App

6 महीने के लिए केदारनाथ के कपाट बंद, भैया दूज पर मायके जाएंगी मां यमुना, इस सीजन में उमड़ी रिकॉर्ड भक्तों की भीड़

भैया दूज पर जहां केदारनाथ धाम के कपाट बंद हो गए हैं, वहीं आज ही यमुनोत्री धाम के कपाट भी शीतकाल के लिए हो रहे हैं. इस यात्रा सीजन में रिकॉर्ड श्रद्धालुओं ने बाबा केदार और मां यमुना के दर्शन किए.

6 महीने के लिए केदारनाथ के कपाट बंद, भैया दूज पर मायके जाएंगी मां यमुना, इस सीजन में उमड़ी रिकॉर्ड भक्तों की भीड़

देवभूमि उत्तराखंड में इस साल की चारधाम यात्रा का समापन का वक्त आ चुका है. भैया दूज के पावन पर्व पर विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच केदारनाथ और यमुनोत्री धाम के कपाट शीतकाल के लिए बंद हो रहे हैं. इन दोनों धामों के कपाट बंद होने के साथ ही इस साल की चारधाम यात्रा पर विराम लगेगा.

यात्रा के आखिरी दिन केदारनाथ धाम में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली. बाबा केदार का आशीर्वाद पाने के लिए देश के कोने-कोने से बड़ी संख्या में भक्त केदारपुरी पहुंचे, जिनके पवित्र जयकारों से पूरी घाटी गूंज उठी और माहौल पूरी तरह भक्तिमय हो गया. यात्रा के आखिरी शाम कुल 8,323 श्रद्धालुओं ने बाबा केदार के दरबार में हाजिरी लगाई.

केदारनाथ धाम के कपाट हुए बंद
इस पूरे यात्रा सीजन के दौरान केदारनाथ धाम पहुंचने वाले कुल श्रद्धालुओं की संख्या ने सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए. इस साल केदारनाथ धाम में करीब 19,22,138 श्रद्धालुओं ने बाबा केदार के दर्शन किए. जबकि, यमुनोत्री धाम में इस बार करीब 8,84,289 भक्तों ने मां यमुना के दर्शन किए. सुबह चार बजे से कपाट बंद करने की प्रक्रिया शुरू हुई और सुबह 8 बजकर 30 मिनट पर बाबा केदार के मुख्य कपाट बंद हुए. इसके साथ ही बाबा की पंचमुखी चल उत्सव डोली शीतकालीन गद्दीस्थल ओंकारेश्वर मंदिर ऊखीमठ के लिए रवाना हो गई है. 

13 नवंबर को ओंकारेश्वर मंदिर में होंगे विराजमान
डोली का पहला रात्रि पड़ाव रामपुर में होगा, जबकि गुरुवार को डोली काशी विश्वनाथ मंदिर गुप्तकाशी पहुंचेगी. इसके बाद 13 नवंबर को बाबा केदारनाथ की पंचमुखी उत्सव डोली शीतकालीन गद्दीस्थल ओंकारेश्वर मंदिर ऊखीमठ पहुंचेगी, जहां विधि-विधान के साथ बाबा को विराजमान किया जाएगा. अगले 6 महीने तक बाबा केदारनाथ की शीतकालीन पूजा-अर्चना ओंकारेश्वर मंदिर में संपन्न होगी और श्रद्धालु यहीं बाबा के दर्शन कर सकेंगे.

यमुनोत्री धाम के कपाट होंगे बंद
उधर, यमुनोत्री धाम के कपाट भी भैया दूज के पावन पर्व पर आज सुबह 10 बजकर 28 मिनट पर शीतकाल के लिए विधि-विधान के साथ बंद होंगे. कपाट बंद होने से पहले मां यमुना की विशेष पूजा-अर्चना होगी. पौराणिक परंपरा के अनुसार, मां यमुना के भाई सोमेश्वर देव (शनिदेव) आज सुबह अपनी बहन को विदा कराने के लिए उनके मायके खरसाली (खुशीमठ) से यमुनोत्री धाम पहुंचे. 

भाई सोमेश्वर देव की अगवाई में ही मां यमुना की उत्सव डोली हजारों श्रद्धालुओं के जयकारों के बीच अपने शीतकालीन प्रवास स्थल खरसाली के लिए रवाना होगी. अगले 6 महीने तक मां यमुना इसी शीतकालीन प्रवास पर रहकर अपने भक्तों को दर्शन देंगी.  

भक्ति और श्रद्धा के साथ संपन्न हुई यात्रा
कपाट बंद होने के साथ ही उत्तराखंड के इन दोनों धामों में शीतकालीन व्यवस्थाएं शुरू हो जाएगी. अब अगले 6 महीनों तक देश-विदेश के श्रद्धालु भगवान केदारनाथ और मां यमुना के दर्शन उनके शीतकालीन गद्दीस्थलों पर ही कर सकेंगे. 

इस साल चारधाम यात्रा में उमड़ी रिकॉर्ड भक्तों की भीड़ ने यह साबित कर दिया है कि सनातन धर्म के प्रति लोगों की आस्था लगातार और अधिक बढ़ रही है. प्रशासन और पुलिस बलों की देखरेख में यात्रा का समापन पूरी तरह सुरक्षित और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ.         

(उत्तरकाशी से हेमकांत नौटियाल और रुद्रप्रयाग से भूपेन्द्र भण्डारी की रिपोर्ट)

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Pooja Singh

Pooja Singh

पूजा सिंह डिजिटल पत्रकार हैं और ज़ी उत्तर प्रदेश-उत्तराखंड (Zee UP-UK) की डिजिटल टीम में सब-एडिटर के पद पर काम कर रहे हैं. दिल्ली से ताल्लुक रखने वाली पूजा को मीडिया जगत में 5 वर्षों से ज्यादा का अनुभव है. वे उत्तर प्रदेश की हाइपर-लोकल खबरों, क्राइम, प्रशासनिक गतिविधियों, राजनीतिक उठापटक और खेल जगत के मुद्दों पर पैनी नजर रखते हैं. खबरों की गहराई, ग्राउंड रियलिटी और तथ्य-आधारित डिजिटल कवरेज के लिए वे जाने जाते हैं.पूजा के पास डेस्क एडिटिंग का व्यावहारिक अनुभव है.  स्थानीय प्रशासन, जनसमस्याओं और राजनीतिक हलचलों की बेहतर समझ उन्हें ज़मीनी वास्तविकताओं को सटीक रूप से प्रस्तुत करने में मदद करती है. ज़ी मीडिया से पहले उन्होंने भारत के लिडिंग हिंदी न्यूज़ चैनल टीवी 9 डिजिटल और न्यूज नेशन में काम करने का अनुभव है. पूजा ने भारतीय विद्या भवन से पत्रकारिता की पढ़ाई पूरी की है.पूजा सिंह से आप pooja.singh@india.com पर सीधे ईमेल कर संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा आप पूजा से एक्स (ट्विटर) और लिंक्डइन पर कनेक्ट कर सकते हैं.
Read More