)
देहरादून: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज शुक्रवार को उत्तराखंड के दौरे पर देहरादून में रहेंगे. आज उत्तराखंड अपनी स्थापना की 26वीं वर्षगांठ मना रहा है, और इस मौके पर शाह दो बड़े कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे. अमित शाह परेड ग्राउंड में आयोजित भव्य कार्यक्रम को संबोधित करेंगे.
तय कार्यक्रम के मुताबिक, गृह मंत्री शाह सुबह करीब 11:50 बजे परेड ग्राउंड स्थित कार्यक्रम स्थल पहुंचेंगे. यहां वे राज्योत्सव समारोह में शिरकत करेंगे और जनसभा को संबोधित करेंगे. करीब 2 घंटे तक वे इसी कार्यक्रम का हिस्सा रहेंगे.
परेड ग्राउंड के बाद दोपहर करीब 1:50 बजे शाह पुलिस लाइन रेसकोर्स पहुंचेंगे. यहां उत्तराखंड पुलिस का राष्ट्रपति निशान अलंकरण समारोह होगा. इस समारोह में वे उत्तराखंड पुलिस को राष्ट्रपति पुलिस कलर सौंपेंगे. पुलिस के लिए ये बेहद गौरवशाली पल होगा. बता दें, उन्हें भाजपा कोर कमेटी की बैठक में भी हिस्सा लेना था, लेकिन किसी वजह से वो बैठक टाल दी गई है. शुक्रवार को देहरादून में भी 35 से 40 हजार लोगों के जुटने की उम्मीद है. भाजपा ने दावा किया है कि शाह की जनसभा अभूतपूर्व होगी. कार्यकर्ताओं और जनता में उन्हें सुनने के लिए जबरदस्त उत्साह है.
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के दौरे और राज्योत्सव कार्यक्रम को लेकर देहरादून में आज सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह टाइट कर दी गई है. परेड ग्राउंड से लेकर पुलिस लाइन रेसकोर्स तक पुलिस ने सुरक्षा के खास इंतजाम किए हैं. चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात रहेगा.
कार्यक्रम के चलते यातायात व्यवस्था में भी बड़ा बदलाव किया गया है. परेड ग्राउंड के आसपास सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक विशेष ट्रैफिक डायवर्जन लागू रहेगा. इस दौरान परेड ग्राउंड की तरफ जाने वाली कई सड़कों पर गाड़ियों की आवाजाही रोकी या बदली जाएगी. प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि आज परेड ग्राउंड की तरफ जाने से बचें और वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें. अगर आपको परेड ग्राउंड, राजपुर रोड, घंटाघर या पुलिस लाइन की तरफ जाना है तो पहले ट्रैफिक अपडेट जरूर चेक कर लें, नहीं तो जाम में फंस सकते हैं.