App

ठंड की धमाकेदार एंट्री: उत्तराखंड में 19 अक्टूबर तक बिगड़ा रहेगा मौसम का मिजाज, जानें अपने जिले का ताजा हाल

Uttarakhand ka Mausam: उत्तराखंड के मौसम में एक बार फिर उलटफेर होने वाला है. पहाड़ से लेकर मैदान तक 15 और 16 अक्टूबर को बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है. मौसम विभाग का कहना है कि 14 और 15 अक्टूबर को देहरादून, हरिद्वार, नैनीताल, टिहरी, पौड़ी, अल्मोड़ा, चमोली समेत कई जिलों में आंधी, बारिश और ओलावृष्टि हो सकती है. जानिए अगले कुछ दिनों तक मौसम कैसा रहेगा?

ठंड की धमाकेदार एंट्री: उत्तराखंड में 19 अक्टूबर तक बिगड़ा रहेगा मौसम का मिजाज, जानें अपने जिले का ताजा हाल

Uttarakhand Weather Today: मानसून की विदाई के बाद उत्तराखंड में मौसम एक बार फिर गुलाटी मारने को तैयार है. पर्वतीय क्षेत्रों से लेकर मैदानी इलाकों तक ठंड ने दस्तक दे दी है. इसके साथ ही तेजी से मौसम का मिजाज बदलने जा रहा है. देहरादून मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, 15 और 16 अक्टूबर को प्रदेश के ज्यादातर जिलों में मौसम में बड़ा बदलाव होगा, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी और सिहरन बढ़ जाएगी.

मैदानों में आंधी, ओलावृष्टि और बारिश का सिलसिला
मौसम निदेशक सीएस तोमर का कहना है कि 14 और 15 अक्टूबर को देहरादून, हरिद्वार, नैनीताल, टिहरी, पौड़ी, अल्मोड़ा, चमोली समेत कई जिलों में गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने, तेज झोंकेदार हवाएं चलने और ओलावृष्टि होने की पूरी संभावना दिख रही है. 15 अक्टूबर के लिए अधिकांश जिलों में आंधी और ओलावृष्टि को लेकर अलर्ट जारी किया गया है. इस दिन देहरादून, उत्तरकाशी, टिहरी, रुद्रप्रयाग, पौड़ी, अल्मोड़ा, हरिद्वार, चमोली, बागेश्वर, नैनीताल और पिथौरागढ़ जिलों में कहीं-कहीं गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने, ओलावृष्टि हो सकती है. इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना है.

16 अक्टूबर को कहां सबसे ज्यादा असर?
मौसम विभाग की मानें तो 16 अक्टूबर को भी कई जगहों पर हल्की बारिश के आसार बने हुए हैं. 16 अक्टूबर को कुमाऊं मंडल के जनपदों में सबसे ज्यादा मौसम का प्रभाव दिखाई देगा. मौसम विभाग का कहना है कि नैनीताल, अल्मोड़ा, बागेश्वर, चम्पावत, उधम सिंह नगर और पिथौरागढ़ जिलों में कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. नैनीताल और अल्मोड़ा जैसे पहाड़ी पर्यटन स्थलों पर बारिश के साथ ओलावृष्टि होने की संभावना है. जिसके चलते ठंड का अहसास और ज्यादा हो जाएगा. 14 से 18 अक्टूबर तक पिथौरागढ़ और बागेश्वर में भी लगातार मौसमी हलचल बनी रहेगी.

ऊंची चोटियों पर बर्फबारी का दौर
देवभूमि के उच्च हिमालयी इलाकों में अब बर्फबारी का नया दौर शुरू हो गया है. मौसम विभाग का कहना है कि आज 3,800 मीटर और उससे अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी होने की संभावना है, जो 15 और 16 अक्टूबर को घटकर 3500 मीटर तक के दायरे में आ जाएगी. चमोली, रुद्रप्रयाग और उत्तरकाशी की ऊंची चोटियों पर हल्की से मध्यम बर्फबारी हो सकती है. जबकि, घाटी वाले निचले इलाकों में गरज के साथ हल्की बारिश होगी. उत्तरकाशी और चमोली के सुदूर उत्तरी ऊंचाई वाले क्षेत्रों में 17 और 18 अक्टूबर को भी छिटपुट बर्फबारी जारी रह सकती है.

मौसम विभाग की मानें तो 16 अक्टूबर के बाद पूरे राज्य में मौसमी गतिविधियां काफी हद तक कम हो जाएंगी. 19 अक्टूबर से पूरे प्रदेश में मौसम पूरी तरह शुष्क और साफ हो जाएगा. इस अचानक आए बदलाव से लोगों को ठंड के लिए तैयार रहने की सलाह दी गई है.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Pooja Singh

Pooja Singh

पूजा सिंह डिजिटल पत्रकार हैं और ज़ी उत्तर प्रदेश-उत्तराखंड (Zee UP-UK) की डिजिटल टीम में सब-एडिटर के पद पर काम कर रहे हैं. दिल्ली से ताल्लुक रखने वाली पूजा को मीडिया जगत में 5 वर्षों से ज्यादा का अनुभव है. वे उत्तर प्रदेश की हाइपर-लोकल खबरों, क्राइम, प्रशासनिक गतिविधियों, राजनीतिक उठापटक और खेल जगत के मुद्दों पर पैनी नजर रखते हैं. खबरों की गहराई, ग्राउंड रियलिटी और तथ्य-आधारित डिजिटल कवरेज के लिए वे जाने जाते हैं.पूजा के पास डेस्क एडिटिंग का व्यावहारिक अनुभव है.  स्थानीय प्रशासन, जनसमस्याओं और राजनीतिक हलचलों की बेहतर समझ उन्हें ज़मीनी वास्तविकताओं को सटीक रूप से प्रस्तुत करने में मदद करती है. ज़ी मीडिया से पहले उन्होंने भारत के लिडिंग हिंदी न्यूज़ चैनल टीवी 9 डिजिटल और न्यूज नेशन में काम करने का अनुभव है. पूजा ने भारतीय विद्या भवन से पत्रकारिता की पढ़ाई पूरी की है.पूजा सिंह से आप pooja.singh@india.com पर सीधे ईमेल कर संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा आप पूजा से एक्स (ट्विटर) और लिंक्डइन पर कनेक्ट कर सकते हैं.
Read More