App

कुंभ-2027: हरिद्वार रेलवे स्टेशन पर अभी से तैयारी तेज, सुरक्षा से लेकर पार्किंग तक होगा पुख्ता इंतजाम

आगामी कुंभ मेला-2027 के सफल, सुरक्षित और सुगम आयोजन को लेकर प्रशासन और रेलवे विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं.

कुंभ-2027: हरिद्वार रेलवे स्टेशन पर अभी से तैयारी तेज, सुरक्षा से लेकर पार्किंग तक होगा पुख्ता इंतजाम
Image Credit: Haridwar Kumbh 2027 (Ai photo)

करन खुराना/हरिद्वार: कुंभ मेला-2027 को लेकर उत्तराखंड में तैयारियां अब तेज हो गई हैं. मेले के दौरान देश और विदेश से लाखों श्रद्धालुओं के हरिद्वार पहुंचने का अनुमान है. इसी को देखते हुए रेलवे स्टेशन पर भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की कवायद शुरू कर दी गई है.प्रशासन का पूरा फोकस इस बात पर है कि कुंभ के दौरान यात्रियों की आवाजाही आसान रहे और स्टेशन पर किसी तरह की अव्यवस्था न हो. इसके लिए ट्रेनों के संचालन, पार्किंग और ठहरने की सुविधाओं को बेहतर बनाने पर काम किया जा रहा है.श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुविधाजनक रेल यात्रा मिले, यही इस तैयारी का सबसे बड़ा मकसद है.

आज शानिवार सुबह 11 बजे मेलाधिकारी सोनिका, आईजी कुंभ डॉ. योगेंद्र सिंह रावत, मंडलीय रेल प्रबंधक विनीता श्रीवास्तव, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और एसएसपी कुंभ आयुष अग्रवाल ने रेलवे अधिकारियों के साथ हरिद्वार रेलवे स्टेशन का संयुक्त निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान स्टेशन की मौजूदा व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया गया.

टिकट केंद्र से लेकर होल्डिंग एरिया तक का लिया जायजा

अधिकारियों ने सबसे पहले नवनिर्मित अनारक्षित टिकट केंद्र को देखा. इसके बाद प्रतीक्षालय और होल्डिंग एरिया की व्यवस्थाएं परखीं. स्टेशन पर यात्रियों के प्रवेश और निकास की व्यवस्था पर भी खास ध्यान दिया गया.  अधिकारियों ने साफ कहा कि कुंभ के दौरान भारी भीड़ होने पर भी स्टेशन पर भीड़ को सही तरीके से नियंत्रित करना सबसे बड़ी चुनौती होगी, इसलिए अभी से प्लान बनाना जरूरी है.

भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा पर हुई चर्चा

निरीक्षण के दौरान भीड़ नियंत्रण, ट्रेनों के संचालन, पार्किंग और सुरक्षा इंतजामों को लेकर रेलवे अधिकारियों के साथ विस्तार से चर्चा हुई. इस दौरान इस बात पर जोर दिया गया कि बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के एक साथ स्टेशन पहुंचने की स्थिति में उनके आने-जाने और सुरक्षित निकासी के लिए बेहतर प्रबंधन होना चाहिए.अधिकारियों का मानना है कि अगर पहले से तैयारी पुख्ता होगी, तो मेले के दौरान यात्रियों को परेशानी नहीं होगी. इसी वजह से स्टेशन पर हर छोटी-बड़ी व्यवस्था को अभी से दुरुस्त किया जा रहा है. कुंभ-2027 को देखते हुए रेलवे स्टेशन पर की जा रही यह कवायद मेले की तैयारियों का अहम हिस्सा है. आने वाले दिनों में भी इसी तरह निरीक्षण और बैठकें जारी रहेंगी, ताकि समय रहते सारी कमियां दूर की जा सकें.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Preeti Chauhan

Preeti Chauhan

प्रीति चौहान जीन्यूज में पत्रकार हैं, उत्तर प्रदेश-उत्तराखंड डिजीटल टीम में  ब्रेकिंग, हाइपरलोकल, क्राइम, और अन्य मुद्दों को लेकर खबरें लिखती हैं. 
Read More