उत्तराखंड में सुबह-शाम बढ़ी ठिठुरन, पहाड़ से मैदान तक गिरेगा पारा; जानें देहरादून से केदारनाथ तक मौसम का हाल
उत्तराखंड में पहाड़ से लेकर मैदान तक सुबह और शाम के समय ठंड का असर बढ़ रहा है.आज मौसम शुष्क रहेगा. देहरादून,नैनीताल में धूप खिलेगी, जबकि पहाड़ी इलाकों में सुबह-शाम ठिठुरन बढ़ेगी. जानिए आज मैदानी और पहाड़ी इलाकों में मौसम कैसा रहेगा.
देहरादून: उत्तराखंड में मौसम का मिजाज बदल गया है. पहाड़ से लेकर मैदान तक सुबह और शाम के समय ठंड का असर बढ़ गया है. दिन में धूप खिलने से राहत जरूर मिल रही है, लेकिन सूरज ढलते ही ठिठुरन बढ़ जाती है. मौसम विभाग के अनुसार, 18 नवंबर 2026 को प्रदेश के सभी जिलों में मौसम शुष्क रहेगा. फिलहाल कहीं भी बारिश या बर्फबारी को लेकर कोई चेतावनी नहीं है. अगले कुछ दिनों तक मौसम का मिजाज ऐसा ही बना रह सकता है, लेकिन तापमान में गिरावट से सुबह-शाम ठंड और बढ़ेगी.
देहरादून से मसूरी तक कैसा रहेगा मौसम?
राजधानी देहरादून समेत मैदानी इलाकों में दिन में अच्छी धूप खिलेगी. देहरादून में अधिकतम तापमान 22 से 28 डिग्री और न्यूनतम तापमान 10 से 13 डिग्री के बीच रहने का अनुमान है. मसूरी में अधिकतम तापमान करीब 19 डिग्री रहेगा. दिन में धूप से मौसम सुहावना रहेगा, लेकिन शाम होते ही ठंड बढ़ जाएगी. हरिद्वार और ऋषिकेश में भी दिन का मौसम सामान्य रहेगा. ऋषिकेश में अधिकतम तापमान 24 से 26 डिग्री के आसपास रह सकता है.
पहाड़ों में बढ़ेगी ठिठुरन
मैदानी इलाकों की अपेक्षा ऊंचाई वाले इलाकों में ठंड का असर ज्यादा है. सुबह-रात तापमान गिरने से लोगों को ठिठुरन का सामना करना पड़ रहा है. नैनीताल और मसूरी जैसे पर्यटन स्थलों पर दिन में गुनगुनी धूप रहेगी, लेकिन शाम होते ही पारा तेजी से नीचे जाएगा. केदारनाथ में कड़ाके की ठंड पड़ रही है. यहां रात का तापमान माइनस 6 से माइनस 11 डिग्री तक पहुंचने का अनुमान है. ऐसे में जाने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को गर्म कपड़े, थर्मल और जरूरी सुरक्षा इंतजाम साथ रखने चाहिए.
18 से 24 नवंबर तक कैसा रहेगा मौसम?
18 से 23 नवंबर तक उत्तराखंड के ज्यादातर हिस्सों में मौसम शुष्क रहेगा. नैनीताल, मसूरी, ऋषिकेश और केदारनाथ में भी बारिश या बर्फबारी की संभावना नहीं है. 21 नवंबर को कुछ जगहों पर आंशिक बादल छा सकते हैं, लेकिन भारी बारिश या बर्फबारी नहीं होगी. आने वाले दिनों में रात के तापमान में गिरावट से ठंड और बढ़ेगी.
यात्रा पर जाने वाले बरतें सावधानी
पहाड़ी इलाकों में यात्रा करने वाले पर्यटकों को मौसम की जानकारी लेकर ही निकलना चाहिए. ऊंचाई वाले इलाकों में सुबह-रात कड़ाके की ठंड है, इसलिए अपने साथ पर्याप्त गर्म कपड़े साथ रखें. पहाड़ी रास्तों पर निकलने से पहले सड़क और स्थानीय मौसम की स्थिति जरूर चेक करें.
सुबह-शाम संभलकर! निकल गए कंबल, आ गई ठंड! कोहरे की चपेट में यूपी के कई जिले, अब बढ़ेगी ठिठुरन