)
दीपावली से पहले सरकार ने कमर्शियल LPG सिलेंडर कीमतों में इजाफा किया है. 1 नवंबर से 19 किलो वाले कमर्शियल LPG सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी हो गई है. अब देश की राजधानी दिल्ली में कमर्शियल सिलेंडर 10 रुपये महंगा हो चुका है, अब इसका नया दाम 2,820 रुपये प्रति सिलेंडर हो गया है. इसी तरह देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में भी कमर्शियल सिलेंडर के दामों में 10 रुपये की बढ़ोतरी हुई है, वहां नया दाम 2,774.50 रुपये प्रति सिलेंडर हो गया है.
आपको बताते चलें कि कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर के दाम 1 अक्टूबर को भी बढ़े थे. हालांकि तब दिल्ली में 19 किलो वाला सिलेंडर 62.50 रुपये महंगा हुआ था. जबकि, घरेलू सिलेंडर के दामों में कोई बढ़ोतरी नहीं की गई थी.
इस हल्के झटके के बाद होटल इंडस्ट्री, रेस्टोरेंट, ढाबों और कैटरिंग कारोबार पर असर संभव है. वहां कुछ चीजों के दामों में इजाफा हो सकता है. खासकर दीपावली के दौरान मिठाइयों और खाने-पीने की चीजों की मांग भी अधिक रहती है. ऐसे में कारोबारी बढ़ी हुई लागत का कुछ हिस्सा ग्राहकों से वसूल सकते हैं.
इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन (IOCL) के आंकड़ों के मुताबिक, चार प्रमुख महानगरों समेत देशभर में कमर्शियल गैस के सिलेंडरों की कीमतें बढ़ाई गई हैं. शहर के हिसाब से बढ़ोतरी अलग-अलग रही है. हालांकि पेट्रोलियम कंपनियों के इस ताजा फैसले से आपको जरा सा भी परेशान होने की जरूरत नहीं है. क्योंकि घरेलू एलपीजी रसोई गैस के करोड़ों एलपीजी उपभोक्ताओं को त्योहारी सीजन में बड़ी राहत दी है. त्योहार के पहले 14.2 किलो वाले घरेलू सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है. यानी घरों में खाना बनाने के लिए इस्तेमाल होने वाले सिलेंडर का दाम पहले की तरह स्थिर बना हुआ है.
कुछ शहरों में कमर्शियल एलपीजी की कीमत 3100 रुपये के पार हो गई है. एलपीजी की कीमतों में इजाफे की वजह इंटरनेशनल मार्केट में कच्चे तेल की बढ़ी हुई कीमतों को माना जाता है.
मौजूदा समय में तेल-गैस के दाम खाड़ी देशों के मौजूदा हालातों के कारण बढ़े हैं. स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से दुनिया भर में तेल और गैस की सप्लाई प्रभावित हुई है. जिससे भारत समेत कई देशों में एलपीजी जैसे पेट्रोलियम प्रोडक्ट्स की सप्लाई में भारी कमी आई है.