वोटर लिस्ट में नाम नहीं तो घबराएं नहीं: हल्द्वानी के लोगों के लिए खास मौका, 20 अक्टूबर तक करें ये काम
Haldwani News: उत्तराखंड की एसआईआर प्रक्रिया के बाद अंतिम मतदाता सूची जारी कर दी गई है. ऐसे में हल्द्वानी में अगर किसी का नाम कट गया है तो उन्हें अपना नाम जुड़वाने के लिए अच्छा मौका है.
Haldwani News: उत्तराखंड के हल्द्वानी के लोगों के लिए जरूरी खबर है. अगर अंतिम मतदाता सूची में किसी का नाम कट गया है तो उन्हें घबराने की जरूरत नहीं है. ऐसे लोगों के पास अपना नाम जुड़वाने का मौका है. निर्वाचन आयोग ने ऐसे लोगों को अपने क्षेत्र के बूथ लेवल ऑफिसर यानी बीएलओ से संपर्क कर नाम जुड़वाने की अपील की है.
वोटर लिस्ट में नाम जुड़वाने का मौका
हल्द्वानी के सिटी मजिस्ट्रेट एपी बाजपेय ने बताया कि जिले में अंतिम मतदाता सूची प्रकाशन होने के बाद भी जिनका नाम किसी कारणवश मतदाता सूची में दर्ज नहीं हो पाया है, ऐसे मतदाताओं को परेशान होने की आवश्यकता नहीं है. ऐसे लोग अपने क्षेत्र के बीएलओ से संपर्क कर सकते हैं और मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज करवाने की प्रक्रिया के बारे में जानकारी प्राप्त कर सकते हैं.
20 अक्टूबर तक बीएलओ करेंगे दौरा
सिटी मजिस्ट्रेट हल्द्वानी के मुताबिक, 12 अक्टूबर से 20 अक्टूबर के बीच बीएलओ उन क्षेत्रों का दौरा करेंगे, जहां प्री-एसआईआर और एसआईआर की प्रक्रिया पूरी होने के बावजूद कुछ मतदाताओं के नाम सूची में शामिल होने से छूट गए हैं. इस दौरान ऐसे मतदाताओं की जानकारी जुटाने और उनके नाम मतदाता सूची में दर्ज करवाने की प्रक्रिया को लेकर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी. प्रशासन की ओर से ऐसे लोगों से अपील की गई है कि यदि उनका नाम मतदाता सूची में नहीं है, तो वे इस अवधि के दौरान अपने क्षेत्र के बीएलओ से संपर्क जरूर करें.
मतदाता अपनी वोटर लिस्ट में नाम होने की पुष्टि करें
बीएलओ के माध्यम से नाम दर्ज करवाने के लिए जरूरी जानकारी और आवेदन प्रक्रिया के बारे में बताया जाएगा. हालांकि, मतदाता सूची में नाम दर्ज करवाने के लिए निर्धारित प्रक्रिया और जरूरी दस्तावेजों की जानकारी संबंधित बीएलओ से प्राप्त करना जरूरी है. इसलिए यदि आप या आपके परिवार का कोई सदस्य मतदाता सूची में नाम दर्ज होने से छूट गया है, तो समय रहते संपर्क करें, ताकि पात्र मतदाता का नाम सूची में शामिल करवाने की प्रक्रिया पूरी की जा सके. ऐसे में जरूरी है कि मतदाता अपनी वोटर लिस्ट में नाम होने की पुष्टि करें और नाम छूटने की स्थिति में 12 से 20 अक्टूबर के बीच बीएलओ से संपर्क कर अपना नाम दर्ज करवाने की प्रक्रिया को आगे बढ़ाएं.
पिछले दिनों जारी की गई थी मतदात सूची
बता दें कि उत्तराखंड में एसआईआर के बाद पिछले दिनों अंतिम मतदाता सूची जारी की गई थी. 1 जुलाई 2026 की अर्हता तिथि के आधार पर चलाए गए अभियान के बाद अंतिम सूची में 71,58,949 मतदाता शामिल हैं. इनमें 37,37,701 पुरुष, 34,21,036 महिला और 212 थर्ड जेंडर मतदाता हैं. उत्तराखंड में एसआईआर की शुरुआत 8 जून को हुई थी. उस समय मतदाता सूची में 79,60,762 मतदाता दर्ज थे. गणना फार्म के वितरण एवं संकलन के बाद 14 जुलाई को प्रकाशित प्रारूप मतदाता सूची में 71,33,785 मतदाता शामिल थे.