SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

चेहरे पर स्माइल, आंखों में हौसला: अस्पताल से सामने आई जांबाज पायलट स्मित मच्छार की तस्वीर, UAE के डिप्टी PM ने चूमा माथा

172 यात्रियों को सुरक्षित बचाने वाले जांबाज पायलट स्मित मच्छार अब तेजी से ठीक हो रहे हैं. उनकी बहादुरी के कायल हुए UAE के डिप्टी पीएम खुद अस्पताल उनसे मिलने पहुंचे. वहां जाते ही उन्होंने पायलट का माथा चूम लिया.

Written By Bhoopendra Rai
Published: Oct 03, 2026, 05:22 PM IST | Updated: Oct 03, 2026, 05:39 PM IST
Image Credit: 172 यात्रियों की जान बचाने वाले पायलट स्मित मच्छार की नई तस्वीर आई सामने
Join

खुद की जान पर खेलकर 172 यात्रियों की जान बचाने वाले फ्लाईदुबई के पायलट स्मित मच्छार की ताजा तस्वीर सामने आई है. कॉकपिट में जानलेवा हमले के दौरान बुरी तरह घायल हुए पायलट मच्छार अब रिकवरी कर रहे हैं. उनका इलाज यूएई में चल रहा है. 2 अक्टूबर को हॉस्पिटल में उनसे मिलने UAE के डिप्टी प्राइम मिनिस्टर हमदान बिन मोहम्मद अल मकतूम पहुंचे. इस दौरान उन्होंने कैप्टन का माथा चूम लिया.

हमदान बिन मोहम्मद अल मकतूम ने एक्स पर एक पोस्ट की, जिसमें उन्होंने पायलट मच्छार की कुछ तस्वीरें भी लगाईं. उन्होंने लिखा, 'फ्लाईदुबई के पायलट, जिन्होंने हिम्मत, जिम्मेदारी और इंसानी जिंदगी की परवाह की सबसे ऊंची मिसाल पेश की. हमारी तरफ से, और देश के लीडरशिप की तरफ से, उनकी पूरी तारीफ और सराहना है. हमें गर्व है कि वह हमारी टीम का हिस्सा हैं. हमारे देश की कहानी का हिस्सा हैं और UAE जिस चीज के लिए खड़ा है उसका हिस्सा हैं दया का देश, शांति का देश और जिंदगी का देश.'

क्या है मामला?

दरअसल, भारतीय पायलट स्मित मच्छार फ्लाईदुबई की फ्लाइट FZ1073 में हुए हमले के दौरान बुरी तरह घायल हुए थे. यह फ्लाइट दुबई से तेल अवीव जा रही थी. तभी को-पायलट ने उन पर चाकू से हमला करके विमान को क्रैश करने की कोशिश की थी, जो नाकाम रही. प्लेन में 170 से ज्यादा यात्री सवार थे. जब विमान हवा में था तभी कॉकपिट में ओमानी को-पायलट ने उन पर धारदार हथियार से हमला कर दिया था.जब स्थिति बिगड़ी तो कॉकपिट के अंदर से आवाजें सुनाई दीं, जिसके बाद कुछ यात्री कॉकपिट की तरफ पहुंचे.

घायल होने के बाद कैप्टन स्मित ने कॉकपिट का दरवाजा खोल दिया था, जिसकी वजह से यात्री और क्रू मेंबर अंदर पहुंच सके और आरोपी पर काबू किया. फिर प्लेन में मौजूद दो ऑफ-ड्यूटी पायलटों ने विमान का कंट्रोल संभाला और उसे सऊदी अरब के तबुक एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंड कराया गया.

सऊदी अरब से दुबई शिफ्ट किए गए हैं स्मित मच्छार

इस जानलेवा हमले के बाद कैप्टन स्मित को इलाज के लिए सऊदी अरब के तबुक के अस्पताल में भर्ती कराया गया था, फिर उसके बाद उन्हें संयुक्त अरब अमीरात के अबू धाबी स्थित एक अस्पताल में शिफ्ट किया गया है.  फ्लाइट को क्रेश कराने की कोशिश को नाकाम करने में जो बहादुरी दिखाई है, उसकी चर्चा हर तरफ है. हर कोई उनकी बहादुरी को सलाम कर रहा है. 

ये भी पढ़ें: दहशत के वो 30 मिनट: चाकू नहीं, कॉकपिट में रखी कुल्हाड़ी से हम्मामी ने किया था भारतीय पायलट पर हमला

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

पत्रकारिता में 9 साल से सक्रिय भूपेंद्र कुमार राय Zee News में सीनियर सब एडिटर के तौर पर न्यूज टीम का हिस्सा हैं, देश विदेशी की खबरें कवर करते हैं. 2017 में ETV Bharat (हैदराबाद) से करियर की शुरुआत करने के बाद वे 2020 में Zee News पहुंचे, जहां 2022 तक काम किया. 2023 में News24 की स्पोर्ट्स टीम को लीड करने का मौका मिला. इसके बाद India Daily Live में बतौर चीफ सब एडिटर स्पोर्ट्स टीम के साथ जुड़े. 2024 में दोबारा News24 लौटे और नई स्पोर्ट्स वेबसाइट लॉन्चिंग का अहम हिस्सा रहे. अक्टूबर 2025 में News24 से अलविदा लेकर एक बार फिर Zee News पहुंचे हैं. खेलों में गहरी रुचि रखते हैं और क्रिकेट वर्ल्ड कप, एशियन गेम्स, ओलंपिक गेम्स, हॉकी वर्ल्ड कप समेत बड़े खेल इवेंट को कवर करने का अनुभव है. ब्रेकिंग न्यूज, क्रिकेट एनालिसिस और किस्से-कहानियों पर अच्छी पकड़ है. जी न्यूज में खेल से जुड़ी खबरों के बाद अब न्यूज टीम के साथ रियलटाइम न्यूज पर काम कर रहे हैं. एक्सप्लेनर और किसी भी मुद्दे पर रिसर्च के साथ उसे आसान भाषा में पाठकों तक पहुंचा रहे हैं. आप Bhoopendra.Rai@zeemedia.com पर सीधे ईमेल या फिर नीचे X और Facebook से जुड़ सकते हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES