App

देहरादून में हाई-वोल्टेज ड्रामा: मेयर की कुर्सी पर बैठ अफसरों को हड़काया, पुलिस से भिड़ा, अंत में हो गई 'नकलची' की धुनाई!

देहरादून नगर निगम का एक वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है, जिसमें एक युवक की जमकर पिटाई हो रही है. जिस युवक की पिटाई हो रही है, उसपर पुलिस कर्मियों और नगर निगम कर्मियों के साथ अभद्रता करने का आरोप है. जानिए क्या है ये पूरा मामला?

देहरादून में हाई-वोल्टेज ड्रामा: मेयर की कुर्सी पर बैठ अफसरों को हड़काया, पुलिस से भिड़ा, अंत में हो गई 'नकलची' की धुनाई!

देहरादून नगर निगम ऑफिस से एक ऐसा अजीबोगरीब मामला सामने आया है, जिसने सोशल मीडिया पर तहलका मचा रखा है. निगम परिसर का एक वीडियो इन दिनों आग की तरह वायरल हो रहा है, जिसमें एक युवक की जमकर धुनाई हो रही है. इस हाई-वोल्टेज ड्रामे के पीछे की कहानी किसी फिल्मी स्क्रिप्ट से कम नहीं है, जहां एक सिरफिरा युवक खुद को 'मेयर' समझकर पिछले डेढ़ साल से सीधे असली मेयर की कुर्सी पर कब्जा जमा रहा था.

मेयर की कुर्सी पर बैठता था आरोपी
देहरादून नगर निगम में सोमवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब कर्मचारियों का गुस्सा फूट पड़ा. आरोपी युवक की पहचान पीयूष चौहान के रूप में हुई है. आरोप है कि यह युवक पिछले करीब डेढ़ से दो साल से बिना किसी रोक-टोक के सीधे नगर निगम कार्यालय में घुस जाता था. वह सीधे मेयर के कमरे में पहुंचता और उनकी कुर्सी पर शान से बैठ जाता था. इसके बाद वह वहां मौजूद इंजीनियरों, डॉक्टरों, सुपरवाइजरों और अन्य अधिकारियों को अजीबोगरीब आदेश देने लगता था.

निगम कर्मचारियों की मानें तो उसकी इस हरकत से पूरा दफ्तर परेशान था. वह सिर्फ कर्मचारियों को ही नहीं धमकाता था, बल्कि निगम में तैनात पुलिसकर्मियों और होमगार्ड के वरिष्ठ जवानों के साथ भी कई बार हाथापाई कर चुका था. इतना ही नहीं, चर्चा तो यह भी है कि युवक ने पहले कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी के कार्यालय में भी ऐसी ही हरकतें की थीं.

पुलिस के सामने ही कर्मचारियों ने पीटा
सोमवार को जब युवक एक बार फिर नगर निगम पहुंचा और उसने हंगामा शुरू कर दिया, तो कर्मचारियों के सब्र का बांध टूट गया. देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ा कि वहां मौजूद कर्मचारियों ने पुलिस कर्मियों की मौजूदगी में ही उसकी जमकर पिटाई कर दी. जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है. वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कैसे कर्मचारियों ने उसे खदेड़-खदेड़ कर लात-घूंसों से पीटा. बाद में मौके पर मौजूद पुलिस ने बमुश्किल बीच-बचाव कर आरोपी को अपनी हिरासत में लिया.

मेयर ने खुद किया खुलासा 
इस पूरे मामले की पुष्टि करते हुए देहरादून के मेयर सौरभ थपलियाल ने बताया कि यह युवक लंबे समय से अजीब हरकतें कर रहा था. उसे कई बार समझाया गया, लेकिन उसकी हरकतों में कोई सुधार नहीं आया. सोमवार को वह मारपीट पर उतर आया, जिसमें कुछ लोग घायल भी हुए. मेयर ने बताया कि निगम की ओर से पहले भी पुलिस में शिकायत कर सुरक्षा बढ़ाने की मांग की गई थी.

मेयर का कहना है कि जानकारी मिली थी कि युवक पहले कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी के कार्यालय में भी इसी तरह की हरकत कर चुका है.

फिलहाल, एसपी सिटी शेखर सुयाल ने बताया कि मामले का पूरा संज्ञान ले लिया गया है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ शुरू कर दी है और वायरल वीडियो के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इस घटना ने सरकारी दफ्तरों की सुरक्षा व्यवस्था पर एक बड़ा सवालिया निशान खड़ा कर दिया है।

(देहरादून से राम अनुज की रिपोर्ट)

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Pooja Singh

Pooja Singh

पूजा सिंह डिजिटल पत्रकार हैं और ज़ी उत्तर प्रदेश-उत्तराखंड (Zee UP-UK) की डिजिटल टीम में सब-एडिटर के पद पर काम कर रहे हैं. दिल्ली से ताल्लुक रखने वाली पूजा को मीडिया जगत में 5 वर्षों से ज्यादा का अनुभव है. वे उत्तर प्रदेश की हाइपर-लोकल खबरों, क्राइम, प्रशासनिक गतिविधियों, राजनीतिक उठापटक और खेल जगत के मुद्दों पर पैनी नजर रखते हैं. खबरों की गहराई, ग्राउंड रियलिटी और तथ्य-आधारित डिजिटल कवरेज के लिए वे जाने जाते हैं.पूजा के पास डेस्क एडिटिंग का व्यावहारिक अनुभव है.  स्थानीय प्रशासन, जनसमस्याओं और राजनीतिक हलचलों की बेहतर समझ उन्हें ज़मीनी वास्तविकताओं को सटीक रूप से प्रस्तुत करने में मदद करती है. ज़ी मीडिया से पहले उन्होंने भारत के लिडिंग हिंदी न्यूज़ चैनल टीवी 9 डिजिटल और न्यूज नेशन में काम करने का अनुभव है. पूजा ने भारतीय विद्या भवन से पत्रकारिता की पढ़ाई पूरी की है.पूजा सिंह से आप pooja.singh@india.com पर सीधे ईमेल कर संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा आप पूजा से एक्स (ट्विटर) और लिंक्डइन पर कनेक्ट कर सकते हैं.
Read More