SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

ड्रैगन पर उलटा पड़ा हनीट्रैप! हसीना के चक्कर में फंसे अफसर ने लीक किए 100 से ज्यादा राज, अब मिलेगी मौत की सजा

हनीट्रैप के जाल में फंसे एक अधिकारी द्वारा 100 से अधिक संवेदनशील और गोपनीय जानकारियां लीक करने के मामले में कड़ी सजा की तैयारी है. जानें क्या है पूरा मामला और क्यों यह घटनाक्रम सुरक्षा व्यवस्था के लिए बड़ी चुनौती बना.

Written By Ravindra Pratap Singh
Published: Nov 23, 2026, 19:49 IST | Updated: Nov 23, 2026, 20:01 IST
Image Credit: AI Generated Image - 'हनीट्रैप' के जाल में फंसे चीनी अधिकारी ने लीक किए सीक्रेट दस्तावेज, ड्रैगन ने दी सजा-ए-मौत
Join

चीन में एक सरकारी अधिकारी को विदेशी खुफिया एजेंसी के लिए जासूसी करने के जुर्म में मौत की सजा सुनाई गई है. आरोप है कि विदेश में तैनाती के दौरान इस अधिकारी को पहले दोस्ती और पैसों का लालच दिया गया और बाद में ब्लैकमेल कर देश के गोपनीय दस्तावेज हासिल किए गए.

आरोपी अधिकारी की पहचान केवल उसके सरनेम 'मा' (Ma) के रूप में की गई है. उसने विदेशी हैंडलर्स को 100 से अधिक खुफिया जानकारियां सौंपी थीं, जिनमें दर्जनों बेहद गोपनीय दस्तावेज शामिल थे. चीन के राष्ट्रीय सुरक्षा और गोपनीयता विभाग की ओर से इस मामले का सार्वजनिक खुलासा किया जाना बेहद दुर्लभ माना जा रहा है, क्योंकि वहां राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े मुकदमों की सुनवाई आमतौर पर बंद कमरों में होती है.

कोर्ट ने संपत्ति जब्त करने का भी दिया आदेश

साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट (SCMP) की रिपोर्ट के मुताबिक, इस मामले का विवरण सोमवार को 'बाओमिगुआन' (Baomiguan) नाम के एक सोशल मीडिया चैनल पर प्रकाशित किया गया. यह चैनल 'जिनचेंग प्रेस' द्वारा चलाया जाता है, जो चीन के राष्ट्रीय राज्य गोपनीयता संरक्षण प्रशासन से जुड़ा है.

अदालत ने मा को जासूसी का दोषी ठहराते हुए मौत की सजा सुनाई है. इसके अलावा, आजीवन उसके सभी राजनीतिक अधिकार छीन लिए गए हैं और उसकी सारी निजी संपत्ति भी जब्त कर ली गई है. हालांकि, रिपोर्ट में यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि यह मुकदमा कब और कहां चला, किस अदालत ने फैसला सुनाया या फिर मौत की सजा पर अमल हो चुका है या नहीं. सुरक्षा कारणों से रिपोर्ट में मा के मंत्रालय और शामिल देशों के नाम भी गुप्त रखे गए हैं. उन्हें केवल 'देश ए' और 'देश बी' कहकर संबोधित किया गया है.

कैसे शुरू हुआ हनी-ट्रैप और जासूसी का खेल?

बाओमिगुआन द्वारा साझा की गई जानकारी के अनुसार, मा की भर्ती की कहानी तब शुरू हुई जब वह 'देश ए' में तैनात था. वहां उसकी मुलाकात 'देश बी' के एक खुफिया अधिकारी से हुई, जिसे चीनी भाषा में 'कैलिन' नाम दिया गया है.

यह भी पढ़ेंः SPY MAN, चिप, चाहत और चीन: एलिस- जेन्सन और 'वो' की सनसनीखेज स्टोरी, एनवीडिया CEO संग सीक्रेट अफेयर पर नया खुलासा

कैलिन ने शुरुआत में चीनी भाषा सीखने और बातचीत का दायरा बढ़ाने के बहाने मा से नजदीकियां बढ़ाईं. वह अक्सर मा को मुलाकातों के लिए बुलाती थी और लगातार संपर्क में रहने के बदले उसे छोटी-मोटी रकम भी देती था. धीरे-धीरे उनकी सामान्य बातचीत राजनीतिक रूप से संवेदनशील मुद्दों और अंतरराष्ट्रीय मामलों की ओर मुड़ गई. एक दिन कैलिन ने 'देश ए' में स्थित चीनी दूतावास के कर्मचारियों और वहां के कामकाज के बारे में सवाल पूछने शुरू कर दिए. लालच में आकर मा ने दूतावास से जुड़ी संवेदनशील जानकारियां साझा करनी शुरू कर दीं और यहां तक कि एक आंतरिक टेलीफोन डायरेक्टरी भी उसे सौंप दी.

ब्लैकमेलिंग के जरिए करवाया गया समझौता

मामला तब और गंभीर हो गया जब कैलिन ने मा की मुलाकात अपने एक अन्य सहयोगी 'तांग झेंग' से करवाई. एक बैठक के दौरान तांग ने मा से सीधे तौर पर 'देश बी' की खुफिया एजेंसी के लिए काम करने को कहा. जब मा हिचकिचाया, तो तांग ने धमकी दी कि अगर उसने बात नहीं मानी, तो वे चीनी अधिकारियों के सामने उसकी पिछली गैरकानूनी गतिविधियों का पर्दाफाश कर देंगे.

पोल खुलने और सजा के डर से मा ने झुकते हुए उनके साथ काम करने के लिए हामी भर दी. इसके बाद मा ने विदेशी खुफिया एजेंसी के साथ बाकायदा एक गोपनीय समझौते पर हस्ताक्षर किए, जिसमें वफादारी और राज गुप्त रखने की शर्तें शामिल थीं. इसके बदले उसे हर महीने एक निश्चित वेतन देने का वादा किया गया और जानकारियां भेजने के लिए एक खास लैपटॉप भी दिया गया.

चीनी अफसर दिन में जुटाता था फाइलें, रात में भेजता था डेटा

विदेश में अपना कार्यकाल पूरा करने के बाद जब मा वापस चीन लौटा, तब भी उसकी जासूसी रुकी नहीं. रिपोर्ट के मुताबिक, मा दिन के समय अपने सरकारी पद का फायदा उठाकर गोपनीय दस्तावेजों तक पहुंच बनाता था. रात होने पर वह घर पर उन जानकारियों को इकट्ठा करता और विदेशी हैंडलर्स के निर्देशों के मुताबिक गुप्त वेबसाइटों के जरिए उन्हें भेज देता था.

यह भी पढ़ेंः 405 टन केमिकल और लाखों खाली सिम कार्ड: आखिर क्या करने वाले थे चीन-बांग्लादेश? इंडोनेशिया ने जब्त किया जहाज

जांच में सामने आया कि उसने कुल 100 से ज्यादा खुफिया जानकारियां लीक कीं. चीन की सुरक्षा व्यवस्था के तहत इनमें से 9 दस्तावेज गुप्त और 26 गोपनीय श्रेणी के थे. गिरफ्तारी से पहले मा को कैश डिलीवरी और विदेशी मुलाकातों के जरिए 10 लाख युआन (करीब 1.50 लाख डॉलर या लगभग 1.25 करोड़ रुपये) से अधिक की रकम मिल चुकी थी. इसमें अच्छी जानकारी देने पर मिलने वाला बोनस भी शामिल था.

सरकारी कर्मचारियों के लिए जारी हुई चेतावनी

इस खुलासे के बाद बाओमिगुआन ने चीनी सरकारी कर्मचारियों को आगाह किया है कि वे विदेशी एजेंसियों की चालों से सतर्क रहें. एजेंसी ने कहा है कि विदेशी जासूस निजी रिश्तों और कमजोरियों का फायदा उठाने की ताक में रहते हैं, इसलिए कर्मचारी अपने सामाजिक और पेशेवर दायरे पर कड़ी नजर रखें.

गौरतलब है कि चीन का राज्य सुरक्षा मंत्रालय (MSS) इन दिनों विदेशी जासूसी के खिलाफ एक बड़ा जागरूकता अभियान चला रहा है. प्रशासन ने पहले भी सरकारी अफसरों, शोधकर्ताओं, प्रोफेसरों और संवेदनशील तकनीक पर काम करने वाले छात्रों को सतर्क रहने को कहा है. मंत्रालय के अनुसार, विदेशी एजेंट सोशल मीडिया पर फर्जी पत्रकार, व्यापारी या दोस्त बनकर लोगों को अपने जाल में फंसाते हैं और रिसर्च या निवेश के बहाने देश की सुरक्षा से जुड़ी जानकारियां चुराते हैं.

यह भी पढ़ेंः Nvidia ने जेनसन हुआंग को फिर बनाया CEO; बोर्ड बोला- नेशनल सिक्योरिटी को खतरा नहीं, सरकार ने भी दी हरी झंडी

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

रवींद्र प्रताप सिंह ने साल 2015 में जागरण.कॉम से डिजिटल मीडिया में कदम रखा मौजूदा समय वो ज़ी न्यूज डिजिटल में चीफ सब एडिटर हैं. अगस्त 2025 में उन्होंने ज़ी न्यूज ज्वाइन किया है. रवींद्र देश और दुनिया की खबरों के अलावा खेलों में क्रिकेट जगत और क्राइम की खबरों पर बेहतरीन पकड़ रखते हैं. इसके पहले रवींद्र रिपब्लिक भारत में इवनिंग शिफ्ट के इंचार्ज रहे और शाम की शिफ्ट संभालते हुए होम पेज की जिम्मेदारी रवींद्र के ऊपर थी. उससे पहले रवींद्र ने जनसत्ता और न्यूज नेशन में भी शाम की शिफ्ट और होम पेज की जिम्मेदारी बखूबी निभाई. इसके पहले रवींद्र ने 5 सालों तक पी7 और लाइव इंडिया जैसे न्यूज चैनलों में काम किया था. रवींद्र आकाशवाणी में काम करने का अनुभव रखते. अवध यूनिवर्सिटी से मॉस कम्युनिकेशन से पोस्ट ग्रेजुएट रवींद्र पिछले डेढ़ दशक से सक्रिय पत्रकारिता कर रहे हैं. आप रवींद्र से जुड़ने के लिए Ravindra.Singh@India.com पर मेल कर सकते हैं या फिर फेसबुक पर संपर्क करने के लिए https://www.facebook.com/pintu.singh.397 और एक्स पर https://x.com/rs66533 रवींद्र से संपर्क किया जा सकता है. 
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES