हल्द्वानी शुद्धीकरण मामले में पहली FIR, नितिन नबीन के दौर से ठीक पहले बड़ा एक्शन
Haldwani News: हल्द्वानी के रामलीला मैदान में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की रैली के बाद कथित शुद्धीकरण और यज्ञ किए जाने के मामले में बड़ा एक्शन देखने को मिला है.
Haldwani News: हल्द्वानी शुद्धीकरण मामले में पहली FIR दर्ज कर ली गई है. कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की रामलीला मैदान में रैली के बाद हुए शुद्धीकरण को लेकर अधिवक्ता अंजू की शिकायत पर हल्द्वानी कोतवाली में अज्ञात के खिलाफ SC/ST एक्ट की धाराओं में केस दर्ज किया है. मामले की जांच एसपी क्राइम जगदीश चंद्र को सौंपी गई है. वहीं, कांग्रेस सांसद मल्लू रवि ने दिल्ली के पार्लियामेंट स्ट्रीट थाने में शिकायत दर्ज कराई है.
यह है पूरा मामला
दरअसल, 8 अगस्त को हल्द्वानी के रामलीला मैदान में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने रैली की थी. तीन दिन बाद 11 अगस्त को रामलीला मैदान में पहुंचकर कुछ लोगों ने शुद्धीकरण अनुष्ठान किया था. इसके बाद मामला तूल पकड़ लिया. कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे समेत कांग्रेस के कई नेताओं ने कथित शुद्धीकरण को लेकर बीजेपी के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया. कांग्रेस लगातार कथित शुद्धीकरण के दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रही है. वहीं, इस मुद्दे को उठाने पर राहुल गांधी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है.
अज्ञात के खिलाफ एफआईआर दर्ज
राहुल गांधी के खिलाफ एफआईआर दर्ज होने और हल्द्वानी शुद्धीकरण के दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर कांग्रेस ने मोर्चा खोल दिया था. अब मामले में हल्द्वानी कोतवाली पुलिस ने पहली FIR दर्ज कर ली है. पुलिस ने अधिवक्ता अंजू की शिकायत पर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है. जातिगत भेदभाव, सामाजिक अपमान एवं अनुसूचित जाति के व्यक्ति के प्रति घृणा और हीनता का भाव रखने का मामला दर्ज किया गया है. पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ बीएनएस की धारा 196, 299 BNS 3(1) R, SC/ST एक्ट में एफआईआर दर्ज की है.
नितिन नबीन के दौरे से ठीक पहले हुई कार्रवाई
बता दें कि यह एफआईआर बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के हल्द्वानी दौरे से ठीक पहले हुई है. ऐसे में हल्द्वानी शुद्धीकरण मामले में FIR दर्ज होने के बाद उत्तराखंड की सियासत एक बार फिर गरम हो गई. वहीं, बीजेपी, कांग्रेस पर कथित ‘शुद्धीकरण' मामले में झूठ फैलाने का आरोप लगा रही है. बीजेपी राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन 9 सितंबर को हल्द्वानी आ रहे हैं.
क्या बोले एफआईआर दर्ज कराने वाले एडवोकेट अंजू?
एडवोकेट अंजू ने कहा कि सोशल मीडिया पर उन्होंने किसी व्यक्ति का अपमान करने वाला शुद्धीकरण वाला वीडियो देखा था. उन्होंने कहा कि मैं किसी राजनीतिक पार्टी से नहीं हूं. पुलिस को 15 अगस्त को तहरीर दी थी, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई. अब 8 सितंबर को एक बार फिर से एफआईआर दर्ज कराकर निष्पक्ष जांच की मांग की है.