SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

प्रोटेस्ट में जल रहे फ्रांस में फिर आतंकी हमला? पेरिस के पास ताबड़तोड़ फायरिंग; 1 की मौत, 4 घायल

फ्रांस में जारी हिंसक विरोध प्रदर्शनों के बीच पेरिस के पास ताबड़तोड़ फायरिंग की खबर से दहशत फैल गई है. इस हमले में एक शख्स की मौत हो गई, जबकि 4 लोग गंभीर रूप से घायल हैं. जानिए घटना से जुड़ा पूरा अपडेट.

Written By Ravindra Pratap Singh
Published: Oct 23, 2026, 05:18 PM IST | Updated: Oct 23, 2026, 05:43 PM IST
Image Credit: AFP- France Shooting: पेरिस के पास संदिग्ध आतंकी हमला, अंधाधुंध फायरिंग में 1 की मौत, 4 गंभीर रूप से घायल
Join

फ्रांस की राजधानी पेरिस के पश्चिम में शुक्रवार (23 अक्टूबर) को हुई गोलीबारी से पूरा इलाका दहल उठा है . इस हमले में एक शख्स की मौत हो गई है जबकि 4 लोगों के घायल होने की खबर है. अधिकारियों ने इस हमले को आतंकवादी हमला मानकर जांच शुरू कर दी है. पुलिस ने हमले के कुछ समय बाद ही संदिग्ध को गिरफ्तार कर लिया.

गोलीबारी की ये घटना ट्रैप्स और ला वेरिएर शहरों में हुई. फ्रांस के राष्ट्रीय आतंकवाद-रोधी अभियोजन कार्यालय ने मामले में हत्या और आतंकवादी गतिविधियों से संबंध होने के संदेह में जांच शुरू की है. आपको बता दें कि फ्रांस पहले से ही छात्रों के आंदोलन की आग में सुलग रहा है, इसी दौरान इस हमले ने वहां की सियासी हलचल बढ़ा दी है.

गाड़ी में सवार होकर आए हमलावर

पुलिस के मुताबिक, गोलीबारी सुबह करीब 10:30 बजे हुई. एक व्यक्ति गाड़ी में सवार होकर आया और ट्रैप्स तथा पड़ोसी शहर ला वेरिएर में कई लोगों पर गोलियां चलाईं. इसके बाद उसे पास के कोनियेर शहर से गिरफ्तार कर लिया गया. घटनास्थल पेरिस से करीब 20 किलोमीटर पश्चिम में है. स्थानीय प्रशासन ने कहा कि राहत और बचाव कार्य जारी रहने के कारण मृतकों और घायलों की संख्या में बदलाव हो सकता है.

प्रधानमंत्री ने घटना को बेहद गंभीर बताया

फ्रांस के प्रधानमंत्री सेबेस्टियन लेकोर्नू ने घटना को बेहद गंभीर बताया है. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा कि सुरक्षा बलों और न्यायिक एजेंसियों को पूरी तरह सक्रिय कर दिया गया है. अधिकारियों ने मामले की जांच शुरू कर दी है. फिलहाल हमले के पीछे की वजह और संदिग्ध की मंशा को लेकर विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है. वहीं ट्रैप्स के मेयर अली रबेह ने इंस्टाग्राम पर इस घटना की जानकारी दी. उन्होंने बताया कि एक व्यक्ति ने अपनी गाड़ी से गुजरते हुए रास्ते में कई लोगों पर गोलीबारी की. 

यह भी पढ़ेंः फ्रांस पर तंज: दंगे, लूट-आगजनी के बाद नाइट कर्फ्यू, डोनाल्ड ट्रंप बोले- 'पेरिस बनेगा मुस्लिम सिटी'; क्या कहते हैं आंकड़े?

छात्र आंदोलन को लेकर फ्रांस में पहले से तनाव

यह घटना ऐसे समय हुई है, जब फ्रांस में हाल के दिनों में विरोध प्रदर्शनों और हिंसा के बाद सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई है. पिछले सप्ताहांत महंगाई और जीवनयापन की बढ़ती लागत को लेकर हुए बड़े प्रदर्शनों के दौरान कई जगह हिंसक घटनाएं हुई थीं. आने वाले सप्ताहांत में फिर से प्रदर्शन होने की आशंका है. इसे देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा बढ़ाने की तैयारी की है. पिछले एक सप्ताह में कई शहरों में रात के समय आवाजाही पर प्रतिबंध भी लगाए गए हैं.

फ्रांस में आतंकी हमलों का पुराना इतिहास

फ्रांस पहले भी कई बड़े आतंकवादी हमलों का सामना कर चुका है. नवंबर 2015 में पेरिस में हुए हमलों में 130 लोगों की मौत हुई थी. हाल के वर्षों में इस तरह की घटनाएं कम हुई हैं, लेकिन सुरक्षा एजेंसियां अब भी संभावित आतंकी साजिशों को लेकर सतर्क हैं. ट्रैप्स शहर का नाम भी पहले कट्टरपंथ से जुड़े विवादों में सामने आ चुका है. साल 2020 में पेरिस के एक अन्य उपनगर में शिक्षक सैमुअल पैटी की हत्या कर दी गई थी. पैटी ने अपनी कक्षा में पैगंबर मोहम्मद के कार्टून दिखाए थे, जिसके बाद एक कट्टरपंथी ने उनकी हत्या कर दी. इस घटना के बाद ट्रैप्स में एक शिक्षक ने भी पैटी की हत्या पर सरकार की प्रतिक्रिया की आलोचना करने के चलते धमकियां मिलने की शिकायत की थी.

जॉर्डन में दो हमलावरों ने की फायरिंग,7 की मौत

पेरिस के अलावा जॉर्डन के करक में भी दो हमलावरों ने एक चर्च और अंतिम संस्कार के जुलूस को निशाना बनाया. इन दोनों हमलावरों ने चर्च और अंतिम संस्कार के जुलूस को निशाना बनाकर ताबड़तोड़ फायरिंग की. अल अरबिया की रिपोर्ट के अनुसार, इस घटना में कम से कम 7 लोगों की मौत हो गई है. करक में जॉर्डन के सबसे बड़े ईसाई समुदायों में से एक रहता है.

यह भी पढ़ेंः फ्रांस में हाहाकार, 'इस्लामिक कट्टरपंथियों' ने मचाया बवाल; ट्रंप के बाद बोले नेतन्याहू, कहा- मैक्रों को दी थी वॉर्निंग

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

रवींद्र प्रताप सिंह ने साल 2015 में जागरण.कॉम से डिजिटल मीडिया में कदम रखा मौजूदा समय वो ज़ी न्यूज डिजिटल में चीफ सब एडिटर हैं. अगस्त 2025 में उन्होंने ज़ी न्यूज ज्वाइन किया है. रवींद्र देश और दुनिया की खबरों के अलावा खेलों में क्रिकेट जगत और क्राइम की खबरों पर बेहतरीन पकड़ रखते हैं. इसके पहले रवींद्र रिपब्लिक भारत में इवनिंग शिफ्ट के इंचार्ज रहे और शाम की शिफ्ट संभालते हुए होम पेज की जिम्मेदारी रवींद्र के ऊपर थी. उससे पहले रवींद्र ने जनसत्ता और न्यूज नेशन में भी शाम की शिफ्ट और होम पेज की जिम्मेदारी बखूबी निभाई. इसके पहले रवींद्र ने 5 सालों तक पी7 और लाइव इंडिया जैसे न्यूज चैनलों में काम किया था. रवींद्र आकाशवाणी में काम करने का अनुभव रखते. अवध यूनिवर्सिटी से मॉस कम्युनिकेशन से पोस्ट ग्रेजुएट रवींद्र पिछले डेढ़ दशक से सक्रिय पत्रकारिता कर रहे हैं. आप रवींद्र से जुड़ने के लिए Ravindra.Singh@India.com पर मेल कर सकते हैं या फिर फेसबुक पर संपर्क करने के लिए https://www.facebook.com/pintu.singh.397 और एक्स पर https://x.com/rs66533 रवींद्र से संपर्क किया जा सकता है. 
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES