SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

कॉन्सर्ट किस से लेकर ऑफिस रोमांस तक... जब निजी रिश्तों ने छीन ली इन 7 पावरफुल CEOs की कुर्सी!

आइए जानते हैं उन 7 पावरफुल CEOs के बारे में, जिन्हें ऑफिस अफेयर छिपाने के चलते या तो बोर्ड की सख्त जांच झेलनी पड़ी या फिर अपनी नौकरी से हाथ धोना पड़ा.

Written By Bhoopendra Rai
Published: Nov 12, 2026, 08:55 PM IST | Updated: Nov 12, 2026, 09:08 PM IST
Join

दुनिया की सबसे बड़ी AI चिप कंपनी एनवीडिया (Nvidia) के CEO जेन्सेन हुआंग ने पद छोड़ दिया है. उन पर चीनी जासूस से रिश्ते रखने का आरोप लगा है. फिलहाल, कंपनी की CFO और एग्जीक्यूटिव वाइस प्रेसिडेंट कोलेट क्रेस को अंतरिम CEO बनाया गया है. हालांकि, यह पहला मौका नहीं है जब निजी रिश्तों के चक्कर में किसी बड़े बॉस की कुर्सी गई हो. Nvidia के जेन्सेन हुआंग से लेकर BP के बर्नार्ड लूनी तक, कई दिग्गज CEOs को अपने सीक्रेट रिलेशनशिप की भारी कीमत चुकानी पड़ी है.

1. जेन्सेन हुआंग (एनवीडिया)

इस लिस्ट में पहला नाम जेन्सेन हुआंग का है. उन्होंने AI चिप कंपनी Nvidia के CEO पद से इस्तीफा दे दिया है. एक रिपोर्ट में हुआंग और चीनी एजेंट एलिस की करीबी मुलाकातों का खुलासा हुआ था, जिसके बाद कंपनी के बोर्ड ने उनके खिलाफ जांच बैठाई थी. जांच के दौरान मेगीस्पीड की पूर्व अधिकारी एलिस हुआंग के साथ उनके रिश्ते को विदेशी जासूसी के एंगल से खंगाला गया. हालांकि, जांच में कंपनी का कोई सीक्रेट लीक होने की बात सामने नहीं आई.

2. एंडी बायरन (Astronomer)

सॉफ्टवेयर कंपनी Astronomer के CEO एंडी बायरन को साल 2025 में इस्तीफा देना पड़ा था. Coldplay के एक कॉन्सर्ट का वीडियो वायरल हुआ था. इसमें वह अपनी ही कंपनी की चीफ पीपल ऑफिसर के साथ नजदीकियां बढ़ाते नजर आए थे. वीडियो सामने आते ही कंपनी ने तुरंत अंदरूनी जांच शुरू की. नतीजा यह हुआ कि दोनों को ही अपने-अपने पद छोड़ने पड़े.

3. ब्रायन क्रजानिक (Intel)

टेक दिग्गज Intel के CEO ब्रायन क्रजानिक को साल 2018 में अपनी कुर्सी छोड़नी पड़ी थी. एक जांच में खुलासा हुआ था कि उनका अपनी ही कंपनी की एक कर्मचारी के साथ पुराना रिश्ता रहा है. Intel ने साफ किया कि यह कंपनी की सख्त 'नॉन-फ्रैटरनाइजेशन पॉलिसी' (ऑफिस में सहकर्मियों के साथ रिश्तों पर रोक लगाने वाले नियम) का सीधा उल्लंघन था, जो सभी मैनेजर्स पर लागू होती है.

4. एलन शॉ (Norfolk Southern)

रेलवे कंपनी Norfolk Southern ने साल 2024 में अपने CEO एलन शॉ को पद से हटा दिया था. जांच में पता चला था कि उनके अपनी ही चीफ लीगल ऑफिसर के साथ आपसी सहमति से रिश्ते थे. कंपनी ने साफ कहा कि यह हरकत उनके आंतरिक नियमों के खिलाफ है, हालांकि इससे कंपनी के बिजनेस पर कोई असर नहीं पड़ा.

5. बर्नार्ड लूनी (BP)

दिग्गज एनर्जी कंपनी BP के CEO बर्नार्ड लूनी ने साल 2023 में अचानक पद छोड़ दिया था. उन्होंने खुद माना था कि अपने सहकर्मियों के साथ रहे पुराने रिश्तों को लेकर उन्होंने कंपनी से पूरी सच्चाई छिपाई थी. इससे पहले भी कंपनी ने इन आरोपों की जांच की थी और उनसे इस बारे में लिखित भरोसा मांगा था.

6. जेफ शेल (NBCUniversal)

NBCUniversal के CEO जेफ शेल को भी साल 2023 में कंपनी छोड़नी पड़ी थी. एक महिला कर्मचारी के साथ अनुचित संबंधों की जांच के बाद उनकी विदाई हुई थी. बाद में पेरेंट कंपनी Comcast ने भी माना कि अंदरूनी जांच में यौन उत्पीड़न (sexual harassment) के गंभीर आरोप सही पाए गए थे.

7. एशले बुकानन (Kohl's)

रिटेल चेन Kohl's ने साल 2025 में अपने CEO एशले बुकानन को नौकरी से निकाल दिया था. उन पर हितों के टकराव (conflict of interest) को छिपाने का आरोप लगा था. जांच में पता चला कि उन्होंने नियमों को ताक पर रखकर कंपनी का बिजनेस एक ऐसे वेंडर को दिलाया, जिसकी स्थापना उस शख्स ने की थी, जिसके साथ बुकानन के निजी संबंध थे.

ये भी पढ़ें: Nvidia के CEO जेन्सेन हुआंग ने दिया इस्तीफा, गंभीर आरोपों के बाद कंपनी ने कोलेट क्रेस को सौंपी कमान

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

पत्रकारिता में 9 साल से सक्रिय भूपेंद्र कुमार राय Zee News में सीनियर सब एडिटर के तौर पर न्यूज टीम का हिस्सा हैं, देश विदेशी की खबरें कवर करते हैं. 2017 में ETV Bharat (हैदराबाद) से करियर की शुरुआत करने के बाद वे 2020 में Zee News पहुंचे, जहां 2022 तक काम किया. 2023 में News24 की स्पोर्ट्स टीम को लीड करने का मौका मिला. इसके बाद India Daily Live में बतौर चीफ सब एडिटर स्पोर्ट्स टीम के साथ जुड़े. 2024 में दोबारा News24 लौटे और नई स्पोर्ट्स वेबसाइट लॉन्चिंग का अहम हिस्सा रहे. अक्टूबर 2025 में News24 से अलविदा लेकर एक बार फिर Zee News पहुंचे हैं. खेलों में गहरी रुचि रखते हैं और क्रिकेट वर्ल्ड कप, एशियन गेम्स, ओलंपिक गेम्स, हॉकी वर्ल्ड कप समेत बड़े खेल इवेंट को कवर करने का अनुभव है. ब्रेकिंग न्यूज, क्रिकेट एनालिसिस और किस्से-कहानियों पर अच्छी पकड़ है. जी न्यूज में खेल से जुड़ी खबरों के बाद अब न्यूज टीम के साथ रियलटाइम न्यूज पर काम कर रहे हैं. एक्सप्लेनर और किसी भी मुद्दे पर रिसर्च के साथ उसे आसान भाषा में पाठकों तक पहुंचा रहे हैं. आप Bhoopendra.Rai@zeemedia.com पर सीधे ईमेल या फिर नीचे X और Facebook से जुड़ सकते हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES