VIDEO: नेपाल में तबाही का एक और भयानक मंजर; चंद सेकेंड में गंडकी नदी में आ गिरा विशाल पहाड़
नेपाल से एक और तबाही वाला वीडियो सामने आया है, मुस्तांग में पहाड़ खिसकने का नया वीडियो सामने आया है. वीडियो में देखा जा सकता है कि चंद सेकेंड में किस तरह पहाड़ का एक बड़ा हिस्सा नदी में आ गिरता है.
नेपाल इस समय भयानक कुदरती आफतों का सामना कर रहा है. 26 अगस्त 2026 को आए फ्लैश फ्लड के भयावह निशान अभी मिटे नहीं हैं और एक बार फिर से तबाही की खौफनाक तस्वीरें सामने आ गई हैं. ताजा घटना नेपाल के मुस्तांग की है, जहां अचानक पहाड़ का एक विशाल हिस्सा भरभराकर काली गंडकी नदी की घाटी में जा गिरा. सोशल मीडिया पर 23 सेकेंड का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें देखा जा सकता है कि किस तरह पहाड़ का बड़ा सा हिस्सा नीचे खिसक रहा है.
वायरल हो रहे वीडियो में देखा जा सकता है कि पहाड़ी चट्टान और मलबे का सैलाब नदी में किस तरह गिरा. नदी में मलबा गिरने के बाद काली गंडकी का बहाव भी थम गया. कुछ देर तक नदी पूरी तरह रुकी रही, फिर पानी ने मलबे के बीच से अपना रास्ता बना लिया और दोबारा बहने लगा. हालांकि, नदी का पूरा बहाव अब भी बड़ी मिकदार में मलबो होने की वजह से बाधित है. पहाड़ टूटने की इस घटना ने इलाके में दहशत पैदा कर दी है.
जमीन खिसकने से 24 लोगों की मौत
नेपाल के अंदर हाल ही में आई बाढ़ और जमीन खिसकने की घटनाओं में कम से कम 24 लोगों की मौत हो गई है और 14 लोग लापता हैं. गंडकी राज्य के अंदर, लगातार तीन दिनों की भारी बारिश के बाद शनिवार को काली गंडकी नदी का जलस्तर बढ़ना शुरू हुआ और रविवार सुबह तक यह भीषण बाढ़ का रूप ले चुका था. इस नदी ने मुस्तांग और म्याग्दी से लेकर पर्वत और स्यांग्जा तक तबाही मचाई और पर्वत जिले के एक गांव में तो पूरी बस्ती ही बह गई. जमीन खिसकने की वजह से चितवन जाने वाले हाईवे भी बंद हो गए हैं, जिससे खोज और बचाव का काम मुश्किल हो गया है. जबकि सुरक्षा बलों ने हजारों लोगों को सुरक्षित जगहों पर पहुंचाया है.
मनांग जिले के हिमलुंग में आया बर्फीला तूफान
नेपाल पुलिस के मुताबिक रविवार को मनांग जिले में हिमलुंग हिमाल के बेस कैंप पर बर्फीला तूफान (एवलांच) आने से दो लोगों की मौत हो गई और 10 अन्य लोग लापता हैं. यह बर्फीला तूफान 7126 मीटर ऊंची चोटी के नार फू इलाके में आया और एक टेंट को अपनी चपेट में ले लिया, जिसमें नौ पर्वतारोही और 13 सपोर्ट स्टाफ ने शरण ली हुई थी.
फ्लैश फ्लड में 1400 से ज्यादा लोगों की मौत
इससे पहले 26 अगस्त 2026 को भोटेकोशी बाढ़ ने नेपाल को सबकुछ तबाह कर दिया था. जिसमें 1400 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई थी. जबकि 6000 से ज्यादा लोग अभी-भी लापता हो गए हैं. हालांकि यह घटना सामान्य बारिश का हिस्सा नहीं थी. ल्हेंदे खोला घाटी में ग्लेशियर का बड़ा हिस्सा टूटकर गिरा, जिससे भारी मात्रा में बर्फ, चट्टान और मलबा नदी में आया और बेहद तेज फ्लड वेव नीचे की ओर दौड़ी.