App

व्हाइट हाउस रेनोवेशन की लड़ाई, 'चीजकेक फैक्टरी' तक आई: बहसबाजी में कूदे ट्रंप, ओबामा पर बोले-मूर्ख ही देश को ऐसे चला सकता है

अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा ने व्हाइट हाउस के रेनोवेशन की तुलना 'चीजकेक फैक्टरी' से की तो डोनाल्ड ट्रंप बिफर गए. उन्होंने इस पर पलटवार किया और ओबामा को नासमझ राष्ट्रपति बताया.

व्हाइट हाउस रेनोवेशन की लड़ाई, 'चीजकेक फैक्टरी' तक आई: बहसबाजी में कूदे ट्रंप, ओबामा पर बोले-मूर्ख ही देश को ऐसे चला सकता है
Image Credit: व्हाइट हाउस रेनोवेशन पर ट्रंप ओबामा से भिड़ गए हैं.

पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा के 'चीजकेक फैक्टरी' वाले बयान पर अमेर‍िकी राष्‍ट्रपत‍ि डोनाल्‍ड ट्रंप ने जमकर पलटवार किया. ओबामा ने व्हाइट हाउस के रेनोवेशन की तुलना रेस्तरां चेन 'चीजकेक फैक्टरी' से की थी. ट्रंप ने पलटवार करते हुए ओबामा को 'नासमझ' और 'खराब राष्ट्रपति' तक कह डाला. जब ट्रंप से ओबामा की टिप्पणी के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि मैंने व्हाइट हाउस की बहुत अच्छी तरह से मरम्मत कराई है.

ट्रंप ने कहा कि उन्होंने दुनिया के सबसे बेहतरीन कारीगरों की मदद से व्हाइट हाउस को ठीक कराया है. इसकी बाहरी और अंदरूनी हालत बहुत खराब हो चुकी थी. उनके मुताबिक, इमारत के कई सजावटी हिस्से गायब थे, टूट चुके थे या लंबे समय से खराब पड़े थे. उन्होंने कहा कि बाहरी दीवारों का प्लास्टर टूटा हुआ था, उनमें दरारें थीं और पेंट की हालत भी बहुत खराब थी.

ट्रंप बोले-1972 के बाद सबसे अच्छी हालत

ट्रंप ने दावा किया, 'व्हाइट हाउस अब 1792 में इसके बनने के बाद से सबसे अच्छी हालत में है.'इसके बाद उन्होंने ओबामा पर निशाना साधा. ट्रंप ने कहा कि ओबामा जब व्हाइट हाउस के सामने से गुजरते थे, तो उन्हें टूटी हुई दीवारें या खराब कंस्ट्रक्शन नजर ही नहीं आता था. उन्हें यह सब दिखाई नहीं देता, क्योंकि वे इन चीजों पर ध्यान नहीं देते. उन्हें गंदगी और खराब हालत भी नजर नहीं आती.

ट्रंप ने कहा, 'हमें ओबामा को यह सब समझाना पड़ता है, क्योंकि वह इसे समझते नहीं हैं. मेरी राय में वह नासमझ शख्स हैं. जिस तरह उन्होंने देश चलाया, वैसा सिर्फ कोई मूर्ख ही कर सकता है.'

ट्रंप ने बताया कि यह काम बेहद प्रतिभाशाली लोगों ने किया है, जिनमें कई लोग अमेरिकी होम डिपार्टमेंट से जुड़े थे. उन्होंने दावा किया कि यह काम बहुत कम खर्च में पूरा किया गया.

'बात सिर्फ पैसे की नहीं है'

उन्होंने कहा, 'हमने इमारत के एक हिस्से के सांचे बनाए और दूसरी तरफ उसी तरह का काम किया. नतीजा बहुत शानदार आया. यह सिर्फ पैसे की बात नहीं है, बल्कि देखने और समझने की बात है.'

ट्रंप ने ओबामा की टिप्पणी पर सीधा जवाब दिया. उन्होंने कहा, 'अगर आप इसे चीजकेक फैक्टरी जैसा कहते हैं, तो इससे यही पता चलता है कि आप कितने खराब राष्ट्रपति थे.'

3 नवंबर को यूएस में मिडटर्म इलेक्शन

यह बयान ऐसे समय आया है, जब बराक ओबामा तीन नवंबर को होने वाले मध्यावधि चुनावों से पहले डेमोक्रेटिक पार्टी के उम्मीदवारों के लिए प्रचार कर रहे हैं. व्हाइट हाउस में ट्रंप की ओर से कराए गए रेनोवेशन वर्क को लेकर पहले भी डेमोक्रेटिक नेताओं और ऐतिहासिक धरोहर संरक्षण से जुड़े कुछ समूहों ने खर्च और पारदर्शिता को लेकर सवाल उठाए हैं.

इसी कार्यक्रम के दौरान ट्रंप ने घोषणा की कि वोटर फ्रॉड की ऐसी जानकारी देने वाले शख्स को 10 लाख डॉलर का इनाम दिया जाएगा, जिससे गिरफ्तारी और सजा हो सके. उन्होंने ब्राजील और इजरायल के चुनावों पर भी टिप्पणी की. फिलहाल, ओबामा के कार्यालय की ओर से ट्रंप की इन टिप्पणियों पर कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Rachit Kumar

Rachit Kumar

रचित कुमार जी न्यूज डिजिटल में असिस्टेंट एडिटर हैं. देश, दुनिया और डिफेंस की खबरों को आसान भाषा में बताने में महारत हासिल है. जी न्यूज से मई 2022 में जुड़े और शिफ्ट देखने का 12 साल से ज्यादा का अनुभव है. जी न्यूज में Best Performer अवॉर्ड भी मिल चुका है. जी न्यूज, आजतक और एबीपी न्यूज में शिफ्ट देखते हुए महामहिम, बिहार के बाहुबली सीरीज शुरू की और कई एक्सप्लेनर खबरों पर काम किया.  इंडिया न्यूज और जनसत्ता में शिफ्ट देखने के साथ-साथ ट्रैफिक लाने वाली खबरों को तवज्जो दी. नवभारत टाइम्स से करियर की शुरुआत हुई और वहां तकरीबन ढाई साल तक फ्रंट पेज 2 और देश-विदेश के पन्नों की जिम्मेदारी संभाली. जर्नलिज्म में पोस्टग्रेजुएट और IIMC से डिप्लोमा करने  वाले रचित कुमार 13 साल से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर रहे हैं. आप Rachit.kumar@India.com पर सीधे ईमेल कर इनसे जुड़ सकते हैं. 
Read More

ट्रेंडिंग

  • न्यूज़
  • फोटो
  • वीडियो