले जेनसन हुआंग का ये कैसा 'अवतार'? मीटिंग में गाली, कर्मचारियों को धमकी और बोतल फेंकने तक के आरोप
एनवीडिया के पूर्व सीईओ जेनसेन हुआंग दोहरा चेहरा लेकर जी रहे थे. वे पब्लिक में अपना विनम्र चेहरा दिखाते थे, लेकिन कंपनी की बैठकों में कर्मचारियों को सबके सामने जलील करने से बाज नहीं आते थे.
चिप बनाने वाली अमेरिकी कंपनी एनवीडिया के पूर्व सीईओ जेनसेन हुआंग लगातार विवादों के घेरे में हैं. उनके बारे में ऐसे कई खुलासे हो रहे हैं, जिन्होंने टेक जगत को हिलाकर रख दिया है. अपनी सार्वजनिक छवि, सादगी और ट्रेडमार्क बन चुकी काली लेदर जैकेट पहनने वाले हुआंग ने एनवीडिया को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस चिप निर्माण में टॉप पर पहुंचाया था. लेकिन अब उनकी यह प्रतिष्ठा धूल में मिल चुकी है. उनकी निजी जिंदगी से जुड़े तीन अवैध संबंधों का हाल में राज खुला है, जिसके बाद उन्हें अपने पद से इस्तीफा देना पड़ा है.
दोहरे चरित्र के व्यक्ति के जेनसन हुआंग!
न्यूयॉर्क पोस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक, जेनसेन हुआंग दोहरे चरित्र के व्यक्ति थे. सार्वजनिक कार्यक्रमों और टीवी में दिए जाने वाले इंटरव्यू में वे अक्सर अपने शुरुआती संघर्षों का जिक्र करते थे. वे बताते थे कि गुजारा करने के लिए उन्होंने रेस्टोरेंट में बर्तन और शौचालय तक साफ किए. इसके बाद कहीं जाकर वे यह साम्राज्य खड़ा कर पाए.
लेकिन इस सादगी भरी छवि के विपरीत, कंपनी के भीतर का माहौल पूरी तरह से अलग था. कार्यस्थल पर वे बेहद सख्त और गुस्सैल मिजाज के व्यक्ति रहे. मैराथन बैठकों के दौरान वे अपने कर्मचारियों पर बेहद क्रूरता से चिल्लाते थे. इसके साथ ही, सहयोगियों के सामने उन्हें नीचा दिखाते थे.
मीटिंग में वाइस प्रेसिडेंट को किया जलील!
एक अहम घटना का उल्लेख करते हुए रिपोर्ट में बताया गया कि इस साल फरवरी में हुआंग ने बंद कमरे में कंपनी के टॉप ऑफिशियल के साथ एक अहम बैठक की थी. उस बैठक में 30 से ज्यादा वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे. उस मीटिंग में हुआंग ने एनवीडिया के तत्कालीन एग्जीक्यूटिव वाइस प्रेसिडेंट (वर्ल्डवाइड फील्ड ऑपरेशंस) जे पूरी को सबके सामने जलील किया.
हुआंग ने जे पूरी को यहां तक कह दिया कि वे चाहते हैं कि उन्हें गंभीर फ्लू हो जाए, जिससे सभी को उनसे मुक्ति मिले. इसके साथ ही, उन्होंने जे पूरी के लिए और भी अपमानजनक शब्द कहे. इतना अपमान सहने पर भी जे पूरी शांत रहे और कोई जवाब नहीं दिया. लेकिन उस बैठक में मौजूद बाकी अधिकारी इस बर्ताव को देखकर दंग रह गए. कोई भी उनके इस व्यवहार का विरोध करने का साहस नहीं जुटा सका. कर्मचारियों में हुआंग के लिए इतना खौफ था कि कोई भी उनके खिलाफ बोलने की हिम्मत नहीं जुटा पाता था.
तीन महिलाओं के साथ रहा जेनसन का संबंध
न्यू यॉर्क टाइम्स की एक रिपोर्ट के मुताबिक, जेनसन हुआंग का तीन अलग-अलग महिलाओं के साथ अवैध संबंध था. इनमें से सबसे गंभीर आरोप सिंगापुर स्थित कंपनी 'मेगास्पीड' की पूर्व कार्यकारी एलिस हुआंग के साथ अफेयर का है, जिसे चीनी खुफिया एजेंट माना जा रहा है. अमेरिकी अधिकारियों के मुताबिक, एलिस हुआंग चीनी खुफिया तंत्र की सदस्य थी, जिसने चिप सेक्टर के राज जानने के लिए सुनियोजित तरीके से जेनसन को हनीट्रैप में फंसाया.
ये भी पढ़ें- जेनसन हुआंग की प्रेम कहानी बनी अमेरिका के लिए 'खतरा', रुबियो ने ट्रंप को किया था आगाह!
इन गंभीर खुलासों के बाद जेनसेन हुआंग एनवीडिया के सीईओ पद से इस्तीफा दे चुके हैं. उन्होंने 8 नवंबर को कर्मचारियों को एक ईमेल संदेश भेजा, जिसमें उन्होंने अपनी गलती स्वीकार की. उन्होंने लिखा कि वे अपनी पत्नी के प्रति वफादार नहीं रहे और उनके इस कृत्य से उनके परिवार को गहरा आघात पहुंचा है. हुआंग ने अपनी इस गलती के लिए सार्वजनिक रूप से माफी मांगी.
हुआंग के पतन से अमेरिका को झटका
हुआंग के इस्तीफे के बाद, एनवीडिया बोर्ड ने कंपनी की चीफ फाइनेंस ऑफिसर कोलेट क्रेस को अंतरिम सीईओ नियुक्त किया है, जब तक कि इस पद के लिए किसी स्थायी उत्तराधिकारी की खोज पूरी नहीं हो जाती. कुल मिलाकर, एक साधारण बैकग्राउंड से आकर दुनिया की सबसे मूल्यवान कंपनी खड़े करने वाले जेनसेन हुआंग का यह पतन अमेरिका के लिए झटका माना जा रहा है. वह समझ नहीं पा रहा है कि इस घटना के लिए चीन के सामने कैसे रिएक्ट करे.