)
मुंबई आतंकी हमले के मास्टरमाइंड हाफिज सईद को बड़ा सियासी झटका लगा है. उसकी पार्टी को संसदीय उपचुनाव में मुंह की खानी पड़ी है. पंजाब प्रांत में हुए संसदीय उपचुनाव में हाफिज सईद की पार्टी 'पाकिस्तान मरकजी मुस्लिम लीग' (PMML) को सत्ताधारी PML-N के हाथों हार झेलनी पड़ी.
दरअसल, बीते रविवार को लाहौर से करीब 80 किलोमीटर दूर गुजरांवाला जिले की NA-77 सीट पर वोटिंग हुई थी. सोमवार को चुनाव आयोग ने नतीजे घोषित किए. हाफिज सईद की पार्टी 'पाकिस्तान मरकजी मुस्लिम लीग' (PMML) के उम्मीदवार मोहम्मद इब्राहिम गुज्जर को 30 हजार से ज्यादा वोट मिले, जबकि सत्ताधारी 'पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज' (PML-N) के प्रत्याशी राशिद बशीर विर्क ने 43 हजार से अधिक वोट हासिल किए और जीत दर्ज की.
जिस सीट पर उपचुनाव हुआ है, वो सांसद महमूद बशीर विर्क के निधन के बाद खाली हुई थी. यह इलाका लाहौर से करीब 80 किलोमीटर दूर पड़ता है. इस बार चुनाव में वोटिंग प्रतिशत काफी कम रहा. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, एक गांव के लोगों ने तो मतदान का पूरी तरह से बहिष्कार ही कर दिया.
इस उपचुनाव में कई बड़े सियासी दल मैदान में ही नहीं उतरे. जेल में बंद पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की पार्टी 'पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ' (PTI), 'पाकिस्तान पीपल्स पार्टी' (PPP) और 'जमात-ए-इस्लामी' ने अपना कोई उम्मीदवार नहीं उतारा था.
हार के बाद हाफिज सईद की पार्टी PMML ने नतीजों को मानने से इनकार किया है. पार्टी ने सत्ताधारी PML-N पर बड़े पैमाने पर धांधली करने का आरोप भी लगाया. दूसरी तरफ, चुनाव आचार संहिता के कथित उल्लंघन को लेकर PML-N की 5 महिला सांसदों को भी कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है.
यह कोई पहला मौका नहीं है जब आतंकी हाफिज सईद की पार्टी को चुनावी मैदान में हार मिली है. इससे पहले हाफिज की पार्टी ने 2024 के आम चुनाव में भी किस्मत आजमाई थी, लेकिन तब भी उसकी जमानत जब्त हो गई थी. उसे एक भी सीट नहीं मिल पाई थी. पहले हाफिज मिल्ली मुस्लिम लीग से जुड़ा था, लेकिन बाद में उसने PMML को उसके नए राजनीतिक मंच के तौर पर खड़ा किया है.