App

घाव गहरा, फिर भी हौसला बुलंद: फ्लाईदुबई के 'हीरो पायलट' स्मित मच्छार के सिर पर दिखे टांके ही टांके, चोट के बाद पहली तस्वीर आई सामने

फ्लाई दुबई में 170 से अधिक यात्रियों की जान बचाने वाले 'हीरो पायलट' स्मित मच्छार की पहली तस्वीर सामने आई, जिसमें उनके सिर पर लगी चोट को महसूस किया जा सकता है. यूएई में सम्मान लेने पहुंचे कैप्टन मच्छार के सिर पर लंबे टांके नजर आए, जिसने लोगों का ध्यान अपनी ओर खींचा.

घाव गहरा, फिर भी हौसला बुलंद: फ्लाईदुबई के 'हीरो पायलट' स्मित मच्छार के सिर पर दिखे टांके ही टांके, चोट के बाद पहली तस्वीर आई सामने
Image Credit: UAE ने कैप्टन मच्छार को किया सम्मानित. (फोटो- सोशल मीडिया)

फ्लाईदुबई विमान में 170 से अधिक यात्रियों की जान बचाने वाले भारतीय बहादुर कैप्टन स्मित मच्छार और क्रू मेंबर्स को संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में सम्मानित किया गया. जब सम्मान लेने के लिए कैप्टन स्मित मच्छार मंच पर पहुंचे, तो सिर पर लगे टांके इस बात की गवाही दे रहे थे कि कैप्टन को कितने खतरनाक तरीके से निशाना बनाया गया होगा. फ्लाईदुबई के कैप्टन मच्छार के सिर पर लगे टांकों की लंबी लाइन दिखने वाली तस्वीरे सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं.

दरअसल, फ्लाईदुबई हादसे के बाद यह पहला मौका है, जब कैप्टन स्मित मच्छार सार्वजनिक किसी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए पहुंचे, जहां पर उन्हें सम्मानित किया गया. बता दें कि ओमानी को-पायलट ने कैप्टन स्मित मच्छार के सिर पर कुल्हाड़ी से हमला किया था, जिसमें उनके सिर की हड्डी टूट गई थी. बावजूद इसके मच्छार ने विमान में सवार सभी लोगों की जान बचाई.  

यूएई में सम्मानित किए गए मच्छार

बुधवार (28 अक्टूबर) संयुक्त अरब अमीरात (UAE) ने 30 सितंबर 2026 को फ्लाईदुबई फ्लाइट को हाइजैकिंग से बचाने वाले भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छार को सर्वोच्च सम्मान से नवाजा. कैप्टन के साथ विमान के अन्य क्रू मेंबर्स को भी सम्मानित किया गया. यूएई के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान ने कैप्टन मच्छार को सम्मानित किया.

यूएई के राष्ट्रपति ने कैप्टन स्मित को 'फर्स्ट क्लास ऑर्डर ऑफ जायद II' से नवाजा. दुबई के क्राउन प्रिंस शेख हमदान बिन मोहम्मद ने कैप्टन स्मित को मेडल पहनाया. इस दौरान उनकी बहादुरी की तारीफी पूरी दुनिया में हो रही है. दुबई के क्राउन प्रिंस शेख हमदान बिन मोहम्मद ने कैप्टन की बहादुरी के लिए उनकी जमकर तारीफ की और क्रू मेंबर की भी जमकर प्रशंसा की.  

जान पर खेलकर यात्रियों को कैप्टन ने बचाया

गौरतलब है कि यह पूरी घटना 30 सितंबर की है. कैप्टन स्मित 'फ्लाईदुबई' (flydubai) की फ्लाइट FZ1073 उड़ा रहे थे और यह विमान दुबई से इजरायल के तेल अवीव जा रहा था. विमान में 170 से अधिक लोग सवार थे. इसी दौरान जब विमान जॉर्डन के ऊपर से गुजर रहा था, तभी कॉकपिट में मौजूद कैप्टन के को-पायलट ने स्मित मच्छार पर हमला कर दिया. इस हमले में कैप्टन स्मित बुरी तरीके से जख्मी हो गए.

इसके बाद विमान तेजी से नीचे गिरने लगा. दावा किया गया कि केवल 30 सेकंड में विमान करीब 14,000 फीट नीचे आया. कैप्टन स्मित जमीन पर गिरे और पूरी तरीके से खून से लतपथ थे. बावजूद इसके उन्होंने बहादुरी दिखाई और कॉकपिट का दरवाजा खोलकर क्रू मेंबर को बुलाया. यात्रियों और क्रू मेंबर की मदद से हमलावर को काबू में किया गया और विमान को सुरक्षित तरीके से सऊदी में उतारा गया.

पीएम मोदी ने भी की थी तारीफ

इस घटना के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी कैप्टन स्मित मच्छार की जमकर प्रशंसा की थी. पीएम मोदी ने स्मित के परिवार से बात की थी और उनका हालचाल जाना था. जिस वक्त मच्छार अस्पताल में भर्ती थे, पीएम मोदी ने उनसे वीडियो कॉल पर बात की थी. पीएम मोदी ने मच्छार को 'सच्चा हीरो' भी बताया था. इसके अलावा गुजरात सरकार ने मच्छार को विशिष्ट गुजरात गरिमा अवॉर्ड से नवाजा है. इजरायल ने भी मच्छार को सम्मानित करने के लिए निमंत्रण भेजा है.

तस्वीरों ने खींचा ध्यान

कैप्टन स्मित जब सम्मान लेने के लिए मंच की ओर बढ़े, तो सभी का ध्यान उनके सिर पर लगें टांकों की लंबी लाइन ने खींचा. केवल टांकों की लंबी लाइन से ही पता चल रहा है कि आखिर स्मित पर कितने खतरनाक तरीके से हमला किया गया था. स्मित के सिर पर लगी चोट और टांके की लाइन वाली तस्वीरें सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद लोग उनकी तारीफ करते नहीं थक रहे हैं. यूजर्स उनके जल्द से जल्द ठीक होने की कामना कर रहे हैं. 

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

abhinav tripathi

abhinav tripathi

अभिनव त्रिपाठी जी न्यूज हिंदी में बतौर सब एडिटर कार्यरत हैं।  पत्रकारिता के क्षेत्र में 3 साल से अधिक समय का अनुभव रखते हैं। डेस्क पर रियल टाइम की देश-विदेश की खबरों को कवर करते हैं। राष्ट्रीय राजनीति और अंतरराष्ट्रीय खबरों को लिखना पसंद है। वैश्विक घटनाक्रम के किसी भी जटिल मुद्दे को आसान भाषा में समझाना अच्छी तरीके से आता है। इससे पहले जागरण डॉट कॉम के साथ सब एडिटर के तौर पर काम कर चुके हैं।  करियर की शुरुआत एक सैटेलाइट चैनल से की थी। पत्रकारिता की पढ़ाई काशी विद्यापीठ वाराणसी से की है। 
Read More