'मोदी बहुत सख्त इंसान हैं', फिलीपींस में मुलाकात के बाद ट्रंप ने की तारीफ, बोले- हमारे रिश्ते बेहद अच्छे
मनीला में हो रही वाली क्वाड की बैठक में पीएम मोदी और राष्ट्रपति ट्रंप के अलावा जापान की पीएम सनाए ताकाइची और ऑस्ट्रेलिया के पीएम एंथनी अल्बनीज मौजूद हैं.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के फिलीपींस दौरे का आज दूसरा दिन है. मंगलवार को उन्होंने फिलीपींस के सबसे पुराने गुरुद्वारे खालसा दीवान का दौरा किया. फिर मनीला में आसियान-भारत सम्मेलन में भी हिस्सा लिया. इसके बाद क्वाड देशों के नेताओं की बैठक में शामिल हुए. इस दौरान पीएम मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप के साथ मंच शेयर किया. करीब दो साल के लंबे अंतराल के बाद हो रही क्वाड नेताओं की इस अहम बैठक में ट्रंप ने पीएम मोदी की जमकर तारीफ करते हुए उन्हें एक 'सख्त इंसान' (टफ मैन) बताया.
क्वाड (QUAD) देशों की इस मीटिंग में भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, जापान की प्रधानमंत्री साने ताकाइची और ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज शामिल हुए. आसियान समिट के दौरान हुई इस बैठक में चारों नेताओं ने क्षेत्रीय और दुनिया से जुड़े बड़े मुद्दों पर बातचीत की. इसका मुख्य मकसद हिंद-प्रशांत (Indo-Pacific) क्षेत्र की सुरक्षा और विकास से जुड़े मामलों पर चारों देशों के बीच तालमेल और सहयोग को और मजबूत करना था.
ट्रंप ने पीएम मोदी और साने ताकाइची की तारीफ में क्या कहा?
मनीला में क्वाड बैठक के दौरान अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और जापान की प्रधानमंत्री साने ताकाइची की जमकर तारीफ की. ट्रंप ने कहा, 'इन लोगों और इन देशों के साथ हमारे बहुत अच्छे रिश्ते हैं और यह शुरुआत से ही ऐसे रहे हैं. मैं इन तीनों के साथ लंबे समय से काम कर रहा हूं और ये सभी कमाल के लोग हैं. ये मेरे अच्छे दोस्त हैं, जिससे काम करने में काफी मदद मिलती है, वैसे पीएम मोदी बहुत सख्त (टफ) इंसान हैं और जापान की प्रधानमंत्री (साने ताकाइची) शायद उनसे भी ज्यादा सख्त हैं और हम भी किसी से कम नहीं हैं.'
रेयर अर्थ मिनरल्स के उत्पादन पर क्या बोले ट्रंप?
ट्रंप ने रेयर अर्थ मिनरल्स (दुर्लभ खनिज) के उत्पादन पर बड़ी बात कही. उन्होंने कहा, अमेरिका, भारत और जापान मिलकर इस सेक्टर में तेजी से आगे बढ़ रहे हैं और अगले 10 महीनों में अपनी जरूरत का हर सामान खुद तैयार कर लेंगे.
ट्रंप ने कहा, 'हम बहुत अच्छा काम कर रहे हैं. हम रेयर अर्थ मिनरल्स का इतना उत्पादन कर रहे हैं, जितना पहले कभी नहीं किया गया. हम अगले 10 महीनों के भीतर उन्हें (चीन को) पीछे छोड़ देंगे या उनकी बराबरी कर लेंगे, हमें जिस भी चीज की जरूरत है, वह सब 10 महीने में हमारे पास होगा. रेयर अर्थ के मामले में हम बड़े पैमाने पर उत्पादन कर रहे हैं, और वैसे, वे भी कर रहे हैं. जापान कर रहा है, भारत कर रहा है, हम सभी मिलकर यह कर रहे हैं.'
पिछली बैठक में क्या हुआ था?
डोनाल्ड ट्रंप के इस नए कार्यकाल में क्वाड (Quad) लीडर्स की यह पहली समिट-लेवल मीटिंग है. यह हाई-प्रोफाइल मुलाकात ऐसे वक्त में हो रही है, जब चारों देश इंडो-पैसिफिक रीजन में अपनी पार्टनरशिप और तालमेल को और ज्यादा मजबूत करने में जुटे हुए हैं. मनीला की यह मीटिंग 31 अक्टूबर को अटलांटा में हुई क्वाड विदेश मंत्रियों की बैठक के ठीक बाद हुई, उस बैठक में चारों देशों ने इमर्जिंग टेक्नोलॉजी, क्रिटिकल मिनरल्स, मैरीटाइम सिक्योरिटी (समुद्री सुरक्षा) और इन्वेस्टमेंट के सेक्टर में आपसी सहयोग बढ़ाने का बड़ा ऐलान किया था.
आखिर क्या है क्वाड (QUAD)?
दरअसल, भारत, अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया और जापान, दुनिया के इन चार ताकतवर लोकतांत्रिक देशों ने मिलकर एक खास ग्रुप बनाया है, जिसे क्वाड (QUAD) या क्वाड्रीलैटरल सिक्योरिटी डायलॉग कहा जाता है. वैसे तो इसकी नींव 2007 में ही पड़ गई थी, लेकिन 2017 के बाद से यह ग्रुप फिर से जोर-शोर से काम कर रहा है.
इस संगठन का सीधा-सा मकसद हिंद-प्रशांत इलाके में चीन के बढ़ते दबदबे को रोकना है, ताकि इस क्षेत्र और यहां के देशों को चीन की दखलंदाजी से बचाया जा सके.