)
गेमिंग की दुनिया में 19 नवंबर 2026 की तारीख इतिहास के पन्नों में दर्ज होने जा रही है. पूरे 13 साल के लंबे इंतजार के बाद रॉकस्टार गेम्स (Rockstar Games) अपनी सबसे मशहूर फ्रेंचाइजी का अगला हिस्सा यानी ग्रैंड थेफ्ट ऑटो 6 (GTA 6) लॉन्च करने जा रहा है. इस गेम को लेकर दीवानगी का आलम यह है कि इसका बजट दुनिया की सबसे ऊंची इमारत बुर्ज खलीफा और हॉलीवुड की सबसे बड़ी ब्लॉकबस्टर फिल्मों को भी टक्कर दे रहा है. रिलीज से पहले ही इसने कमाई के सारे पुराने रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिए हैं और दुनिया भर की कंपनियों के एचआर विभाग में छुट्टियों की अर्जियों की बाढ़ आ गई है. आइए आसान भाषा में समझते हैं कि आखिर GTA 6 ने पूरी दुनिया में ऐसा क्या तूफान खड़ा कर दिया है.

जब भी किसी महंगी चीज की बात होती है, तो लोगों के दिमाग में सबसे पहले दुबई की मशहूर इमारत बुर्ज खलीफा का नाम आता है. दुनिया की इस सबसे ऊंची इमारत को बनाने में करीब 1.4 अरब डॉलर (1.4 Billion Dollars) का खर्च आया था. लेकिन अब सोशल मीडिया से लेकर टेक जगत तक हर जगह यही चर्चा है कि एक वीडियो गेम ने खर्च के मामले में बुर्ज खलीफा को भी पीछे छोड़ दिया है. ब्लूमबर्ग और द इंडिपेंडेंट की रिपोर्ट्स के मुताबिक, GTA 6 को बनाने का कुल बजट 1 अरब डॉलर से लेकर 2 अरब डॉलर के बीच आंका जा रहा है. हालांकि, गेम बनाने वाली कंपनी रॉकस्टार गेम्स ने आधिकारिक तौर पर इसके बजट पर कोई बयान नहीं दिया है.
अगर हम सबसे कम अनुमान यानी 1 अरब डॉलर को भी मान लें, तो यह हॉलीवुड की तीन सबसे बड़ी फिल्मों के कुल बजट से भी ज्यादा है. अवतार (Avatar), एवेंजर्स (Avengers) और स्टार वार्स (Star Wars) जैसी मेगा-बजट फिल्मों को बनाने में कुल मिलाकर करीब 700 मिलियन डॉलर खर्च हुए थे. साल 2014 से बन रहे इस गेम ने एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री के सारे समीकरण बदल दिए हैं. एनालिस्ट्स का मानना है कि रिलीज होने के शुरुआती 4 महीनों के भीतर ही GTA 6 करीब 3 अरब डॉलर की कमाई कर सकता है. तुलना करें तो समर ब्लॉकबस्टर फिल्म द ओडिसी (The Odyssey) ने बॉक्स ऑफिस पर जितना पैसा कमाया था, उतना पैसा GTA 6 महज कुछ ही हफ्तों में बटोर लेगा.

GTA 6 का क्रेज सिर्फ मोबाइल या टीवी स्क्रीन तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका सीधा असर दुनिया भर के दफ्तरों पर दिखने लगा है. गुरुवार 19 नवंबर 2026 को गेम रिलीज हो रहा है और इस दिन गेम खेलने के लिए युवाओं ने अभी से छुट्टियों की बुकिंग शुरू कर दी है. डच रेडियो स्टेशन BNR की एक रिपोर्ट के मुताबिक, दुनिया भर के कई देशों में काम करने वाली एचआर कंपनी रिमोट (Remote) के डेटा में चौंकाने वाले आंकड़े सामने आए हैं. पिछले साल की इसी तारीख के मुकाबले इस बार 19 नवंबर के लिए 32 प्रतिशत ज्यादा फुल-टाइम कर्मचारियों ने छुट्टी बुक की है. साल 2026 में बड़े त्योहारों को छोड़ दें, तो किसी एक कामकाजी दिन पर छुट्टी लेने का यह सबसे बड़ा रिकॉर्ड है.
इस मामले में इटली पहले नंबर पर है, जबकि नीदरलैंड आठवें स्थान पर है, जहां पिछले साल के मुकाबले 20 प्रतिशत ज्यादा छुट्टियां ली गई हैं. डच शेड्यूलिंग सॉफ्टवेयर कंपनी डाइफ्लेक्सिस (Dyflexis) के आंकड़े बताते हैं कि रिलीज डेट सामने आने के बाद 20 से 40 साल की उम्र के पुरुषों की तरफ से छुट्टी की अर्जियों में 289 प्रतिशत का जबरदस्त उछाल आया है. दूसरी तरफ, महिलाओं की छुट्टियों में कोई खास बदलाव नहीं देखा गया है, जबकि 40 साल से ज्यादा उम्र के पुरुषों की छुट्टियों में 28 प्रतिशत की गिरावट आई है. साफ है कि युवा पीढ़ी वाइस सिटी (Vice City) की गलियों में घूमने के लिए ऑफिस से बंक मारने को पूरी तरह तैयार है.
GTA 6 ने बाजार में आने से पहले ही कमाई का नया इतिहास रच दिया है. एनालिटिक्स फर्म सेंसर टावर (Sensor Tower) की रिपोर्ट के अनुसार, डिजिटल प्री-ऑर्डर के जरिए ही इस गेम ने करीब 1 अरब डॉलर की कमाई कर ली है. लॉन्च से पहले ही इस गेम की 1.03 करोड़ (10.3 Million) से ज्यादा कॉपियां बिक चुकी हैं. हालांकि रॉकस्टार गेम्स या उसकी पेरेंट कंपनी टेक-टू इंटरएक्टिव (Take-Two Interactive) ने अभी इन आंकड़ों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है.
दिलचस्प बात यह है कि गेम खरीदने वाले ज्यादातर लोग सस्ते वर्जन के बजाय महंगा वर्जन पसंद कर रहे हैं. रिपोर्ट के मुताबिक, करीब 89 प्रतिशत ग्राहकों ने 100 डॉलर वाला अल्टीमेट एडिशन (Ultimate Edition) प्री-ऑर्डर किया है, जबकि सिर्फ 11 प्रतिशत लोगों ने 80 डॉलर वाला स्टैंडर्ड एडिशन चुना है. प्लेटफॉर्म की बात करें तो कुल प्री-ऑर्डर में से करीब 75 प्रतिशत अकेले सोनी प्लेस्टेशन 5 (PS5) के लिए बुक हुए हैं, जिससे 751 मिलियन डॉलर की कमाई हुई है. बाकी 25 प्रतिशत हिस्सा एक्सबॉक्स सीरीज एक्स/एस के खाते में गया है, जिससे करीब 250 मिलियन डॉलर का रेवेन्यू आया है.
गेमिंग के शौकीनों के लिए यह महीना किसी बड़े त्योहार से कम नहीं है. दुनिया के सबसे बड़े गेम के लॉन्च होने से ठीक पहले सोनी (Sony) कंपनी ने एक बहुत बड़ा मुकाम हासिल कर लिया है. कंपनी के मशहूर गेमिंग कंसोल प्लेस्टेशन 5 ने दुनिया भर में 10 करोड़ यूनिट बिकने का ऐतिहासिक रिकॉर्ड बना लिया है. 19 नवंबर 2026 को आने वाले नए गेम से ठीक पहले मिली यह कामयाबी सोनी के लिए सोने पर सुहागा जैसी है.
इस रिकॉर्डतोड़ बिक्री के पीछे सबसे बड़ी वजह GTA 6 ही है. दरअसल, यह नया गेम पुराने PS4 पर नहीं चलेगा. इसे सिर्फ PS5 और एक्सबॉक्स सीरीज एक्स/एस पर ही खेला जा सकेगा. ऐसे में जो करोड़ों फैंस सोनी के कंसोल पर इस गेम का मजा लेना चाहते हैं, उनके पास नया PS5 खरीदने के अलावा कोई दूसरा रास्ता नहीं बचा है. यही वजह है कि पिछले कुछ महीनों में प्लेस्टेशन 5 की बिक्री में जबरदस्त तेजी आई है.

आज हम जिस GTA 6 को अरबों डॉलर के बजट में बनता देख रहे हैं, उसकी शुरुआत काफी छोटे स्तर से हुई थी. टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, साल 2004 में आया GTA: San Andreas करीब 10 से 15 मिलियन डॉलर के बजट में तैयार हुआ था. उस दौर में इस गेम ने अपनी बेहतरीन कहानी और ओपन-वर्ल्ड फीचर से गेमिंग की दुनिया में क्रांति ला दी थी. इसके बाद साल 2008 में GTA IV आया, जिसका मार्केटिंग और डेवलपमेंट बजट बढ़कर करीब 100 मिलियन डॉलर तक पहुंच गया. इस बजट की मदद से कंपनी ने लिबर्टी सिटी को बेहद बारीकी से तैयार किया.
साल 2013 में रॉकस्टार गेम्स ने GTA V लॉन्च किया, जिसने कमाई के सारे पुराने रिकॉर्ड तोड़ दिए. इस गेम को बनाने और मार्केटिंग करने में कुल 265 मिलियन डॉलर खर्च हुए थे. यह निवेश कंपनी के लिए बेहद फायदेमंद साबित हुआ, क्योंकि GTA V ने रिलीज होने के महज शुरुआती तीन दिनों के भीतर ही 1 अरब डॉलर से ज्यादा की कमाई कर ली थी. साल 2026 की दूसरी तिमाही (Q2) में भी इस पुराने गेम की 50 लाख से ज्यादा कॉपियां बिकीं. अब तक GTA V की कुल 23.5 करोड़ (235 Million) से ज्यादा कॉपियां बिक चुकी हैं और इसने अकेले 10 अरब डॉलर का कारोबार किया है. पूरी ग्रैंड थेफ्ट ऑटो फ्रेंचाइजी की बात करें तो अब तक इसके 47 करोड़ यूनिट्स बिक चुके हैं.

GTA 6 के आने से पहले भी दुनिया में कई ऐसे वीडियो गेम्स बने हैं, जिन पर पानी की तरह पैसा बहाया गया. इस लिस्ट में दूसरे नंबर पर स्कोपली का मशहूर मोबाइल गेम मोनोपॉली गो (Monopoly Go) है, जिस पर करीब 1 अरब डॉलर खर्च हुए थे, हालांकि इसका बड़ा हिस्सा मार्केटिंग में लगा था. तीसरे नंबर पर जेनशिन इम्पैक्ट (Genshin Impact) है, जिसका बजट 900 मिलियन डॉलर रहा. चौथे स्थान पर कॉल ऑफ ड्यूटी: ब्लैक ऑप्स कोल्ड वॉर (700 मिलियन डॉलर) और पांचवें स्थान पर कॉल ऑफ ड्यूटी: मॉडर्न वारफेयर (640 मिलियन डॉलर) का नाम आता है. GTA 6 ने इन सभी दिग्गज गेम्स को पीछे छोड़कर सबसे महंगे वीडियो गेम का ताज अपने नाम कर लिया है.

जिन खिलाड़ियों ने GTA 6 को प्री-ऑर्डर किया है, उनके लिए रॉकस्टार गेम्स ने 10 नवंबर से ही डिजिटल प्री-लोडिंग शुरू कर दी है. इसका मतलब है कि खिलाड़ी गेम को पहले से डाउनलोड करके रख सकते हैं, ताकि 19 नवंबर को रात 12 बजते ही वे बिना किसी देरी के खेलना शुरू कर सकें. हालांकि, इस गेम को इंस्टॉल करने के लिए आपको अपने कंसोल की मेमोरी खाली करनी होगी. रॉकस्टार की सपोर्ट वेबसाइट के मुताबिक, कंसोल के हिसाब से इस गेम को 212 GB तक फ्री स्टोरेज स्पेस की जरूरत पड़ सकती है.
कहानी की बात करें तो यह गेम अमेरिका के फ्लोरिडा से प्रेरित एक काल्पनिक राज्य लियोनिडा (Leonida) पर आधारित है. इसमें दो मुख्य किरदार लूसिया कैमिनोस (Lucia Caminos) और जेसन डुवाल (Jason Duval) नजर आएंगे. यह एक क्रिमिनल कपल है, जिनकी कहानी और रोमांच अमेरिका के मशहूर अपराधी जोड़े बोनी और क्लाइड से प्रेरित लगती है. अब तक रिलीज हुए दो ट्रेलर्स में इस शानदार दुनिया की झलक देखने को मिल चुकी है. तकनीकी रूप से यह गेम मौजूदा कंसोल पर 30 फ्रेम प्रति सेकंड (FPS) पर चलेगा, जबकि PS5 Pro वर्जन में ज्यादा शार्प ग्राफिक्स और रे-ट्रेस्ड शैडो देखने को मिलेंगे. इसके अलावा खिलाड़ी एक्सबॉक्स क्लाउड गेमिंग के जरिए एक्सबॉक्स वन पर भी इसे स्ट्रीम कर सकेंगे.

थाईलैंड (2008): एक 19 साल के छात्र ने एक टैक्सी ड्राइवर की चाकू मारकर हत्या कर दी थी. उसने पुलिस को बताया कि वह यह देखना चाहता था कि क्या असल जिंदगी में टैक्सी लूटना उतना ही आसान है, जितना 'ग्रैंड थेफ्ट ऑटो 4' (GTA IV) में दिखाया गया है. इस घटना के बाद थाईलैंड में GTA सीरीज पर आधिकारिक प्रतिबंध लगा दिया गया था.
लुइसियाना, अमेरिका (2013): एक 8 साल के बच्चे ने GTA IV खेलने के कुछ ही देर बाद अपनी 87 वर्षीय दादी की गोली मारकर हत्या कर दी थी.
बेटन रूज, लुइसियाना (2013): जैकरी बर्गेस (Zachary Burgess) नाम के शख्स ने एक खड़े ट्रक को चुरा लिया जिसमें एक यात्री भी बैठा था. उसने पुलिस को छकाते हुए तेज रफ्तार में गाड़ी भगाई और रास्ते में खड़ी 9 गाड़ियों को टक्कर मार दी. गिरफ्तारी के बाद उसने अधिकारियों को बताया कि वह GTA V के सीन को असल जिंदगी में दोहरा रहा था.
ऑस्ट्रेलिया (2014): शराब और नशे की हालत में एक किशोर ने चाकू की नोक पर एक कन्वीनियंस स्टोर और सर्विस स्टेशन को लूट लिया था. मामले की जांच करने वाले अधिकारियों ने पाया कि यह लूट इस वीडियो गेम की नकल करने की कोशिश थी, जिसके बाद उसे दो साल की जेल हुई.
असली हैकर का हमला (Lapsus$, 2023): 18 वर्षीय हैकर एरियन कुर्टाज (Arion Kurtaj) ने जमानत पर बाहर रहते हुए एक होटल के टीवी के जरिए GTA 6 के अनरिलीज्ड वीडियो क्लिप्स और सोर्स कोड लीक कर दिए थे. इस साइबर हमले से रॉकस्टार गेम्स और अन्य टेक कंपनियों को लाखों-करोड़ों डॉलर का भारी नुकसान उठाना पड़ा था.

एक तरफ जहां पूरी दुनिया GTA 6 के स्वागत में पलकें बिछाए बैठी है, वहीं कुछ देशों के गेमर्स के लिए बुरी खबर भी है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, सोनी के प्लेस्टेशन स्टोर ने बहरीन, चीन, कुवैत, लेबनान, ओमान, कतर, रूस और ताइवान जैसे 8 देशों को गेम के साथ मिलने वाली खास सर्विस GTA+ खरीदने से बाहर रखा है. माना जा रहा है कि इन देशों में गेम के मैच्योर कंटेंट, हिंसा और स्थानीय नियमों की वजह से यह पाबंदी लगाई गई है. इस फैसले से इन देशों के गेमिंग फैंस में काफी निराशा देखी जा रही है.