न्यूज पढ़ते-पढ़ते एंकर ने सुना दी 'गुड न्यूज', 59 की उम्र में प्रेग्नेंसी का ऐलान कर चौंकाया!
न्यूज एंकर द्वारा लाइव शो के दौरान 59 की उम्र में मां बनने के ऐलान ने सबको चौंका दिया. जानिए इस हैरान कर देने वाली और वायरल हो रही अनोखी खबर की पूरी डीटेल.
ब्रिटेन की जानी-मानी टेलीविजन होस्ट और जनरल प्रैक्टिसनर डॉ. रेनी होएंडरकैम्प ने हाल ही में अपने एक लाइव शो के दौरान कुछ ऐसा किया, जिसने वहां मौजूद को-होस्ट्स और देखने वाले दर्शकों को पूरी तरह हैरान कर दिया. 59 साल की उम्र में मां बनने जा रही डॉ. रेनी ने जब ऑन-एयर अपनी प्रेगनेंसी की खबर साझा की, तो किसी को भी इस बात पर यकीन नहीं हुआ. आइए जानते हैं पूरा मामला और क्यों उनकी इस घोषणा पर सोशल मीडिया पर इतना बड़ा बवाल मच गया है.
GB News के लोकप्रिय शो 'द सैटरडे फाइव' के दौरान यह हैरान कर देने वाला पल सामने आया. शो की को-होस्ट डॉ. रेनी होएंडरकैम्प ने अपने साथियों से कहा कि उनके पास एक ऐसी खबर है जिसके बारे में अभी तक पैनल या बाहर के किसी भी शख्स को कोई जानकारी नहीं है. इसके बाद उन्होंने मुस्कुराते हुए बताया कि वह जल्द ही तीसरी बार मां बनने वाली हैं.
खबर सुनते ही पैनल में छाया सन्नाटा
यह खबर सुनते ही वहां सन्नाटा छा गया और उनके साथी पैनलिस्ट्स पूरी तरह चौंक गए. हालांकि, कुछ सेकंड के इस सरप्राइज के बाद सबने खुद को संभाला और उन्हें गर्मजोशी से बधाई दी. एक सह-कलाकार ने तो अपनी सीट से उठकर उन्हें गले भी लगाया.
सोशल मीडिया पर मां बनने की उम्र को लेकर बहस
जैसे ही यह खबर बाहर आई, दुनिया भर से कई लोगों ने उन्हें ढेरों बधाइयां दीं और उनकी इस नई शुरुआत के लिए शुभकामनाएं भेजीं. लेकिन इसके साथ ही सोशल मीडिया पर आलोचनाओं और बहस का एक दौर भी शुरू हो गया. कई लोगों ने उनकी उम्र को लेकर सवाल खड़े किए और इसे गलत ठहराया. आलोचकों का मुख्य तर्क यह था कि इस उम्र में बच्चे को जन्म देना सही नहीं है और कुछ ने तो यहां तक कह दिया कि वह शायद अपने बच्चे को वयस्क होते हुए देखने के लिए जीवित भी न रहें.
आलोचकों को डॉ. रेनी का करारा और बेबाक जवाब
इन तीखी आलोचनाओं और बहसों का जवाब देते हुए डॉ. रेनी ने 'डेली मेल' (Daily Mail) के लिए लिखे एक आर्टिकल में खुलकर अपनी बात रखी. उन्होंने आलोचकों से सीधा सवाल करते हुए लिखा, 'कई लोगों ने सुझाव दिया है कि मैं यह बच्चा 'अपने लिए' कर रही हूं. तो क्या यह बात उन लगभग सभी महिलाओं पर लागू नहीं होती जो सोच-समझकर मां बनने का फैसला करती हैं?'
यह भी पढ़ेंः हवा में ही आग का गोला बना प्लेन...खत्म हो गए सभी यात्री, रूस में दर्दनाक विमान हादसा; वीडियो देख दहल उठेगा दिल
उन्होंने आगे कहा कि हम आम तौर पर 20 या 30 की उम्र की महिलाओं से यह साबित करने की मांग नहीं करते कि वे परोपकार के रूप में बच्चे चाहती हैं. तो फिर एक बड़ी उम्र की महिला के लिए यही इच्छा अचानक नैतिक रूप से संदिग्ध क्यों बन जाती है? अपनी उम्र और स्वास्थ्य को लेकर चिंता जताने वालों पर उन्होंने कहा कि लोग बर्थ सर्टिफिकेट पर लिखी संख्या पर जरूरत से ज्यादा ध्यान दे रहे हैं. उन्होंने साफ किया कि वह अपनी सेहत का बहुत ख्याल रखती हैं और अपनी आधी उम्र के कई युवाओं से ज्यादा फिट महसूस करती हैं.
लंबी उम्र की अनिश्चितता पर संवेदनशील बयान
अपनी लंबी उम्र की अनिश्चितता पर बात करते हुए उन्होंने एक बेहद संवेदनशीलता भरा बयान दिया. उन्होंने स्वीकार किया, 'यह एक जायद चिंता है और मैंने इस पर बहुत सोच-विचार किया है. मैं यह वादा नहीं कर सकती कि जब मेरी बेटी 30 साल की होगी, या 20 साल की भी होगी, तब तक मैं जीवित रहूंगी. लेकिन ऐसा कौन कह सकता है? बीमारी और त्रासदी यह पूछकर नहीं आती कि कोई व्यक्ति रिटायरमेंट की उम्र तक पहुंचा है या नहीं.' उन्होंने यह भी जोड़ा कि इसका मतलब यह नहीं है कि उम्र कोई मायने नहीं रखती, लेकिन इस डर से एक बच्चे को मिलने वाले प्यार, सुरक्षा और खुशहाल बचपन से वंचित नहीं किया जा सकता.
पुरुष पिता बनें तो उपलब्धि, महिला मां बने तो आक्रोश
डॉ. रेनी ने इस पूरे विवाद के पीछे समाज में फैले दोहरे मापदंड पर भी गहरी चोट की. उन्होंने एक बहुत ही गौर करने वाली बात कही कि जब उन्होंने अपनी प्रेगनेंसी का ऐलान किया, तो लोगों को उनकी 59 साल की उम्र पर तो बहुत कुछ कहना था, लेकिन उनके 66 साल के पति की उम्र पर किसी ने एक शब्द भी नहीं उठाया. उन्होंने कहा कि समाज में ज्यादा उम्र में पिता बनना हमेशा से एक अजीबोगरीब बात या कभी-कभी एक बड़ी उपलब्धि की तरह देखा जाता रहा है. पुरुष अक्सर ढलती उम्र में पिता बनते हैं और उन पर कभी इस तरह का सार्वजनिक गुस्सा या नाराजगी नहीं निकाली जाती.
उन्होंने अंत में सवाल उठाया, 'जाहिर है कि बुजुर्ग माताओं और पिताओं के बीच जैविक अंतर होते हैं, लेकिन जब आलोचना मेडिकल जोखिमों से आगे बढ़कर स्वार्थी होने के आरोपों तक पहुंच जाती है, तो सारा नैतिक गुस्सा सिर्फ महिलाओं पर ही क्यों बरसता है?' डॉ. रेनी का यह बयान आज भी समाज में महिलाओं और पुरुषों को लेकर बनी पुरानी सोच पर एक बड़ा सवालिया निशान लगाता है.
यह भी पढ़ेंः AI की रफ्तार, साइबर संसार में हाहाकार! क्या है ARTEX, जिसे लेकर फूले हाथ-पांव; FBI ने भी जारी कर दिया अलर्ट