मां के निधन की सूचना के बाद भी नहीं थमा जनसेवा का सिलसिला, युवाओं के बीच डटे रहे CM योगी
मां के निधन की सूचना मिलने के बाद भी सीएम योगी आदित्यनाथ प्रदेश सेवा और युवाओं के कल्याण के प्रति समर्पित रहे. उन्होंने निजी दुख से ऊपर प्रदेश का दायित्व रखा.
सार्वजनिक जीवन में व्यक्तिगत पीड़ा को पीछे छोड़कर संवैधानिक और प्रशासनिक दायित्वों को निभाना आसान नहीं होता, लेकिन उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक बार फिर अपने इसी संकल्प की मिसाल पेश की है. अपनी मां के निधन की दुखद सूचना मिलने के बावजूद मुख्यमंत्री ने प्रदेश की सेवा और जनकल्याणकारी कार्यों की रफ्तार थमने नहीं दी.
सीएम योगी आदित्यनाथ मातृशोक की बेहद भावुक और कठिन घड़ी में भी पूर्व निर्धारित कार्यक्रमों में सक्रिय रहे और युवाओं के भविष्य तथा उनके कल्याण से जुड़े संवाद और योजनाओं को प्राथमिकता देते नजर आए. प्रदेश के मुखिया के तौर पर निजी शोक से ऊपर उठकर कर्तव्य पथ पर डटे रहने की यह तस्वीर उनकी कार्यशैली और अनुशासन को दर्शाती है.
सीएम योगी की मां ने 91 की उम्र में पंचूर गांव में ली अंतिम सांस
सीएम योगी की मां सावित्री देवी का शुक्रवार को 91 साल की उम्र में उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल के पंचूर गांव में निधन हो गया. वो लंबे समय से बीमार चल रही थीं. SSP सर्वेश पवार ने बताया कि हरिद्वार में कल (21 नवंबर) उनका अंतिम संस्कार किया जा सकता है. 20 अप्रैल 2020 को सीएम योगी के पिता आनन्द सिंह बिष्ट का निधन हो गया था. सीएम योगी की 3 बड़ी बहनें और 3 भाई हैं. सीएम योगी का पूरा परिवार उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले के पंचूर गांव में ही रहता है.
ये भी पढ़ें- सीएम योगी आदित्यनाथ की माता का निधन, 91 वर्ष की आयु में पंचूर गांव में ली अंतिम सांस
पिता के अंतिम दर्शन नहीं कर पाए थे सीएम योगी
सीएम योगी अपने संवैधानिक और प्रशासनिक दायित्वों को लेकर इतने कर्मठ हैं कि जब 20 अप्रैल 2020 को उनके पिता आनंद सिंह बिष्ट का निधन हुआ था, तब वो अंतिम दर्शन भी नहीं कर पाए थे. दरअसल, 2020 में देश कोरोना महामारी से जूझ रहा था और रोजना हजारों लोग वायरस से संक्रमित हो रहे थे. ऐसे समय में सीएम योगी प्रशासनिक जिम्मेदारियां संभाल रहे थे और अपने पिता के अंतिम दर्शन के लिए नहीं पहुंच पाए थे. बाद में उन्होंने खुद इस बात पर दुख जताया था और कहा था कि उनकी इच्छा थी कि पिता के अंतिम समय में उनका चेहरा देख सकें.