3 दिन का लंबा वीकेंड और हनुमान अंश का असर.. कैंचीधाम पहुंचने में लग रहे 8 घंटे, नैनीताल में महाजाम!
Nainital News: इस सप्ताह तीन दिन का लंबा वीकेंड का असर पहाड़ों पर दिखाई दिया है. नैनीताल, मसूरी से लेकर चमोली तक पर्यटकों की भारी भीड़ पहुंच गई है. नैनीताल में वाहन घंटों जाम में फंसे रहे. यही हाल अन्य पर्यटन स्थलों पर रहा.
Nainital News: नैनीताल में पर्यटकों की भारी भीड़ जुट गई है. लंबे वीकेंड के चलते पर्यटकों की संख्या में इजाफा देखने को मिला है. इसके चलते शहर की सड़कों पर ट्रैफिक दबाव भी बढ़ गया. नैनीताल में शनिवार को कई किलोमीटर तक लंबा जाम लगा रहा. मसूरी और चमोली में भी पर्यटकों की भीड़ देखी गई. यहां भी लंबा जाम देखने को मिला.
नैनीताल में लंबा जाम
शुक्रवार को गांधी जयंती और शनिवार रविवार को वीकेंड के चलते पर्यटकों की संख्या बढ़ गई. नैनीताल में शुक्रवार शाम से ही पर्यटक आने लगे. शनिवार को माल रोड, नैनी झील, भोटिया मार्केट में पर्यटक ही दिखाई दे रहे थे. शाम होते होते सड़कों पर वाहनों का दबाव और बढ़ गया. इतना ही नहीं नैनीताल के होटल भी फुल हो गए हैं. ऐसे में होटल के रेट भी अचानक तेजी से बढ़ गए.
होटल के रेट बढ़े
पर्यटकों का कहना है कि सामान्य दिनों में होटल में कमरे 2 से 3 हजार रुपये में मिल जाते थे. वीकेंड में भीड़ बढ़ते ही होटल के रेट 7 से 8 हजार रुपये बढ़ गए. पर्यटकों को बड़ी मुश्किल से होटल में कमरे मिल रहे हैं. यही हाल होम स्टे और अन्य जगहों पर भी रही. वहीं, नैनीताल पुलिस ट्रैफिक संभालने में जुटी है. सड़कों पर 2 से 3 घंटे तक वाहन जाम में फंसे रहे. जाम की वजह से नैनीताल के आसपास के पर्यटन स्थलों पर भी भीड़ देखने को मिली.
कैंचीधाम में भी रिकॉर्ड भीड़
नैनीताल के कैंचीधाम पर भी रिकॉर्ड श्रद्धालु पहुंच रहे हैं. शनिवार को नीम करोली बाबा के दर्शन के लिए लंबी लाइन लगी रही. घंटों लाइन में लगे लोग नीम करोली बाबा के जयकारे लगाते रहे. बताया गया कि फिल्म हनुमान अंश के बाद नीम करोली बाबा के दरबार में भक्तों की भीड़ लगातार बढ़ रही है. शनिवार को समान्य दिनों से ज्यादा भीड़ रही. आलम ये है कि कैंचीधाम पहुंचने में 8 से 10 घंटे लग रहे हैं.
नैनीताल एसपी ने क्या कहा?
वहीं, टूरिस्ट की भीड़ के मैनेजमेंट को लेकर नैनीताल के SP जगदीश चंद्र ने कहा कि नैनीताल और आसपास के इलाकों में गाड़ियों की भारी भीड़ को संभालने के लिए अधिकारियों ने ट्रैफिक मैनेजमेंट प्लान लागू किए हैं. टूरिस्ट को बाहरी इलाकों में तय पार्किंग एरिया से इन जगहों पर भेजा जा रहा है. काफी पुलिसवाले तैनात किए गए हैं. रानीबाग और कालाढूंगी में निर्देश दिए गए हैं कि सिर्फ कन्फर्म बुकिंग वाली गाड़ियों को ही ऊपर जाने दिया जाए.
किराये की बाइक पर लगी रोक
उन्होंने कहा कि शनिवार और रविवार के लिए टूरिस्ट गाड़ियों और किराये की बाइक पर रोक लगा दी गई है, ताकि जो लोग पहले ही आ चुके हैं, चाहे वे ठहरने की जगह पर रुके हों या आसपास की जगहों पर घूमने गए हों, वे ट्रैफिक जाम में न फंसें. पुलिस लगातार हालात को संभाल रही है और यह पक्का कर रही है कि ट्रैफिक का इंतज़ाम ठीक रहे.
पुलिस ने लोगों से धैर्य बनाए रखने की अपील की
नैनीताल पुलिस का कहना है कि अधिकांश लोग छुट्टियां बिताने के लिए परिवार के साथ नैनीताल पहुंचे हैं. सफर का बड़ा हिस्सा सड़कों पर ही गुजर रहा है. पहाड़ों में सड़कें पहले से ही सीमित चौड़ाई वाली हैं. ऐसे में एक साथ बड़ी संख्या में निजी वाहनों के पहुंचने से जाम का सामना करना पड़ रहा है. पुलिस ने लोगों से धैर्य बनाए रखने की अपील की है.