3 देशों में भूकंपः सुबह-सुबह पाक-अफगानिस्तान के साथ-साथ चीन की धरती कांपी, तिब्बत में 16 की गई जान
नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी (NCS) ने आज सुबह-सुबह चीन, पाकिस्तान और अफगानिस्तान में भूकंप आने की जानकारी दी है. इससे पहले गुरुवार (22 अक्टूबर) की शाम को तिब्बत में 7.0 तीव्रता का विनाशकारी भूकंप आया था, जिसमें करीब 16 लोगों की मौत हो गई.
तिब्बत में गुरुवार (22 अक्टूबर) को 7.0 तीव्रता के विनाशकारी भूकंप आया, जिसमें 16 लोगों की मौत हो गई. सैकड़ों घरों के ढहने से 32 लोग घायल भी हुए हैं, जिनका अलग-अलग अस्पतालों में इलाज चल रहा है. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, राहत एवं बचाव कार्य अभी भी जारी है. चीन इस आपदा से उबर भी नहीं सका था कि आज (शुक्रवार, 23 अक्टूबर) को एक बार फिर से धरती हिलने लगी. नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी (NCS) ने आज सुबह-सुबह चीन, पाकिस्तान और अफगानिस्तान में भूकंप आने की जानकारी दी है. NCS ने बताया कि इन देशों में आज सुबह-सुबह 4.1 से 4.9 तीव्रता के तेज झटके महसूस हुए. सुबह-सुबह भूकंप के तेज झटकों से लोग घबराकर घरों से बाहर निकल आए.
सुबह-सुबह तीन देशों की धरती कांपी
नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी (NCS) के अनुसार, पाकिस्तान की धरती सबसे पहले हिली. यहां आज सुबह 4:56 बजे भूकंप के झटके महसूस हुए. रिक्टर स्केल पर इसकी 4.9 तीव्रता मापी गई. NCS के मुताबिक, भूकंप का केंद्र 28.919 डिग्री उत्तरी अक्षांश और 64.678 डिग्री पूर्वी देशांतर पर था और इसकी गहराई 15 किलोमीटर थी.
इसके बाद अफगानिस्तान की धरती भी कांप उठी. यहां सुबह 5:54 बजे 4.1 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया. धरती की 25 किलोमीटर गहराई से उठे इस भूकंप का केंद्र बिंदु 35.138 डिग्री उत्तरी अक्षांश और 69.442 डिग्री पूर्वी देशांतर पर दर्ज किया गया. वहीं, चीन में सुबह 6:05 बजे 4.4 तीव्रता का भूकंप आया. NCS के मुताबिक, इसका केंद्र 32.542 डिग्री उत्तरी अक्षांश और 93.835 डिग्री पूर्वी देशांतर पर था.
तिब्बत में भूकंप से मची कितनी तबाही?
उधर, गुरुवार की शाम को तिब्बत में आए भूकंप से भारी तबाही मचने की खबरें सामने आई हैं. चीनी मीडिया ने इस भूकंप में सबसे ज्यादा नुकसान नागकू शहर में होने की बात कही है. यहां भूकंप से 300 से ज्यादा घर ढह गए, जिससे 16 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई और करीब 32 लोग घायल हुए हैं. शहर के आपातकालीन प्रबंधन ब्यूरो के अनुसार, राहत और बचाव कार्य लगातार जारी हैं.
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, शुक्रवार (23 अक्टूबर) सुबह 2:25 बजे तक घायलों में से 11 लोगों की हालत गंभीर बताई गई, जबकि 21 लोगों को मामूली चोटें आई हैं. भूकंप से हुए नुकसान का आकलन अभी भी किया जा रहा है. राहत कार्य तेजी से चल रहा है और प्रभावित लोगों तक मदद पहुंचाई जा रही है. राहत और बचाव कार्य के लिए 300 से अधिक पुलिसकर्मियों को भूकंप के केंद्र वाले इलाके में भेजा गया है. इसके अलावा, क्षेत्रीय अग्निशमन एवं बचाव विभाग ने 347 कर्मचारियों को प्रभावित क्षेत्रों में तैनात किया है.
ये भी पढ़ें- तिब्बत में 7.0 तीव्रता के विनाशकारी भूकंप से कांपी धरती, 339 घर ढहे, 16 की मौत, 32 घायल