)
भारत से भगौड़ा घोषित इस्लामिक प्रचारक जाकिर नाइक एक बार फिर अपनी विवादित टिप्पणियों की वजह से चर्चा में है. सोशल मीडिया पर नाइक का एक वीडियो सामने आया है. जिसमें वो अफगानिस्तान में तालिबान की ओर से लड़कियों की माध्यमिक और उच्च शिक्षा पर लगाई गई रोक को अस्थायी कदम बताता है. वह कहता है कि यह कदम सुरक्षा कारणों की वजह से उठाया गया है.
वीडियो में नाइक कहता है कि तालिबान ने लड़कियों की शिक्षा पूरी तरह बंद नहीं की है, बल्कि छठी कक्षा तक की प्राथमिक शिक्षा वहां पर अभी भी सभी के लिए जारी है. विवादित इस्लामिक प्रचारक जाकिर कहता है कि मिडिल और हायर एजुकेशन में सुरक्षा का माहौल अभी भी खराब है. वह दावा करता है कि माहौल सुधरते और महिला शिक्षक मिलते ही अफगानिस्तान में फिर से ऊपरी कक्षाओं में पढ़ाई शुरू हो जाएगी.
जाकिर नाइक यह भी दावा करता है कि अफगानिस्तान में शरीयत, कुरआन, मास्टर और पीएचडी की पढ़ाई में महिलाओं की भागीदारी बढ़ रही है. नाइक के इस बयान पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिक्रियाएं आई हैं.
नोबेल पुरस्कार विजेता मलाला यूसुफजई के पिता जियाउद्दीन यूसुफजई ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट लिखकर अपनी निराशा जताई. उन्होंने लिखा कि जाकिर नाइक जैसे इंसान की ओर से तालिबान की ओर से बच्चियों की पढ़ाई रोके जाने के फैसले का बचाव करना बेहद परेशान करने वाला है.
निर्वासित अफगान सांसद मरियम सुलेमानखिल ने भी नाइक के तर्क पर सवाल खड़े किए. मरियम ने कहा कि नाइक जिन महिला शिक्षकों की कमी का हवाला दे रहा है, तालिबान ने उनके काम करने पर भी प्रतिबंध लगा रखा है. ऐसे में पढ़ाने के लिए महिला शिक्षिकाएं कहां से आएंगी.
बताते चलें कि अफगानिस्तान में महिलाओं की स्थिति को विश्व समुदाय की ओर से लगातार चिंता जताई जाती रही है. संयुक्त राष्ट्र की ओर से भी कई बार तालिबान से महिलाओं और लड़कियों की पढ़ाई पर लगाई गई रोक हटाने की मांग की है. हालांकि तालिबान ने इन मांगों पर कभी ध्यान नहीं दिया है और वहां पर लड़कियों के पढ़ने पर रोक अभी भी जारी है.
बताते चलें कि भारत से भागने के बाद जाकिर नाइक मलेशिया में छिपा हुआ है. उसे वहां से प्रत्यर्पण करवाने के लिए भारत और मलेशिया के अधिकारियों के बीच बातचीत लगातार जारी है. हालांकि, अभी तक इस काम में कामयाबी नहीं मिल पाई है और मलेशिया सरकार किसी न किसी बहाने उन्हें रोके रखने की कोशिश कर रही है.