)
अमेरिका के शिकागो में भारतीय मूल के 31 वर्षीय अंकुर पटेल पर अपनी अलग रह रही पत्नी की चाकू से हत्या करने का आरोप है. बताया गया है कि पत्नी ने उनके एक पूर्व सहकर्मी के साथ रिश्ता शुरू कर दिया था और अंकुर के साथ दोबारा रहने से इनकार कर दिया था. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, अंकुर पटेल और उनकी 32 वर्षीय पत्नी की शादीशुदा जिंदगी में तनाव के बाद मई में अलगाव हो गया था. दोनों की एक बेटी है. पत्नी विस्कॉन्सिन स्थित अपना घर छोड़कर चली गई थी.
परिवार के दबाव में महिला कुछ समय के लिए अंकुर के पास वापस लौटी, लेकिन जल्द ही फिर अलग हो गई. इसके बाद उसने अपने पूर्व सहकर्मी को डेट करना शुरू कर दिया और लुइसियाना चली गई. उनकी बेटी अंकुर के साथ ही रह रही थी. अधिकारियों के मुताबिक, अंकुर अपनी पत्नी और उसके नए साथी को जान से मारने की धमकी देने लगा था. उसने पत्नी की बेटी से बातचीत भी बंद करा दी थी. इस वजह से दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था.
वारदात से करीब दो सप्ताह पहले अंकुर शिकागो में अपने रिश्तेदारों के साथ रहने लगा. उसने अपनी बेटी को पत्नी को बताए बिना भारत में अपने माता-पिता के पास भेज दिया. इसके बाद उसने पत्नी को बेटी से मिलवाने के बहाने शिकागो बुलाया. बेटी के भारत भेजे जाने की जानकारी से अनजान महिला अपने नए साथी के साथ शिकागो पहुंची. उसका साथी इमारत के बाहर इंतजार करने लगा, जबकि महिला अंकुर के अपार्टमेंट में चली गई. वहां पहुंचने पर महिला को बेटी नहीं मिली. इसके बजाय अंकुर ने उसके सामने दोबारा साथ रहने का प्रस्ताव रखा. महिला ने इनकार करते हुए कहा कि वह अपने नए साथी के साथ रहना चाहती है. रिपोर्ट्स के अनुसार, इस बात से गुस्साए अंकुर ने महिला की गर्दन पर चाकू से वार कर दिया.
महिला का साथी लगातार उसे मैसेज भेजता रहा, लेकिन जब कोई जवाब नहीं मिला तो उसने पुलिस को फोन किया. स्थानीय मीडिया के मुताबिक, पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन महिला के साथी को उस अपार्टमेंट की पहचान नहीं हो सकी जहां वह गई थी. इसके बाद अधिकारी वहां से लौट गए. मामले का खुलासा तब हुआ, जब अंकुर के कुछ दोस्त उससे मिलने उसके अपार्टमेंट पहुंचे. अंकुर तय समय पर उनसे मिलने नहीं आया था. वहां दोस्तों ने महिला का शव वॉशिंग मशीन के पास पड़ा देखा, जबकि अंकुर गायब था. स्थानीय मीडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, पोस्टमॉर्टम में महिला के शरीर पर बचाव के दौरान लगी चोटों के कई निशान मिले.
रिपोर्ट्स के अनुसार, हत्या के बाद अंकुर शिकागो के ओ'हारे अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पहुंचा. उसने भारत भागने की कोशिश की, लेकिन टिकट काउंटर बंद होने के कारण टिकट नहीं खरीद सका. इसके बाद वह पास के एक होटल में ठहरा. आरोप है कि उसने हत्या में इस्तेमाल चाकू को ठिकाने लगा दिया. फिर वह टारगेट स्टोर गया और वहां से नए कपड़े खरीदे. अगले दिन उसने भारत की फ्लाइट का टिकट खरीदा, लेकिन विमान में सवार होने से पहले ही पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया.
रिपोर्ट्स के मुताबिक, पूछताछ के दौरान अंकुर ने कहा कि उसका पत्नी की हत्या करने का इरादा नहीं था, लेकिन जब उसने नए साथी के साथ रहने की बात कही तो उसने उसे मार डाला. अंकुर पटेल को गिरफ्तार कर लिया गया है. उस पर फर्स्ट-डिग्री मर्डर का आरोप लगाया गया है.