संयुक्त राष्ट्र में भारत ने आतंकवाद पर पाकिस्तान को जवाब देते हुए जमकर लताड़ लगाई. भारत ने पाकिस्तान की तुलना 'फ्रेंकस्टीन मॉन्स्टर' से करते हुए कहा कि पड़ोसी देशों के खिलाफ पाकिस्तान ने जिन आतंकवादियों को पाला-पोसा, अब वही बेकाबू राक्षस की तरह पाकिस्तान के लिए खतरा बन गए हैं. पाकिस्तान का अब उस राक्षस पर से नियंत्रण पूरी तरह से समाप्त हो चुका है. उसके नेता भी अब यह बात स्वीकार करते हैं. भारत ने कहा कि आतंकवाद पर पाकिस्तान का ढोंग अब किसी काम नहीं आने वाला. संयुक्त राष्ट्र के मंच पर भारत ने आतंकवाद को बढ़ावा देने वाले मुल्कों के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय कार्रवाई किए जाने की मांग की है.
भस्मासुर बन गए हैं पाक प्रेरित आतंकी
UN मिशन में भारत के प्रथम सचिव रघू पुरी ने बुधवार (7 अक्टूबर) को कहा कि पूरी दुनिया के सामने पाकिस्तान ने खुद को आकंतवाद से पीड़ित के रूप में पेश किया और उसके खिलाफ लड़ाई में 'फ्रंटलाइन स्टेट' के रूप में खड़े होने की बात कहता रहा, लेकिन उसका ढोंग अब सामने आ चुका है. पाकिस्तानी सरकार ने जिन आतंकियों को खाद-पानी दी, अब उन 'फ्रेंकस्टीन मॉन्स्टर' से उसका अपना कंट्रोल खो चुका है. पड़ोसी देशों को लहूलुहान करने वाले पाक प्ररित आतंकी अब पाकिस्तान ने तबाही मचाने में जुटे हैं.
रघू पुरी ने पाकिस्तान के नेताओं के बयान और इंटरव्यू का हवाला देते हुए उसे आईना दिखाया. उन्होंने कहा कि हाल ही में पाकिस्तान के एक प्रांत के मुख्यमंत्री ने इस बात का खुलासा किया था. 2018 में उनके पिता और पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री ने भी अपने इंटरव्यू में इस काले सच को उजागर किया था. पुरी ने कहा कि पाकिस्तान ने आतंकवाद पर हमेशा दुनिया की आंखों में धूल झोंकने का प्रयास किया, लेकिन अब उसके अपने नेता ही काली करतूतों की गवाही दे रहे हैं. पुरी ने पाक को चेतावनी देते हुए कहा कि आप एक ही समय में खरगोश के साथ दौड़ भी नहीं सकते और शिकारी कुत्तों के साथ शिकार भी नहीं कर सकते. असलियत ऐसा कभी नहीं होता है.
ओसामा-मसूद को पाक ने दी पनाह
आतंकवाद पर पूरी दुनिया के सामने पाकिस्तान को बेनकाब करते हुए पुरी ने कहा कि पाकिस्तान ने हमेशा अपनी धरती पर आतंकवादियों को पनाह दी, उन्हें आर्थिक मदद दी, ट्रेनिंग दी और अपना पूरा सपोर्ट किया. भारत ने हमेशा इसको लेकर चिंता जताई. पुरी ने कहा कि आतंकवाद को बयानबाजी करके नहीं रोका जा सकता है, इसके लिए कार्रवाई करनी होती है. पुरी ने कहा कि जब आतंकियों को संरक्षण दिया जाता है, तो आतंकवाद पर कार्रवाई नहीं हो सकती है. आतंकवाद के पीड़ितों को न्याय नहीं मिल पाता. पुरी ने कहा कि 9/11 को अंजाम देने वाला ओसामा बिन लादेन पाकिस्तान में ही पकड़ा गया था. दुनिया 26/11 को नहीं भूली है. दुनिया पहलगाम को नहीं भूली है. भारत में कई आतंकवादी हमलों का मास्टरमाइंड मसूद अजहर भी पाकिस्तान में सुरक्षित घूम रहा.
पाक के दोगलेपन को उजागर किया
पुरी ने कहा कि आतंकवादी जैश-ए-मोहम्मद संगठन को संयुक्त राष्ट्र ने आतंकी घोषित किया है. मसूद अजहर को पकड़ने के लिए UN इनाम बढ़ाने की घोषणा करता है. उन्होंने कहा कि जब मीडिया मसूद अजहर तक पहुंच सकता है, उससे 'ऑपरेशन सिंदूर' की सफलता की पुष्टि कर सकता है, तो निश्चित रूप से पाकिस्तानी सरकार को उसके ठिकाने का पता होगा. पुरी ने पाक के दोहरे चरित्र को उजागर करते हुए कहा कि कुछ ही महीने पहले इसी मंच का इस्तेमाल करते हुए पाकिस्तान ने जैश-ए-मोहम्मद को एक निष्क्रिय संगठन बताया था. पुरी ने सभी को सावधान करते हुए कहा कि पाकिस्तान की ओर से आतंकवाद को दी जाने वाली आर्थिक मदद और जल्द ही होने वाली FATF की बैठक के बारे में दुनिया जानती है. पाकिस्तान ने कुछ महीने पहले जैश-ए-मोहम्मद को एक निष्क्रिय संगठन बताया था. दुनिया ने यह नाटक पहले भी देखा है और हम अच्छी तरह जानते हैं कि इस बार भी कुछ अलग नहीं होने वाला है.
अगर बर्बाद हुए एयरफील्ड जीत है, तो आनंद लीजिए- पुरी
ऑपरेशन सिंदूर की सफलता पर बात करते हुए पुरी ने कहा कि पहलगाम में पीड़ितों से उनकी राजनीतिक विचारधारा के बारे में नहीं पूछा गया था. उनसे उनके धर्म के बारे में पूछा गया था, इसलिए यह बहुत अजीब बात है कि पाकिस्तान धार्मिक नफरत से लड़ने की बात तो करता है. उन्होंने कहा कि सीमा पार आतंकवाद को बढ़ावा देने के लिए पाकिस्तान ऐसे हालात बनाए रखता है, जिनसे यह नफरत और पनपती है. हम पाकिस्तानी प्रतिनिधि की उस बेचैनी को देख रहे हैं जिसके तहत वे 'ऑपरेशन सिंदूर' के नतीजों पर पाकिस्तानी सेना के नैरेटिव को जबरदस्ती आगे बढ़ा रहे हैं. पाकिस्तान लगातार अपना नैरेटिव गढ़ रहा है और गलत जानकारी फैला रहा है. पुरी ने कहा कि अगर बमबारी से बर्बाद हुए एयरफील्ड और गड्ढों वाले रनवे पाकिस्तान को जीत जैसे लगते हैं, तो बेशक, वे इसका आनंद ले सकते हैं.
पुरी ने पाक नेताओं को भी बेनकाब किया
रघू पुरी ने यह बातें पाकिस्तान के राजदूत और उप स्थायी प्रतिनिधि उस्मान जादून की ओर से भारत पर लगाए गए आरोपों के जवाब में कहीं. पुरी ने अपने भाषण में जिस पाकिस्तानी प्रांत के मुख्यमंत्री का जिक्र किया था, वह पाकिस्तान के पंजाब प्रांत की मुख्यमंत्री मरियम नवाज हैं. दरअसल, उन्होंने पिछले महीने लाहौर में कहा था कि दुर्भाग्य से, 13 करोड़ की आबादी वाले पंजाब प्रांत को खतरा मेरे पड़ोसी देशों से कम और मेरे पड़ोसी प्रांतों से ज्यादा है. वहीं, मरियम नवाज के पिता और पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ ने 2018 में एक इंटरव्यू में 26/11 की घटना में अपने देश की भूमिका को स्वीकार किया था.रघू पुरी ने यह बातें पाकिस्तान के राजदूत और उप स्थायी प्रतिनिधि उस्मान जादून की ओर से भारत पर लगाए गए आरोपों के जवाब में कहीं. पुरी ने अपने भाषण में जिस पाकिस्तानी प्रांत के मुख्यमंत्री का जिक्र किया था, वह पाकिस्तान के पंजाब प्रांत की मुख्यमंत्री मरियम नवाज हैं. दरअसल, उन्होंने पिछले महीने लाहौर में कहा था कि दुर्भाग्य से, 13 करोड़ की आबादी वाले पंजाब प्रांत को खतरा मेरे पड़ोसी देशों से कम और मेरे पड़ोसी प्रांतों से ज्यादा है. वहीं, मरियम नवाज के पिता और पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ ने 2018 में एक इंटरव्यू में 26/11 की घटना में अपने देश की भूमिका को स्वीकार किया था.