SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

'सेल्फी से दूरी, सेफ्टी जरूरी': फ्लाईदुबई फ्लाइट के हीरो स्मित मछार का पुराना वीडियो वायरल, जूनियर्स को दी थी ये खास सलाह

फ्लाईदुबई की उड़ान FZ1073 में सवार यात्रियों की जान बचाने वाले कैप्टन पायलट स्मित मछार किसी हीरो से कम नहीं हैं. फिलहाल वह कॉकपिट में को-पायलट की तरफ से किए गए हमले में घायल हैं और उनका उपचार चल रहा है. इन सबके बीच सोशल मीडिया पर मछार का एक पुराना वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें उन्होंने पायलट बनने की चाह रखने वाले लोगों को विशेष सलाह दी है.

Written By abhinav tripathi
Published: Oct 01, 2026, 07:09 AM IST | Updated: Oct 01, 2026, 08:04 AM IST
Image Credit: कैप्टन पायलट स्मित मछार (फाइल फोटो)
Join

जमीन से करीब 34 हजार फीट की ऊंचाई पर फ्लाईदुबई की उड़ान FZ1073 के कॉकपिट में कुछ ऐसा हुआ, जिसने दुनिया को हिला कर रख दिया. उड़ान के दौरान कॉकपिट में हमलावर को-पायलट से भिड़कर भारतीय मूल के निवासी पायलट कैप्टन स्मित मछार ने विमान में सवार 174 लोगों की जान बचाई. इस हमले में वह बुरी तरीके से जख्मी हैं और सऊदी अरब के  एक अस्पताल में उनका उपचार चल रहा है.

दरअसल, फ्लाईदुबई का विमान दुबई से तेल अवीव जा रहा था. इसी दौरान कॉकपिट में दोनों कैप्टन के बीच झगड़ा हो गया और कैप्टन ने हाईजैक का अलार्म दिया. जिसके बाद विमान को सुरक्षित तरीके से सऊदी अरब में लैंड कराया गया. इस विमान में सवार सभी लोग सुरक्षित हैं और घायल पायलट का उपचार चल रहा है. इस बीच भारतीय पायलट स्मित मछार का एक पुराना वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.

सामने आए वीडियो में मछार ने उन लोगों को विशेष सलाह दी है, जो पायलट बनने की इच्छा रखते हैं. उन्होंने एक सवाल के जवाब में कहा कि किसी भी विशेष एयरलाइन, विमान या सोशल मीडिया छवि का पीछा करने के बजाए अनुभव प्राप्त करने और विमानन कौशल निखारने पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए.  

मछार का पुराना वीडियो वायरल

बताया जाता है कि मछार ने पिछले साल एक पॉडकास्ट में अपने पायलट के करियर के शुरुआती चरणों के बारे में बात की थी. यह वीडियो एक बार फिर से वायरल हो रहा है. इस साक्षात्कार के दौरान उन्होंने अपना अनुभव साझा करते हुए कहा कि अपने करियर के शुरुआती चरणों में पायलटों को इस बात पर ध्यान नहीं देना चाहिए कि वे कहां उड़ान भरते हैं या कौन सा विमान संचालित करते हैं. इसके बजाय, ध्यान इस बात पर होना चाहिए कि आप उड़ान क्यों भरते हैं.

 

सेल्फी लेने की बजाए, कौशल पर ध्यान दें

उन्होंने कहा कि मैं अपने बच्चों को भी यही सलाह देता हूं कि शुरुआत में कोई प्राथमिकता न रखें. जैसे नहीं, मुझे यहां से उड़ान भरनी है, तो उड़ान भरें पायलट बनने का मतलब अनुभव प्राप्त करना और अपने कौशल को निखारना है. न कि ऑनलाइन कुछ पोस्ट करना, सेल्फी लेना वगैरह. आज के समय में सबकुछ काफी बदल गया है.

कौन हैं स्मित मछार?

स्मित मछार मूल रूप से गुजरात के रहने वाले हैं और वह पहले स्पाइसजेट में पायलट रह चुके हैं. जून 2022 में वह फ्लाईदुबई में सीधे कैप्टन के पद पर शामिल हुए. वर्तमान में वह दुबई में रहते हैं. लिंक्डिन प्रोफाइल के अनुसार, उन्हें वाणिज्यिक उड़ान का करीब 13 साल से अधिक का अनुभव प्राप्त है.  

रिपोर्ट्स के अनुसार, फ्लाईदुबई में शामिल होने से पहले मछार ने करीब 11 साल तक स्पाइसजेट में अपना समय बिताया. यहां पर वह पहले वरिष्ठ कमांडर और बाद में लाइन ट्रेनिंग कैप्टन के रूप में कार्यरत रहे. एयरलाइन के कार्यकाल के दौरान उन्होंने 9500 घंटे से अधिक की उड़ान भरी, जिसमें पायलट-इन कमांड के रूप में 6,400 घंटे से अधिक शामिल है.  

दूसरे पायलटों को भी गाइड कर चुके हैं मछार

रिपोर्ट्स के अनुसार, मछार बोइंग 737 के एक्सपर्ट हैं और सेफ्टी और नियमों पर खास ध्यान देते हैं. इससे पहले कई बार उन्होंने पायलटों को गाइड भी किया है. उन्होंने वेलिंगकर इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट से बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन की डिग्री भी ली है.

इस बीच फ्लाईदुबई की ओर से एक बयान जारी किया गया, जिसमें कहा गया कि इजरायल आने और जाने वाली उसकी उड़ानें जांच जारी रहने तक रोकी जाएंगी. कंपनी सरकारी अधिकारियों और अन्य एयरपोर्ट से जुड़े पक्षों के साथ लगातार संपर्क में है.

बीच हवा में विमान में क्या हुआ

फ्लाईदुबई की फ्लाइट FZ1073 में कुल 174 यात्री सवार थे. ये विमान दुबई से तेल अवीव जा रहा था. उड़ान के दौरान कॉकपिट में दोनों पायलटों के बीच झगड़ा हो गया. इसके बाद विमान को सऊदी अरब के तबुक एयरपोर्ट पर सुरक्षित तरीके से लैंड कराया गया. फ्लाई दुबई ने पुष्टि करते हुए बताया कि सभी यात्री सुरक्षित हैं और मामले की जांच की जा रही है.

इजरायली अधिकारियों और यात्रियों की रिपोर्ट्स के अनुसार, इस घटना में दोनों पायलटों के बीच हिंसक झड़प हुई. आरोप है कि सह-पायलट ने कप्तान को चाकू मार दिया. हालांकि, पूरे मामले की विस्तृत जांच अभी बाकी है.

यह भी पढ़ें: 'आप दुनिया भर के हीरो हैं कैप्टन स्मित',इजरायल से UAE तक गूंज रहा भारतीय पायलट का नाम, लोग जता रहे आभार

यह भी पढ़ें: 'क्रू मेंबर्स कब प्राणरक्षक बन जाए, कोई नहीं जानता', इजरायल में 174 यात्रियों की जान बचाने वाले कैप्टन स्मित का वायरल इंटरव्यू

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

अभिनव त्रिपाठी जी न्यूज हिंदी में बतौर सब एडिटर कार्यरत हैं।  पत्रकारिता के क्षेत्र में 3 साल से अधिक समय का अनुभव रखते हैं। डेस्क पर रियल टाइम की देश-विदेश की खबरों को कवर करते हैं। राष्ट्रीय राजनीति और अंतरराष्ट्रीय खबरों को लिखना पसंद है। वैश्विक घटनाक्रम के किसी भी जटिल मुद्दे को आसान भाषा में समझाना अच्छी तरीके से आता है। इससे पहले जागरण डॉट कॉम के साथ सब एडिटर के तौर पर काम कर चुके हैं।  करियर की शुरुआत एक सैटेलाइट चैनल से की थी। पत्रकारिता की पढ़ाई काशी विद्यापीठ वाराणसी से की है। 
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES