App

नेपाल के PM बालेन शाह की फैमिली में कौन-कौन हैं? पत्नी-बेटी से लेकर बहन तक की पूरी जानकारी, जानिए कितनी है संपत्ति

नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह इन दिनों भारत के दो दिवसीय दौरे पर हैं. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के न्योते पर 22 नवंबर को दिल्ली पहुंचे शाह की आज (23 नवंबर) को पीएम मोदी के साथ द्विपक्षीय बातचीत होनी है. इस बीच लोग उनके राजनीतिक सफर के साथ-साथ परिवार और निजी जिंदगी के बारे में भी जानना चाहते हैं. आइए जानते हैं कि बालेन शाह के परिवार में कौन-कौन है और सरकारी रिकॉर्ड में उनकी कितनी संपत्ति दर्ज है.

नेपाल के PM बालेन शाह की फैमिली में कौन-कौन हैं? पत्नी-बेटी से लेकर बहन तक की पूरी जानकारी, जानिए कितनी है संपत्ति
Image Credit: प्रतिकात्मक AI इमेज | बालेन शाह के परिवार में कौन-कौन?

नेपाल की राजनीति में बालेन शाह का नाम तेजी से चर्चा में आया है. रैपर से इंजीनियर और फिर नेता बने बालेन मार्च 2026 में देश के प्रधानमंत्री बने. उनकी पहचान एक ऐसे नेता के रूप में रही है, जिन्होंने पारंपरिक राजनीति से अलग अपनी जगह बनाई.

बालेन शाह का पूरा नाम बालेंद्र शाह है. उनका परिवार मूल रूप से नेपाल के मधेश क्षेत्र से जुड़ा है, हालांकि बालेन शाह जन्म काठमांडू में हुआ था. उनके पिता आयुर्वेदिक चिकित्सक थे. परिवार में उनकी पत्नी, एक बेटी और भाई-बहन भी हैं.

पत्नी सबीना काफले कौन हैं?

बालेन शाह की पत्नी का नाम सबीना काफले है. दोनों की शादी साल 2018 में हुई थी. सबीना पब्लिक हेल्थ सेक्टर में काम करती हैं. यानी उनका काम स्वास्थ्य से जुड़े विषयों और लोगों की सेहत को बेहतर बनाने से जुड़ा है. बालेन और सबीना की एक बेटी भी है, जिसका जन्म साल 2023 में हुआ था. बालेन की पत्नी आमतौर पर सार्वजनिक कार्यक्रमों और राजनीतिक गतिविधियों से दूर रहती हैं. हालांकि, प्रधानमंत्री बनने के बाद उनकी निजी जिंदगी को लेकर लोगों की दिलचस्पी बढ़ी है.

पिता डॉक्टर, बहन कलाकार

बालेन शाह के पिता का नाम राम नारायण शाह था. वह आयुर्वेदिक चिकित्सक थे. उनकी मां का नाम ध्रुवदेवी शाह है. परिवार की जड़ें मधेश क्षेत्र से जुड़ी हैं और बालेन अपने माता-पिता के सबसे छोटे बेटे हैं. उनकी बड़ी बहन सुजाता शाह सिजेकन कलाकार हैं और बेंगलुरु में रहती हैं. बालेन की पढ़ाई और शुरुआती जीवन का भी बेंगलुरु से कनेक्शन रहा है. उनके भाई का जिक्र भी परिवार से जुड़ी मीडिया रिपोर्टों में मिलता है. लेकिन इसको लेकर कोई कन्फर्म डिटेल नहीं है.

बालेन शाह की पत्नी सबीना

कितनी है बालेन शाह की नेटवर्थ?

अब बात उस सवाल की, जिसे लेकर इंटरनेट पर सबसे ज्यादा सर्च किया जा रहा है. बालेन शाह की नेटवर्थ कितनी है? साल 2025 की कुछ मीडिया रिपोर्टों में उनकी कुल संपत्ति 5 से 6 करोड़ नेपाली रुपये बताई गई थी. भारतीय रुपये में यह रकम करीब 3.1 से 3.75 करोड़ बैठती है. हालांकि, इस आंकड़े को उनकी पक्की नेटवर्थ मानना सही नहीं होगा. यह मीडिया रिपोर्टों में दिया गया अनुमान है. अप्रैल 2026 में प्रधानमंत्री कार्यालय की तरफ से जारी संपत्ति के ब्योरे में उनकी आर्थिक स्थिति को लेकर ज्यादा ठोस जानकारी सामने आई थी.

सरकारी रिकॉर्ड में कितनी संपत्ति?

नेपाल के प्रधानमंत्री कार्यालय की तरफ से सार्वजनिक किए गए ब्योरे के अनुसार, बालेन शाह ने अपने बैंक खातों में 1 करोड़ 46 लाख नेपाली रुपये जमा होने की जानकारी दी थी. उन्होंने इस कमाई का मुख्य स्रोत फेसबुक, यूट्यूब, टिकटॉक और स्पॉटिफाई जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म को बताया. उनके सोशल मीडिया अकाउंट पर लाखों फॉलोअर्स हैं. संपत्ति के ब्योरे में परिवार के नाम पर जमीन और पत्नी के पास पुश्तैनी सोने-चांदी के गहनों का भी जिक्र है. रिपोर्टों के अनुसार, पत्नी सबीना के नाम पर 190 तोला सोने-चांदी की संपत्ति दर्ज है.

लैंड रोवर डिफेंडर को लेकर भी हुई थी चर्चा

जनवरी 2026 में बालेन शाह को एक लग्जरी लैंड रोवर डिफेंडर में सफर करते देखा गया था. इसकी कीमत 4 करोड़ नेपाली रुपये से ज्यादा बताई गई थी. इस गाड़ी को लेकर सोशल मीडिया पर उनकी संपत्ति पर सवाल उठे थे. हालांकि, काठमांडू पोस्ट की रिपोर्ट के अनुसार, यह गाड़ी बालेन शाह के नाम पर रजिस्टर्ड नहीं थी, बल्कि रुपनदेही की एक कंपनी के नाम पर थी. कंपनी के एक इनवेस्टर ने भी लोकल मीडिया को बताया था कि गाड़ी शाह को इस्तेमाल के लिए दी गई थी. इसलिए इसे उनकी निजी संपत्ति मानना सही नहीं होगा.

संपत्ति को लेकर क्या है असली तस्वीर?

बालेन शाह की संपत्ति पर चर्चा करते समय दो बातों को अलग-अलग समझना जरूरी है. 5-6 करोड़ नेपाली रुपये का आंकड़ा पुराना मीडिया अनुमान है, जबकि अप्रैल 2026 में सार्वजनिक किया गया संपत्ति का ब्योरा सरकारी रिकॉर्ड पर आधारित है. इस ब्योरे में बैंक जमा, जमीन और परिवार की संपत्ति का उल्लेख है, लेकिन इसे सीधे उनकी कुल नेटवर्थ नहीं कहा जा सकता. फिलहाल उपलब्ध जानकारी के आधार पर यही कहा जा सकता है कि बालेन शाह की कमाई में सोशल मीडिया की अहम भूमिका है और उनकी संपत्ति को लेकर सबसे भरोसेमंद जानकारी उनका सार्वजनिक किया गया सरकारी ब्योरा ही है.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Santosh Kumar Mishra

Santosh Kumar Mishra

संतोष मिश्रा जी न्यूज में सब एडिटर के तौर पर कार्यरत हैं. वह पिछले 4.5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं. ट्रैवल, फीचर, ऑफबीट, ट्रेंडिंग और वायरल खबरों के साथ-साथ टेक और साइंस से जुड़ी खबरों में भी उनकी विशेष विशेषज्ञता है. उनकी खबरें अपनी विश्वसनीयता और सटीक जानकारी के लिए जानी जाती हैं. आसान और सहज भाषा में लिखे गए उनके कंटेंट को पाठक काफी पसंद करते हैं. सोशल मीडिया की दुनिया (Instagram, X, Reddit, Threads और Facebook) पर उनकी अच्छी पकड़ है. वह ट्रेंडिंग विषयों पर लगातार नजर रखते हैं और फ्रेश व यूनिक खबरें पाठकों तक पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं. संतोष मिश्रा इससे पहले News Nation और India Ahead जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में भी काम कर चुके हैं. उन्होंने बुंदेलखंड विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन (PG) किया है.
Read More