)
उत्तराखंड में मौसम ने ऐसा चौंकाने वाला यू-टर्न लिया है कि दीपावली और त्योहारी सीजन के बीच देवभूमि का मिजाज पूरी तरह बदल गया है. वैसे तो अक्टूबर का महीना हल्की गुलाबी ठंड के लिए जाना जाता है, लेकिन इस बार पहाड़ से लेकर मैदान तक छाए बादलों और ऊंची चोटियों पर हुई बर्फबारी से समय से पहले ही ठंड ने दस्तक दे दी है. इस अचानक आए बदलाव से राजधानी देहरादून में अक्टूबर की सबसे ठंडी रात दर्ज की गई है, जिसने पिछले कई सालों के रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं.
9 जिलों में बारिश और बर्फबारी का अलर्ट
मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्वानुमान के मुताबिक, राज्य के 9 पर्वतीय और मैदानी जिलों में मौसम के तेवर तल्ख हैं. उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, देहरादून, बागेश्वर, चमोली, अल्मोड़ा, नैनीताल, चंपावत और पिथौरागढ़ जैसे जिलों में हल्की से बहुत हल्की बारिश होने की संभावना है. वहीं, 3200 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में हो रही बर्फबारी ने पहाड़ों को सफेद चादर से ढक दिया है. इसके चलते तापमान में भारी गिरावट आई है और अच्छी खासी ठंड महसूस होने लगी है.
यह भी पढ़िए: बिहार में सुबह-सुबह छाने लगा कोहरा, ठंड ने दी दस्तक... आज भी कई जिलों में बारिश के आसार
अगले कुछ दिनों तक कैसा रहेगा मौसम?
जहां मैदानी इलाकों में दिन के समय हल्की धूप राहत दे रही है, वहीं पहाड़ी इलाकों की घाटियों में सुबह और शाम के वक्त मध्यम कोहरा छाने लगा है. मौसम विभाग का कहना है कि 2 नवंबर तक बादलों का डेरा रहेगा और रुक-रुक कर बारिश-बर्फबारी का यह सिलसिला जारी रह सकता है. इससे निचले इलाकों में भी ठिठुरन बढ़ने की पूरी संभावना है. 3 नवंबर से पूरे उत्तराखंड में मौसम पूरी तरह साफ होने के आसार हैं.
तब तक के लिए पर्वतीय इलाकों में यात्रा करने वाले पर्यटकों और स्थानीय लोगों को ठंड और कोहरे को ध्यान में रखते हुए एहतियात बरतने की जरूरत है. अगर आप भी इन दिनों पहाड़ों की सैर का प्लान बना रहे हैं, तो अपने गर्म कपड़े साथ रखना बिल्कुल न भूलें.
जानिए राज्य के तापमान का हाल
अब अगर तापमान की बात करें तो देहरादून में अधिकतम तापमान 28.0 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 13.7 डिग्री सेल्सियस रहा. जबकि, पंतनगर में अधिकतम तापमान 28.7 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 19.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है. इतना ही नहीं, मुक्तेश्वर में 17.2 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 8.6 डिग्री सेल्सियस रहा. नई टिहरी में अधिकतम तापमान 19.8 और न्यूनतम तापमान 6.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है.
देहरादून के तापमान में भारी गिरावट देखने को मिली. यहां शुक्रवार की रात न्यूनतम तापमान 13.7 डिग्री सेल्सियस रहा. यह अक्टूबर में 2023 के बाद सबसे कम न्यूनतम तापमान है. यह इस सीजन की अब तक की सबसे ठंडी रात भी रही. अचानक मौसम में आए बदलाव के बीच सुबह और रात ठंड बढ़ने लगी है.