)
अमेरिका के मिडटर्म चुनावों में पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और उनकी रिपब्लिकन पार्टी को बड़ा झटका लगा है. रिपब्लिकन पार्टी ने संसद के दोनों सदनों सीनेट और हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स में अपना बहुमत गंवा दिया है. इस चुनाव में मिशिगन प्रांत से डेमोक्रेटिक पार्टी के उम्मीदवार अब्दुल अल-सैयद ने जीत दर्ज की. ये वही अब्दुल अल-सैयद हैं, जिन्हें चुनावी रैलियों में ट्रंप ने खुले मंच से 'जिहादी' करार दिया था. अब सैयद चुनाव जीतकर अमेरिकी सीनेट में पहुंचने वाले देश के पहले मुस्लिम सीनेटर बन गए हैं.
ऐतिहासिक जीत दर्ज करने के बाद अब्दुल अल-सैयद ने जब मिशिगन में अपने समर्थकों को संबोधित किया, तो उन्होंने सबसे पहला शब्द कहा 'हबीबी' (अरबी में इसका मतलब 'मेरे प्यारे दोस्त' होता है). फिर उन्होंने उपराष्ट्रपति जेडी वेंस की क्लास लगाई. उन्होंने तंज कसते हुए कहा, 'जेडी, हबीबी! विडंबना देखिए कि जनवरी में संविधान के मुताबिक आपको ही मुझे सीनेटर पद की शपथ दिलानी होगी.'
दरअसल, अमेरिकी संविधान के तहत सीनेट के पदेन सभापति उपराष्ट्रपति ही होते हैं और जनवरी में नए चुने गए सीनेटरों को शपथ दिलाने की संवैधानिक जिम्मेदारी जेडी वेंस के कंधों पर ही होगी. उन्होंने वेंस पर इसलिए तंज कसा, क्योंकि पूरे चुनाव प्रचार के दौरान ट्रंप और उपराष्ट्रपति वेंस दोनों ने ही अब्दुल अल-सैयद की मुस्लिम पहचान, उनके नाम और उनकी विचारधारा को अपने सियासी हमलों का केंद्र बनाया था. ट्रंप ने उनके नाम का मजाक उड़ाते हुए उन्हें 'रेडिकल जिहादी' तक कहा था, जबकि जेडी वेंस ने उन पर नस्लीय नफरत फैलाने के आरोप लगाए थे.
वेंस पर तंज कसने के बाद अब्दुल अल-सैयद ने डोनाल्ड ट्रंप को रोस्ट किया. उन्होंने अपने नाम का मजाक उड़ाने पर पलटवार करते हुए कहा, 'मुझे पता है कि आपको मेरा नाम लेने में दिक्कत होती है, इसलिए जेडी के शपथ दिलाने के बाद, आप मुझे सिर्फ 'सीनेटर' कहकर बुला सकते हैं.'
अब्दुल अल-सैयद मिशिगन से पहले मुस्लिम सीनेटर बने हैं. डेमोक्रेट्स सीनेटर अब्दुल अल-सैयद ने रिपब्लिकन उम्मीदवार और पूर्व सांसद माइक रोजर्स को हराया है.
पूरा नाम अब्दुलरहमान मोहम्मद अल-सईद है. उनका जन्म 31 अक्टूबर 1984 को अमेरिका के मिशिगन राज्य के रोचेस्टर हिल्स में हुआ था. उनके माता-पिता मिस्र से आकर अमेरिका में बसे थे. यानी उनका जन्म और पालन-पोषण अमेरिका में ही हुआ है.
अब्दुल अल-सईद की पढ़ाई-लिखाई दुनिया की सबसे प्रतिष्ठित यूनिवर्सिटीज से हुई है. उन्होंने सबसे पहले मिशिगन यूनिवर्सिटी से बायोलॉजी और पॉलिटिकल साइंस में ग्रेजुएशन की डिग्री ली. फिर उनका सिलेक्शन दुनिया की सबसे नामी 'रोड्स स्कॉलरशिप' के लिए हुआ, जिसके तहत उन्होंने ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी से पब्लिक हेल्थ में डॉक्टरेट (PhD) पूरी की. इतना ही नहीं, उन्होंने आगे चलकर कोलंबिया यूनिवर्सिटी से डॉक्टरी की पढ़ाई कर अपनी मेडिकल डिग्री (MD) भी हासिल की.