SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

'टेरर से निपटने में नहीं चलेगा दोहरा मापदंड...' SCO मीटिंग में PAK पर जमकर बरसे राजनाथ, चुपचाप सुनते रहे इशाक डार

भारत के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने मंगलवार को आतंकवाद पर पाकिस्तान को जमकर फटकार लगाई. दिलचस्प बात ये है कि जब राजनाथ सिंह पाकिस्तान पर बरस रहे थे, वहां के डिप्टी पीएम इशाक डार उनके सामने टेबल पर बैठे हुए थे.

Written By Devinder Kumar
Published: Oct 20, 2026, 04:49 PM IST | Updated: Oct 20, 2026, 04:57 PM IST
Image Credit: ताजिकिस्तान में हो रही एससीओ मीटिंग में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने आतंकवाद पर पाकिस्तान को घेरा
Join

पिछले कई दशकों से पाकिस्तान प्रायोजित आतंकवाद का सामना कर रहे भारत ने एक बार फिर दुनिया के सामने इस्लामाबाद को खरी-खरी सुनाई है. भारत ने कहा कि आतंक किसी भी सूरत में दुनिया में दुनिया को मंजूर नहीं हो सकता, फिर उसे चाहे कोई भी नाम दिया जाए या उसके लिए कोई भी बहाना गढ़ा जाए. भारत ने यह भी दोटूक कहा कि आतंक से निपटने पर दोहरा मापदंड नहीं हो सकता.

इशाक डार के सामने राजनाथ ने पाकिस्तान को लगाई फटकार

पाकिस्तान को यह ताजा फटकार भारतीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने लगाई है. वे मंगलवार को ताजिकिस्तान की राजधानी दुशांबे में आयोजित शंघाई सहयोग संगठन (SCO) के शासनाध्यक्षों की परिषद की बैठक में भारत का प्रतिनिधित्व कर रहे थे. मजे की बात ये है कि जब राजनाथ सिंह इशारों-इशारों में आतंकवाद पर पाकिस्तान को रौंद रहे थे, तब वहां के डिप्टी-पीएम  और विदेश मंत्री इशाक डार उनके सामने मंच पर बैठे हुए थे.

डार की मौजूदगी में आतंकवाद पर पाकिस्तान को घेरते हुए राजनाथ सिंह ने कहा, 'आतंकवाद हमारे समाजों में नफरत फैलाता है. वह हमारे युवाओं को उन अवसरों से वंचित करता है. जिसे हासिल करने के वे हकदार हैं. यह दुनिया में विकास के लिए सबसे गंभीर खतरों में से एक है. यह न केवल लोगों की जिंदगियों को लीलता है, बल्कि कारोबार और निवेश को भी तबाह कर देता है.'

टेरर के पूरे तंत्र को सख्ती से कुचलना होगा- राजनाथ सिंह

राजनाथ ने आगे कहा, 'इसलिए हम कहते हैं कि दुनिया में आतंकवाद का कभी कोई औचित्य नहीं हो सकता. दुनिया को इस खतरे से निपटने के लिए एकजुट होना होगा. टेरर के पूरे तंत्र, उनकी फंडिंग और सुरक्षित पनाहगाहों को सख्ती से खत्म करना होगा. विभिन्न बहानों से आतंक का समर्थन करने वालों का दुनिया को बहिष्कार करना चाहिए.'

दिलचस्प बात ये थी कि जब राजनाथ सिंह आतंकवाद पर पाकिस्तान को घेर रहे थे, तब पाकिस्तान के डिप्टी पीएम इशाक डार उनके सामने बैठकर चुपचाप सब कुछ सुनने को मजबूर थे. चूंकि राजनाथ सिंह ने आतंकवाद पर किसी मुल्क का नाम नहीं लिया था, इसलिए डार चाहकर भी उनकी टिप्पणियों का विरोध नहीं कर पाए. हालांकि, वे आतंकवाद पर नए भारत के सख्त तेवरों को भली-भांति जरूर समझ रहे थे.

SCO परिषद की बैठक में बोल रहे थे भारतीय रक्षा मंत्री

बताते चलें कि SCO परिषद की सरकारी बैठक में भारत का प्रतिनिधित्व करने के लिए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह 2 दिन के आधिकारिक दौरे पर ताजिकिस्तान में हैं. जब वे दुशांबे हवाई अड्डे पर उतरे तो ताजिकिस्तान के रक्षा मंत्री इमोमाली सोबिरजोदा और वहां के विदेश मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी शेराली जोनोन ने उनका स्वागत किया. इसके बाद काफिले के साथ राजनाथ सिंह बैठक स्थल पर पहुंचे और वहां पर पाकिस्तान को दो-टूक सुनाई.

ये भी पढ़ें- 'जम्मू-कश्मीर हमारा था, है और रहेगा...' OIC के प्रस्ताव पर भारत का पलटवार, पाक को दिखाया आईना!

ध्यान देने वाली बात है कि यह पहली बार नहीं है, जब आतंकवाद के मुद्दे पर भारत ने दुनिया के सामने पाकिस्तान को इस तरह फटकार लगाई हो. इससे पहले भी विभिन्न प्लेटफार्मों पर भारत इस मुद्दे पर इस्लामाबाद को घेरता रहा है. हालांकि राजनयिक शिष्टाचारों की वजह से भारत खुलकर पाकिस्तान का नाम नहीं लेता, लेकिन भारतीय नेताओं और अधिकारियों की स्पीच से दुनिया समझ जाती है कि आतंक पर किस मुल्क को घेरा जा रहा है. 
 

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

अनुभवी पत्रकार और अंतर्राष्ट्रीय मामलों के विश्लेषक हैं. पिछले 18 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. अमर उजाला और नवभारत टाइम्स जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में काम करने के बाद, वर्तमान में वे Zee News में कार्यरत हैं. देश-दुनिया और ब्रेकिंग न्यूज पर नजर रखते हैं. अंतर्राष्ट्रीय राजनीति, वैश्विक घटनाक्रमों और खोजपरक पत्रकारिता में विशेष पकड़ है.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES