Orangutan Found in Odisha: महात्मा बुद्ध का विचार है कि सभी प्राणियों के प्रति दयाभाव रखें, चाहे वे कमजोर हों या बलवान. किसी भी जीव को उसके प्राकृतिक जीवन से वंचित करना अधर्म है. धन के लोभ में जब हर मर्यादा तोड़ी जा रही है तब धरती पर मौजूद दूसरे जीव जंतुओं को भी उनके प्राकृतिक आवास से दूर किया जा रहा है. ओडिशा में बालासोर के जंगल में 5 ऑरंगुटान मिले हैं. इन्हें आमतौर पर वनमानुष भी कहा जाता है.जंगल में जानवर का मिलना कोई चमत्कार नहीं है. लेकिन बालासोर के जंगल में ऑरंगुटान का मिलना हैरान करने वाली घटना है, क्योंकि भारत में ऑरंगुटान नहीं मिलते हैं. फिर ये कहां से आए. क्या ये प्राकृतिक तौर पर भारत पहुंचे हैं या इनके बालासोर पहुंचने का रहस्य कुछ और है. अब हम इसी रहस्य को डिकोड करेंगेओडिशा में पाए गए 5 वनमानुषबालासोर के बादापाई गांव के पास रनकथा प्रोटेक्टेड रिजर्व फॉरेस्ट में 5 वनमानुष मिले हैं. इनमें से 3 नर और 2 मादा हैं. इनकी उम्र करीब 6 महीने से 1 साल के बीच है. ये ऑरंगुटान के बच्चे हैं. जंगल से रेस्क्यू करने के बाद इन्हें सुरक्षित नंदन कानन जूलॉजिकल पार्क ले जाया गया. यहां इन्हें डॉक्टर्स की निगरानी में क्वारंटीन रखा गया है. इनके खानपान और सेहत पर डॉक्टर नजर रख रहे हैं.ऑरंगुटान और मनुष्य का DNA करीब 97 प्रतिशत तक मिलता है. इसलिए बोलचाल में उन्हें वनमानुष कहा जाता है. आप मेरी बाईं तरफ चल रहे वीडियो के जरिए इस समानता को समझ सकते हैं. जैसे बच्चे माता-पिता से दूर होने पर उदास होते हैं, गुमशुम होते हैं. वैसे ही ये बाल वनमानुष क्वारंटिन सेंटर में खोये-खोये से हैं. इनकी गतिविधियां देखकर ये साफ है कि ये खेल नहीं रहे हैं. एक दूसरे को सांत्वना और हौसला दे रहे हैं. अकेलापन के दर्द को बांट रहे हैं.जैसे हमारे बच्चे माता-पिता और परिवार से सालों सीखते हैं, जीव वैज्ञानिक बताते हैं कि वैसे ही ऑरंगुटान के बच्चे भी सालों अपने माता-पिता और झुंड से सीखते हैं. करीब 7 साल बच्चे अपनी मां के साथ रहते हैं, इस दौरान खाना पहचानना, पेड़ों पर रहना और जंगल में सुरक्षित तरीके से जीवन बिताना सीखते हैं. इसलिए सवाल ये है कि जब भारत के जंगल में ऑरंगुटान हैं ही नहीं तो बालासोर के जंगल में 6 महीने से 1 साल की उम्र के वनमानुष कहां से आए. कौन इन्हें इनके माता-पिता से छीनकर, झुंड से अलग कर बालासोर लाया है.इंडोनेशिया से कैसे पहुंचे ओडिशा?ऑरंगुटान बालासोर कैसे पहुंचे. इस सवाल को डिकोड करने के लिए पहले हमें ये समझना होगा कि इनका प्राकृतिक आवास कहां है. इनकी कितनी प्रजातियां हैं. ये जीव विज्ञान का बहुत पेंचिदा प्रश्न है. इसलिए हम सरल शब्दों में इसे समझते हैं.धरती के सबसे आकर्षक महान वानर कहे जानेवाले ऑरंगुटान की मुख्य तौर पर तीन प्रजातियां पाई जाती हैं. बोर्नियन, सुमात्रन और तपानुली ऑरंगुटान. जैविक गणना के मुताबिक तपानुली ऑरंगुटान की संख्या 800 से भी कम है. इन्हें लुप्तप्राय प्राणियों की श्रेणी में रखा गया है.ओडिशा में जो तीन ऑरंगुटान मिले हैं वो किस प्रजाति के हैं, इसकी जानकारी अभी साफ नहीं है. अब ये समझिए की ऑरंगुटान मूलत: कहां मिलते हैं. ये इंडोनेशिया और मलेशिया के मूल निवासी हैं. तीन प्रजातियों के ऑरंगुटान बोर्नियो और सुमात्रा द्वीप के वर्षावनों यानी उन जंगलों में पाए जाते हैं, जहां सालभर में 70 से 80 इंच बारिश होती है.कहां पाए जाते हैं बोर्नियो और सुमात्रा द्वीप?बोर्नियो और सुमात्रा द्वीप के वर्षावन में रहना इन्हें पसंद हैं. इस क्षेत्र के जंगल इनके प्राकृतिक आवास हैं. फिर ये भारत कैसे पहुंचे. पक्षियों की 370 से ज्यादा प्राजतियां हर साल भारत आती हैं. जिस ओडिशा के बालासोर में ऑरंगुटान मिले हैं, उसी ओडिशा के चिलिका झील में हर साल 10 लाख से ज्यादा प्रवासी पक्षी डेरा डालते हैं.देश में 5 'वनमानुष' अचानक कहां से आए? 'वनमानुष' खुद आए या कोई लेकर आया?ओरंगुटान को लेकर आने वालों की तलाश — Zee News (@ZeeNews) September 9, 2026साइबेरियाई सारस, ग्रेटर फ्लेमिंगो, यूरेशियन टील, रुडी शेलडक जैसे लाखों पक्षी अक्टूबर से नवंबर के बीच उड़कर भारत आते हैं. तो क्या ऑरंगुटान भी प्राकृतिक तरीके से भारत आए क्योंकि बालासोर से सुमात्रा द्वीप की हवाई दूरी करीब 2,900 किलोमीटर है. जबकि बोर्नियो द्वीप से बालासोर करीब 3,800 किलोमीटर दूर है.क्या ये संभव है कि करीब 4 हजार किलोमीटर का सफर तय कर ऑरंगुटान भारत आए. विशेषज्ञ कहते हैं ऐसा नहीं हो सकता है. क्योंकि ये जीव इतनी दूरी तय करने में सक्षम नहीं है. पहले भी ऐसा कोई उदाहरण नहीं मिलता है. इसलिए बालासोर में ऑरंगुटान का मिलना आश्चर्य नहीं आपराधिक घटना है. जीव विशेषज्ञ साफ शब्दों में कह रहे हैं ये किसी अंतरराष्ट्रीय तस्करी गिरोह का कारनामा है.मनुष्य की तरह होते हैं बहुत बुद्धिमानवैज्ञानिक रिसर्च में तथ्य सामने आए हैं कि ऑरंगुटान बहुत बुद्धिमान होते हैं. वे जरूरत के हिसाब से चीजों का इस्तेमाल कर सकते हैं. यही बुद्धिमानी इनकी दुश्मन भी है क्योंकि मनुष्य की तरह होने, मानव की तरह expressive, intelligent होने के कारण कई देशों के अमीर उन्हें अपने निजी कलेक्शन में रखते हैं. जी हां जैसे आम लोग घडियां, स्टॉम्प, किताबें का कलेक्शन रखते हैं वैसे ही कुछ देशों में अमीर दुलर्भ जीवों का कलेक्शन रखते हैं.जैसे आम लोग डॉग पालते हैं, वैसे की कई देशों में अमीर संग्रहकर्ता ऑरगुटांग जैसे लुप्तप्राय ग्रेट एप को अपने संग्रह में रखते हैं. दुर्लभ होने के कारण अंतरराष्ट्रीय बाजार में एक ऑरंगुटान की कीमत 20 से 25 लाख रुपये तक होती है. कई निजी चिड़िया घरों में इनकी डिमांड होती है. पर्यटकों के मनोरंजन के लिए इन्हें अवैध तरीके से तस्करी कर निजी चिड़ियाघरों में रखा जाता है.चीन जैसे कई देशों में जानवरों के अंग से तमाम तरह की दवाएं बनाई जाती हैं. इसलिए तस्करी कर ऑरंगउटांग को चीन पहुंचाया जाता है. बालासोर में जिन परिस्थियों में 5 बाल वनमानुष मिले हैं, उससे साफ है कि इन्हें तस्करी कर लाया गया था. आशंका जताई जा रही है इन्हें कहीं और ले जाया जा रहा था. लेकिन रास्ते में गड़बड़ी के कारण तस्कर इन्हें बालासोर में छोड़कर फरार हो गए. जानवरों की तस्करी एक बड़ा अंतरराष्ट्रीय अपराधिक व्यापार है. आप इसके आंकड़े जानकर हैरान हो जाएंगे.करीब 2 लाख 19 हजार करोड़ की है तस्करीइंटरपोल और वर्ल्ड बैंक जैसी वैश्विक संस्थाओं की रिपोर्ट के मुताबिक दुनिया में जानवरों की तस्करी का बाजार सालाना करीब 2 लाख 19 हजार करोड़ का है. ये रकम 55 देशों की सालाना GDP से ज्यादा है. अब समझिए ये कितना बड़ा कारोबार है. संयुक्त राष्ट्र और इंटरपोल जैसी संस्थाओं ने जानवरों की तस्करी को दुनिया का चौथा सबसे बड़ा संगठित क्राइम सिडिंकेट बताया है.संयुक्त राष्ट्र पर्यावरण कार्यक्रम की रिपोर्ट के मुताबिक भारत उन टॉप 10 देशों में शामिल हैं जहां से एयर ट्रांसपोर्ट के जरिए जानवरों की तस्करी होती है. अब ये भी जानिए, किन जानवरों की तस्करी सबसे ज्यादा होती है. सबसे ज्यादा तस्करी पैंगोलिन की होती है. शल्क और मांस के लिए इसे नाइजीरिया जैसे देशों से तस्करी कर चीन और वियतनाम पहुंचाया जाता है. जानवरों की तस्करी के कुल कारोबार में पैंगोलिन की तस्करी की हिस्सेदारी करीब 20% है.गैंडा जानवरों के तस्करों की दूसरी बड़ी पंसद है. सींग के लिए गैंडों को अवैध तरीके से चीन और वियतनाम पहुंचाया जाता है. दांत के लिए हाथियों की तस्करी होती है. पूर्वी और दक्षिण पूर्वी एशियाई देशों में हाथी दांत की सबसे ज्यादा डिमांड होती है. चीन, वियतनाम और लाओस जैसे देशों में बाघ के अंग से दवाएं बनाई जाती है. इसकी अवैध तस्करी की लिस्ट में बाघ भी शामिल है.इन जीवों की होती है सबसे ज्यादा तस्करीचिंपैंजी, गिब्बन, दुर्लभ कछुए, सांप, मगरमच्छ, तोते जैसे जीव भी तस्करों की लिस्ट में शामिल होते हैं. कुछ जीव पालने के लिए तो कुछ अंधविश्वास के कारण दवाएं बनाने के लिए एक देश से दूसरे देश ले जाए जाते हैं.पर्यावरण के लिए ये बड़ा खतरा है. तस्करी के कारण कई जानवर लुप्त होने के कगार पर पहुंच गए हैं. ऑरंगुटान भी लुप्त होने के कगार पर पहुंचे जीवों की श्रेणी में हैं. ऐसा इसलिए है क्योंकि एक मादा ऑरंगुटान 7 से 9 साल में केवल एक बच्चे को जन्म देती है.बाल ऑरंगुटान करीब 7 साल तक अपनी मां के साथ रहता है. जीव वैज्ञानिकों की कहना है कि एक बच्चे ऑरगुटान को पकड़ने के लिए मादा ऑरंगुटान की हत्या की जाती है. यानी बालासोर में मिले 5 ऑरंगुटान को पकड़ने के लिए 5 मादा ऑरंगुटान की हत्या का अपराध भी किया गया होगा.7 साल बाद भारत में दिखे ऑरंगुटानएजेंसियां इस अपराध तंत्र में शामिल तस्करों की तलाश कर रही है. अच्छी बात ये है कि पांचों बाल वनमानुष स्वस्थ्य हैं, डॉक्टर उनकी देखभाल कर रहे हैं. दूसरी अच्छी बात ये है कि 7 साल बाद भारत में ऑरंगुटान दिखे हैं. पहले नंदनकानन चिड़ियाघर में 'बिन्नी' नाम की ऑरंगुटान हुआ करती थी. 41 साल की उम्र में 2019 में बिन्नी की मौत हो गई थी.