SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

होर्मुज पर ईरान की चेतावनी-हवाई सीमा लांघी तो मिला करारा जवाब, US फाइटर जेट F-16 पर फायरिंग का दावा

स्ट्रेट ऑफ होर्मुज क्षेत्र में हवाई सीमा के उल्लंघन को लेकर ईरान ने अमेरिका को कड़ी चेतावनी दी है. ईरानी बलों ने दावा किया है कि सीमा लांघने की कोशिश कर रहे अमेरिकी फाइटर जेट F-16 पर फायरिंग कर करारा जवाब दिया गया.

Written By Ravindra Pratap Singh
Published: Nov 27, 2026, 17:02 IST | Updated: Nov 27, 2026, 17:13 IST
Image Credit: ANI - आसमान में आमने-सामने ईरान और अमेरिका! IRGC ने कहा- अमेरिकी F-16 जेट पर किया वार्निंग फायर
Join

मिडिल ईस्ट में अमेरिका और ईरान के बीच लंबे समय से चली आ रही तनातनी एक बार फिर खतरनाक मोड़ पर पहुंच गई है. दुनिया के सबसे अहम समुद्री रास्तों में से एक, स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में दोनों देशों की सेनाएं आमने-सामने आ गई हैं. ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स यानी आईआरजीसी ने बड़ा दावा करते हुए कहा है कि उसकी एयरोस्पेस फोर्स ने अमेरिकी वायुसेना के एक F-16 फाइटर जेट पर चेतावनी भरी फायरिंग कर उसे पीछे हटने पर मजबूर कर दिया.

ईरान के सरकारी प्रसारक आईआरआईबी के मुताबिक, यह घटना हेंगम द्वीप के दक्षिण-पूर्व में घटी. आईआरजीसी की एयरोस्पेस फोर्स के जनसंपर्क विभाग ने बयान जारी कर बताया कि अमेरिकी लड़ाकू विमान समुद्री नियमों का उल्लंघन करने वाले कुछ जहाजों को हवाई सुरक्षा दे रहा था. इसी दौरान वह ईरानी हवाई क्षेत्र के बेहद करीब आ गया. जैसे ही विमान ने सीमा के पास आने की कोशिश की, ईरान के नए और आधुनिक एयर डिफेंस सिस्टम ने उस पर चेतावनी के तौर पर फायरिंग शुरू कर दी.

हवाई सीमा पार की तो भुगतना होगा अंजाम

आईआरजीसी ने साफ कहा है कि स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में ईरान के समुद्री यातायात नियमों को दरकिनार करने की कोई भी कोशिश बर्दाश्त नहीं की जाएगी. बयान में कहा गया कि अगर इस तरह की हरकतें जारी रहीं, तो नियम तोड़ने वालों और उन्हें सैन्य मदद देने वालों को भारी नुकसान उठाना पड़ेगा. ईरानी सेना ने अमेरिकी कमांडरों को चेताते हुए कहा कि ईरान का हवाई क्षेत्र उनकी सेनाओं के लिए एक 'लक्ष्मण रेखा' है. अगर अमेरिकी जेट बार-बार इस सीमा का उल्लंघन करते हैं, तो उन्हें वैसा ही करारा जवाब मिलेगा जैसा पहले निशाना बनाए गए F-15 जेट और अमेरिकी ड्रोन को मिला था.

ईरानी फायरिंग से घबराया F-16 जेट का पायलट

ईरानी सेना का कहना है कि इस अचानक हुई कार्रवाई से अमेरिकी पायलट घबरा गया और विमान को तेजी से मोड़ते हुए इलाके से बाहर निकल गया. इस घटना के बाद तेहरान ने वाशिंगटन को कड़े शब्दों में चेतावनी दी है. जमीन और आसमान में बढ़ते इस टकराव के बीच ईरान ने अमेरिकी समुद्री नाकेबंदी को तोड़ने की भी कसम खाई है. ईरानी संसद की राष्ट्रीय सुरक्षा और विदेश नीति आयोग के सदस्य इस्माइल कोवसारी ने दावा किया कि रणनीतिक रूप से बेहद महत्वपूर्ण स्ट्रेट ऑफ होर्मुज पर तेहरान का पूरा नियंत्रण है.

यह भी पढ़ेंः इराक में जिहादियों पर कानून का शिकंजा: 8 फ्रांसीसी नागरिकों को उम्रकैद, नीस हमले के आरोपी का क्या होगा?

सरकारी टीवी पर बात करते हुए कोवसारी ने कहा कि ईरानी सेना 1987 से ही इस जलमार्ग पर अपनी पकड़ मजबूत करने की तैयारी कर रही है. उनके मुताबिक, ईरान की मिसाइल और ड्रोन क्षमताओं ने इस पूरे क्षेत्र में अमेरिका के सैन्य समीकरणों को पूरी तरह बदल कर रख दिया है. उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि अमेरिकी नाकेबंदी को हर हाल में तोड़ा जाएगा और दुश्मन की कार्रवाई का जवाब कब और कैसे देना है, यह ईरानी सेना खुद तय करेगी.

पड़ोसी देशों को ईरान की नसीहत

कोवसारी ने क्षेत्र से अमेरिकी युद्धपोतों की वापसी का श्रेय भी ईरान की सैन्य ताकत को दिया. साथ ही, उन्होंने पड़ोसी देशों को भी आगाह किया कि वे अपनी जमीन या सैन्य ठिकानों का इस्तेमाल ईरान के खिलाफ किसी भी ऑपरेशन के लिए न होने दें, वरना इसके गंभीर परिणाम होंगे. हालांकि, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि ईरान कोई नया युद्ध शुरू नहीं करना चाहता, लेकिन किसी भी आक्रामकता का मुंहतोड़ जवाब देने के लिए पूरी तरह तैयार है.

गौरतलब है कि इससे ठीक पहले बुधवार को भी ईरानी सेना ने स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के ऊपर दो अमेरिकी मानवरहित विमानों को मार गिराने का दावा किया था. ईरान के अनुसार, जलमार्ग के पश्चिमी हिस्से में एक 'लुकास सुसाइड ड्रोन' और पूर्वी हिस्से में एक 'MQ-9 ड्रोन' को एयर डिफेंस सिस्टम ने हवा में ही नष्ट कर दिया था. इन लगातार हो रही झड़पों ने साफ कर दिया है कि खाड़ी क्षेत्र में हालात बेहद नाजुक बने हुए हैं और एक छोटी सी चूक बड़े संघर्ष को जन्म दे सकती है.

यह भी पढ़ेंः ईरान की मिसाइल ताकत, उत्तर कोरिया का सहारा: पहाड़ के नीचे तेहरान का 'महामिशन', परमाणु ठिकानों के बीच बना रहा मिलिट्री सिटी

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

रवींद्र प्रताप सिंह ने साल 2015 में जागरण.कॉम से डिजिटल मीडिया में कदम रखा मौजूदा समय वो ज़ी न्यूज डिजिटल में चीफ सब एडिटर हैं. अगस्त 2025 में उन्होंने ज़ी न्यूज ज्वाइन किया है. रवींद्र देश और दुनिया की खबरों के अलावा खेलों में क्रिकेट जगत और क्राइम की खबरों पर बेहतरीन पकड़ रखते हैं. इसके पहले रवींद्र रिपब्लिक भारत में इवनिंग शिफ्ट के इंचार्ज रहे और शाम की शिफ्ट संभालते हुए होम पेज की जिम्मेदारी रवींद्र के ऊपर थी. उससे पहले रवींद्र ने जनसत्ता और न्यूज नेशन में भी शाम की शिफ्ट और होम पेज की जिम्मेदारी बखूबी निभाई. इसके पहले रवींद्र ने 5 सालों तक पी7 और लाइव इंडिया जैसे न्यूज चैनलों में काम किया था. रवींद्र आकाशवाणी में काम करने का अनुभव रखते. अवध यूनिवर्सिटी से मॉस कम्युनिकेशन से पोस्ट ग्रेजुएट रवींद्र पिछले डेढ़ दशक से सक्रिय पत्रकारिता कर रहे हैं. आप रवींद्र से जुड़ने के लिए Ravindra.Singh@India.com पर मेल कर सकते हैं या फिर फेसबुक पर संपर्क करने के लिए https://www.facebook.com/pintu.singh.397 और एक्स पर https://x.com/rs66533 रवींद्र से संपर्क किया जा सकता है. 
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES