दुबई से इजरायल जा रहे एक और विमान ने अचानक रास्ता बदला, कॉकपिट में चाकूबाजी के बाद दूसरी फ्लाइट में क्या हुआ?
दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की उड़ान में कॉकपिट के अंदर पायलटों के बीच हिंसक झड़प और चाकूबाजी की खबर से हड़कंप मच गया. इसी रूट की दूसरी फ्लाइट भी तकनीकी खराबी के चलते दुबई लौट आई.
दुबई से तेल अवीव जा रहे विमान में हुई हिंसक घटना से अभी पूरी तरह पर्दा भी नहीं उठा था कि इसी रूट पर जा रहा एक और विमान बीच रास्ते से वापस दुबई लौट आया. पहली घटना में कॉकपिट के अंदर पायलटों के बीच हिंसक झड़प की खबर सामने आई थी, जबकि दूसरी फ्लाइट के लौटने की वजह शुरुआत में स्पष्ट नहीं थी. हालांकि बाद में अधिकारियों ने बताया कि विमान को तकनीकी खराबी के कारण वापस मोड़ा गया.
इससे पहले खबर आई थी कि दुबई से तेल अवीव जा रही 'फ्लाई दुबई' की उड़ान को 'पायलटों के बीच हिंसक विवाद' के चलते सऊदी अरब में इमरजेंसी लैंडिंग करनी पड़ी. यह जानकारी इजरायली मीडिया की ओर से दी गई. यरूशलेम पोस्ट ने अफसरों के हवाले से बताया कि दो पायलटों के बीच 'हिंसक' झगड़े के बाद विमान को इमरजेंसी लैंडिंग करनी पड़ी. हालांकि, विमान में सवार सभी लोग सुरक्षित हैं. पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
कॉकपिट में बड़ा था खून
टाइम्स ऑफ इजरायल ने विमान में सवार मुसाफिरों के हवाले से बताया कि एक पायलट ने दूसरे पायलट पर चाकू से हमला किया. कुछ इजरायली यात्रियों ने हमलावर को काबू करने में क्रू की मदद की. फ्लाइट में मौजूद एक और यात्री, मिरियम ने 'चैनल-15' को बताया कि यात्रियों ने फ्लाइट के दौरान चिल्लाने की आवाज सुनी थी. जब कॉकपिट का दरवाजा खोला गया, तो अंदर खून पड़ा था. उनके मुताबिक, एक पायलट पर फोल्डिंग चाकू से हमला किया गया था. यात्रियों और क्रू ने मिलकर लड़ाई में दखल दिया और उसे रोका. इसके बाद, प्लेन की इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई. न्यूज एजेंसी IANS ने अपनी रिपोर्ट में मिरियम के हवाले से आगे बताया कि एक समय यात्रियों को लगा कि वे जिंदा नहीं बच पाएंगे.
फ्लाइट ट्रैकिंग डेटा के मुताबिक, यूनाइटेड अरब अमीरात के दुबई से इजरायल के तेल अवीव जा रही फ्लाई दुबई की उड़ान एफजेड 1073 (बोइंग 737 मैक्स 8) ने पहले 7700 का 'स्क्वॉक कोड' भेजा था, जो एक इंटरनेशनल इमरजेंसी सिग्नल है. वहीं, कुछ देर बाद 7500 कोड भेजा, जो विमान में गैर-कानूनी दखल का संकेत देता है, जिसमें संभावित अपहरण भी शामिल है. हालांकि, सिर्फ सिग्नल से यह पता नहीं चलता कि फ्लाइट में क्या हुआ था. इस उड़ान में लगभग 180 इजरायली यात्री सवार थे.
अचानक 34000 फीट नीचे आ गया था विमान
सीएनएन ने अपनी रिपोर्ट में बताया कि ईस्टर्न टाइम (ईटी) के हिसाब से लगभग 1:20 बजे, विमान की ऊंचाई 34000 फीट से घटकर लगभग 16600 फीट यानी लगभग 17400 फीट घट गई, जिसके बाद इमरजेंसी सिग्नल जारी किया गया. विमान से पहला इमरजेंसी सिग्नल 1:32 बजे ईटी पर भेजा गया था.