6 महीने के लिए केदारनाथ के कपाट बंद, भैया दूज पर मायके चलीं मां यमुना, इस सीजन में उमड़ी रिकॉर्ड भक्तों की भीड़
भैया दूज पर केदारनाथ धाम और यमुनोत्री धाम के कपाट शीतकाल के लिए बंद हो गए हैं. पूजा अर्चना के बाद पूरी विधि विधान के साथ कपाट को बंद किया गया. इस यात्रा सीजन में रिकॉर्ड श्रद्धालुओं ने बाबा केदार और मां यमुना के दर्शन किए.
देवभूमि उत्तराखंड में इस साल की चारधाम यात्रा का समापन हो गया है. भैया दूज के पावन पर्व पर विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच केदारनाथ और यमुनोत्री धाम के कपाट शीतकाल के लिए बंद किए गए. इन दोनों धामों के कपाट बंद होने के साथ ही इस साल की चारधाम यात्रा पर विराम लग गया.
यात्रा के आखिरी दिन केदारनाथ धाम में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली. बाबा केदार का आशीर्वाद पाने के लिए देश के कोने-कोने से बड़ी संख्या में भक्त केदारपुरी पहुंचे, जिनके पवित्र जयकारों से पूरी घाटी गूंज उठी और माहौल पूरी तरह भक्तिमय हो गया. यात्रा के आखिरी शाम कुल 8,323 श्रद्धालुओं ने बाबा केदार के दरबार में हाजिरी लगाई.
केदारनाथ धाम के कपाट हुए बंद
इस पूरे यात्रा सीजन के दौरान केदारनाथ धाम पहुंचने वाले कुल श्रद्धालुओं की संख्या ने सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए. इस साल केदारनाथ धाम में करीब 19,22,138 श्रद्धालुओं ने बाबा केदार के दर्शन किए. जबकि, यमुनोत्री धाम में इस बार करीब 8,84,289 भक्तों ने मां यमुना के दर्शन किए. सुबह चार बजे से कपाट बंद करने की प्रक्रिया शुरू हुई और सुबह 8 बजकर 30 मिनट पर बाबा केदार के मुख्य कपाट बंद हुए. इसके साथ ही बाबा की पंचमुखी चल उत्सव डोली शीतकालीन गद्दीस्थल ओंकारेश्वर मंदिर ऊखीमठ के लिए रवाना हो गई है.
13 नवंबर को ओंकारेश्वर मंदिर में होंगे विराजमान
डोली का पहला रात्रि पड़ाव रामपुर में होगा, जबकि गुरुवार को डोली काशी विश्वनाथ मंदिर गुप्तकाशी पहुंचेगी. इसके बाद 13 नवंबर को बाबा केदारनाथ की पंचमुखी उत्सव डोली शीतकालीन गद्दीस्थल ओंकारेश्वर मंदिर ऊखीमठ पहुंचेगी, जहां विधि-विधान के साथ बाबा को विराजमान किया जाएगा. अगले 6 महीने तक बाबा केदारनाथ की शीतकालीन पूजा-अर्चना ओंकारेश्वर मंदिर में संपन्न होगी और श्रद्धालु यहीं बाबा के दर्शन कर सकेंगे.
यमुनोत्री धाम के कपाट हुए बंद
उधर, यमुनोत्री धाम के कपाट भी भैया दूज के पावन पर्व पर आज सुबह 10 बजकर 28 मिनट पर शीतकाल के लिए विधि-विधान के साथ बंद कर दिए गए. कपाट बंद होने से पहले मां यमुना की विशेष पूजा-अर्चना की गई. पौराणिक परंपरा के अनुसार, मां यमुना के भाई सोमेश्वर देव (शनिदेव) आज सुबह अपनी बहन को विदा कराने के लिए उनके मायके खरसाली (खुशीमठ) से यमुनोत्री धाम पहुंचे.
भाई सोमेश्वर देव की अगवाई में ही मां यमुना की उत्सव डोली हजारों श्रद्धालुओं के जयकारों के बीच अपने शीतकालीन प्रवास स्थल खरसाली के लिए रवाना हुई. अगले 6 महीने तक मां यमुना इसी शीतकालीन प्रवास पर रहकर अपने भक्तों को दर्शन देंगी.
भक्ति और श्रद्धा के साथ संपन्न हुई यात्रा
कपाट बंद होने के साथ ही उत्तराखंड के इन दोनों धामों में शीतकालीन व्यवस्थाएं शुरू हो गई है. अब अगले 6 महीनों तक देश-विदेश के श्रद्धालु भगवान केदारनाथ और मां यमुना के दर्शन उनके शीतकालीन गद्दीस्थलों पर ही कर सकेंगे.
इस साल चारधाम यात्रा में उमड़ी रिकॉर्ड भक्तों की भीड़ ने यह साबित कर दिया है कि सनातन धर्म के प्रति लोगों की आस्था लगातार और अधिक बढ़ रही है. प्रशासन और पुलिस बलों की देखरेख में यात्रा का समापन पूरी तरह सुरक्षित और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ.
(उत्तरकाशी से हेमकांत नौटियाल और रुद्रप्रयाग से भूपेन्द्र भण्डारी की रिपोर्ट)
यह भी पढ़िए: विश्व प्रसिद्ध गंगोत्री धाम के कपाट बंद, अब मुखबा में होंगे मां गंगा के दर्शन