यूरोप में बदल रहा धर्म का गणित, 2070 तक दोगुनी हो जाएगी मुसलमानों की हिस्सेदारी; फिर भी इस्लाम क्यों नहीं है ईसाईयों के लिए बड़ी चुनौती?
यूरोप में बढ़ती मुस्लिम आबादी के बीच एक चौंकाने वाला खुलासा हुआ है. 'प्यू रिसर्च सेंटर' की रिपोर्ट के मुताबिक, साल 2070 तक यूरोप में मुसलमानों की आबादी की हिस्सेदारी दोगुनी हो जाएगी. हैरानी की बात ये है कि इसका सबसे बड़ा कारण खुद ईसाई धर्म से जुड़े लोग हैं.
Muslim Share Increase In Europe: यूरोप में लगातार मुस्लिम आबादी बढ़ रही है. अनुमान है कि साल 2070 तक यूरोप की आबादी में मुसलमानों की हिस्सेदारी दोगुनी हो जाएगी. यानी वहां मुसलमानों की जनसंख्या साल 2020 में 6 प्रतिशत से बढ़कर 13 प्रतिशत तक हो जाएगी. हैरानी की बात है कि ईसाई को मुख्य धर्म मानने वाले यूरोप के लिए मुसलमानों की जनसंख्या बढ़ना अधिक बड़ा खतरा नहीं है, बल्कि इसकी वजह ईसाई धर्म छोड़ने वाले लोग हैं. यूरोप में ईसाई आबादी बूढ़ी हो रही है और वहां जन्म दर भी लगातार गिर रही है.
18 नवंबर 2026 को समाने आई 'प्यू रिसर्च सेंटर' की 'द फ्यूचर ऑफ रिलिजन इन यूरोप, 2020-2070' रिपोर्ट के मुताबिक अगर मौजूदा डेमोग्राफिक ट्रेंड जारी रहे तो अगले 50 सालों में दुनिया की धार्मिक आबादी बड़ा मोड़ ले सकती है.
यूरोप में घट रही ईसाई आबादी?
'प्यू' के मुताबिक, साल 2020 में ईसाई यूरोप की आबादी का 67 प्रतिशत थे, जो साल 2070 तक केवल 52 प्रतिशत रह सकते हैं. इसके साथ ही नास्तिक, अज्ञेयवादी (Agnostic) और किसी भी धर्म पर विश्वास न करने वाले लोगों की संख्या 25 प्रतिशत से बढ़कर 33 प्रतिशत तक हो सकती है यानी बिना मुस्लिम आबादी बढ़े किसी भी धर्म को न मानने वाले लोग यूरोप की दूसरी सबसे बड़ी आबादी वाली कैटेगरी बने रहेंगे. इस्लाम इसमें तीसरे नंबर पर होगा.
इस्लाम बनेगा दुनिया का सबसे बड़ा धर्म
रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि साल 2035 तक इस्लाम दुनिया का सबसे बड़ा धर्म बन जाएगा. इन नतीजों ने यूरोप में ईसाई धर्म के भविष्य को लेकर ईसाई संगठनों और नेताओं के बीच चिंता बढ़ा दी है.
ईसाई अधिकारों पर नजर रखने वाली संस्था OIDAC यूरोप ने ईसाई-विरोधी हमलों के खिलाफ मजबूत सुरक्षा की मांग की है, जबकि डच MEP बर्ट-जान रुइसन ने धार्मिक भेदभाव के बारे में चिंता जताई है. यूरोपियन सेंटर फॉर लॉ एंड जस्टिस (ECLJ) ने भी ईसाई-विरोधी नफरत से निपटने के लिए EU कोऑर्डिनेटर बनाने पर जोर दिया.
यूरोप में बढ़ती मुस्लिम आबादी
'प्यू' का अनुमान है कि यूरोप की मुस्लिम आबादी साल 2020 में 46 मिलियन से बढ़कर 2070 में 80 मिलियन हो जाएगी. इसकी कुल आबादी में इसका हिस्सा 6 प्रतिशत से बढ़कर 13 प्रतिशत हो जाएगा, जो 5 दशकों में दोगुने से भी ज्यादा होगा. यूरोप में मुसलमानों की संख्या में बढ़ोतरी मुख्य रूप से देश के अंदर माइग्रेशन, मुसलमानों की युवा आबादी और ज्यादा जन्म दर की वजह से होगी. वहीं, फ्रांस की मुस्लिम आबादी में हिस्सेदारी साल 2020 में 9 प्रतिशत से बढ़कर 2070 में 20 प्रतिशत होने का अनुमान है. जर्मनी में यह 7 प्रतिशत से बढ़कर 14 प्रतिशत हो जाएगी.
रिपोर्ट से पता चलता है कि पूरे यूरोप में 21 देशों में मुस्लिम आबादी में कम से कम 5 परसेंटेज पॉइंट की बढ़ोतरी हो सकती है. हालांकि, ईसाई धर्म यूरोप का सबसे बड़ा धार्मिक समूह बना रहेगा, भले ही इसकी आबादी 2020 में 50 करोड़ से घटकर 2070 तक 32 करोड़ हो जाए. इसी दौरान यूरोप की कुल आबादी भी 17 प्रतिशत घटकर 75 करोड़ से 62 करोड़ होने की उम्मीद है.
ईसाई धर्म की सबसे बड़ी चुनौती
'प्यू' के मुताबिक, यूरोप में लोग धार्मिक जुड़ाव को पूरी तरह से छोड़ रहे हैं. इसका कहना है कि साल 2020 में यूरोप की आबादी में धर्म से अलग लोगों की संख्या एक चौथाई से बढ़कर 2070 तक लगभग एक तिहाई हो जाएगी और अधिकतर बढ़ोतरी उन लोगों से होगी जो ईसाई के तौर पर पले-बढ़े थे, लेकिन अब वे किसी भी धर्म को नहीं मानते. रिपोर्ट में अनुमान लगाया गया कि साल 2020 और 2070 के बीच धर्म बदलने से ईसाई धर्म के लगभग 3 करोड़ फॉलोअर्स कम हो जाएंगे, इनमें अधिकतर वे लोग शामिल होंगे, जिनका किसी धर्म से कोई लेना-देना नहीं है. बढ़ती उम्र और लो फर्टिलिटी भी इसका मुख्य कारण होगा.