चमोली को धामी सरकार की 150 करोड़ की सौगात! 30 योजनाओं से बदलेगी विकास की तस्वीर
चमोली पहुंचे सीएम धामी ने 150 करोड़ रुपये ज्यादा की विकास परियोजनाओं की सौगात दी है. इसमें नए सड़कों का निर्माण होगा.
उत्तराखंड के चमोली जनपद की सूरत बदलने जा रही है. उत्तराखंड की धामी सरकार ने चमोली को 30 विकास योजनाओं की सौगात दी है. इसमें 133.59 करोड़ रुपये की लागत के 16 विकास कार्यों का शिलान्यास तथा 16.18 करोड़ रुपये की लागत के 14 विकास कार्यों का लोकार्पण शामिल है. कुल 149.77 करोड़ रुपये की विकास योजनाओं की सौगात जनपद को मिली है.
सड़कों का कायाकल्प होगा
शिलान्यास के अंतर्गत प्रांतीय खंड लोक निर्माण विभाग गोपेश्वर की ओर से दशोली क्षेत्र में 226.56 लाख रुपये की लागत से बम्बूधार से मूल गांव छिनका होते हुए मल्ला नौरी तक मोटर मार्ग निर्माण किया जाएगा. वहीं, 88.82 लाख रुपये से घुड़साल-सैकोट मोटर मार्ग का निर्माण किया जाएगा. 187.50 लाख रुपये से गोपेश्वर-देवरखडोरा-घिंघराण मोटर मार्ग के क्षतिग्रस्त हिस्से का पुनर्निर्माण किया जाएगा. 1,668 लाख रुपये से गोविंदघाट में 92.156 मीटर स्पान के मोटर पुल का निर्माण किया जाएगा. 128.64 लाख रुपये से पीपलकोटी-मठ-मठेड़ा मोटर मार्ग तथा 263.85 लाख रुपये से अपर चमोली-खैनुरी मोटर मार्ग का वन टाइम मेंटेनेंस काम भी किया जाएगा.
इनका शिलान्यास किया गया
निर्माण खंड थराली के अंतर्गत मां नंदा देवी राजजात से संबंधित 1,506.17 लाख रुपये की लागत से ग्वालदम-नंदकेशरी तथा 3,269 लाख रुपये से थराली-देवाल-मुंदोली-वाण मोटर मार्ग के सुधारीकरण एवं डामरीकरण के कार्यों का शिलान्यास किया गया. निर्माण खंड गौचर के अंतर्गत 108.96 लाख रुपये से जयकंडी-सिरतोली मोटर मार्ग का विस्तार, 12.07 लाख रुपये से राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय खैनोली में भवन अनुरक्षण, 35.11 लाख रुपये से राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय कनोल में चारदीवारी एवं संपर्क मार्ग निर्माण, 1,098.76 लाख रुपये से हापला-मसौली से गुडम नैल मोटर मार्ग, 556.48 लाख रुपये से पोखरी-हरिशंकर से थैलीथाला बैंड मोटर मार्ग, 1,401.31 लाख रुपये से धार डुंग्री-मैखुरा से निवाड़ी मोटर मार्ग, 664.96 लाख रुपये से कर्णप्रयाग-नौटी से चौण्डली ल्यूथा मोटर मार्ग तथा 2,147.50 लाख रुपये से ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग से जयकंडी-ग्वाड़ मोटर मार्ग निर्माण कार्य का शिलान्यास किया गया.
14 विकास कार्यों का किया लोकार्पण
मुख्यमंत्री धामी ने विभिन्न क्षेत्रों में पूर्ण हुए 14 विकास कार्यों का लोकार्पण भी किया. इनमें 17.92 लाख रुपये से शिलेश्वर शिव मंदिर तक 250 मीटर मोटर मार्ग का डामरीकरण, 50-50 लाख रुपये की लागत से गौचर एवं उर्गम में बीपीएचयू का निर्माण, 29.75 लाख रुपये से राजकीय इंटर कॉलेज पोखरी में लाइब्रेरी तथा 22.68 लाख रुपये से आर्ट एंड क्राफ्ट कक्ष का निर्माण शामिल है. इसके अलावा 26.77 लाख रुपये से राजकीय इंटर कॉलेज पोगठा में जीव विज्ञान प्रयोगशाला, 26.77 लाख रुपये से देवाल में विज्ञान प्रयोगशाला, 26.77 लाख रुपये से नंदासैंण में रसायन विज्ञान प्रयोगशाला, 867.571 लाख रुपये से आईटीआई गोपेश्वर में कार्यशाला एवं वर्कशॉप निर्माण, 27.18 लाख रुपये से राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय देवाल में चारदीवारी एवं अनुरक्षण कार्य तथा 123.18 लाख रुपये से बगना में आयुर्वेदिक चिकित्सालय भवन का निर्माण शामिल है.
नए सड़क का निर्माण होगा
वहीं, 105.21 लाख रुपये से राजकीय इंटर कॉलेज मंदोली में चार कक्षा-कक्ष, 109.02 लाख रुपये से राजकीय इंटर कॉलेज नारायणबगड़ में चार कक्षा-कक्ष एवं शौचालय तथा 135.38 लाख रुपये से राजकीय इंटर कॉलेज थराली में तीन प्रयोगशालाओं, एक कक्षा-कक्ष एवं शौचालय ब्लॉक का निर्माण कार्य भी लोकार्पित किया गया. साथ ही मुख्यमंत्री धामी ने हेलंग-डूंगरी बरोसी मोटर मार्ग, गोपेश्वर-पोखरी एवं त्रिशूला-भदूड़ा मोटर मार्ग के सुधारीकरण व निर्माण की घोषणा की.
चमोली पहुंचे सीएम धामी
बता दें कि मुख्यमंत्री धामी ने मंगलवार को चमोली जनपद के पीपलकोटी में आयोजित मातृशक्ति सम्मेलन में प्रतिभाग किया. सम्मेलन में पहुंचने पर मुख्यमंत्री का पारंपरिक वाद्य यंत्रों, कलश यात्रा एवं भव्य रोड शो के माध्यम से जोरदार स्वागत किया गया. इस दौरान हजारों की संख्या में उपस्थित माताओं एवं बहनों ने पुष्पवर्षा कर मुख्यमंत्री का अभिनंदन किया. मुख्यमंत्री ने भी हाथ जोड़कर सभी का अभिवादन स्वीकार किया.
नारी ज्ञान, विवेक और समृद्धि की आधारशिला
मातृशक्ति सम्मेलन को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि नारी ज्ञान, विवेक और समृद्धि की आधारशिला है. वह समाज को दिशा देने के साथ ही भविष्य का निर्माण करती है और अपने सामर्थ्य से राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान देती है. उन्होंने कहा कि हमारी मातृशक्ति के बिना पहाड़ के जीवन और विकास की कल्पना भी नहीं की जा सकती. उन्होंने कहा चमोली की धरती से शुरू हुए ऐतिहासिक चिपको आंदोलन ने पूरी दुनिया को पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया. गौरा देवी एवं उनकी साथी महिलाओं का अदम्य साहस, संघर्ष और प्रकृति के प्रति समर्पण आज भी हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है.
उज्जवला योजना ने महिलाओं को दी राहत
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में मातृशक्ति की सुरक्षा, सम्मान और आर्थिक सशक्तीकरण के लिए अनेक महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं. उज्ज्वला योजना के माध्यम से महिलाओं को चूल्हे के धुएं से मुक्ति दिलाई गई, वहीं उन्हें बैंकिंग व्यवस्था से जोड़कर आर्थिक रूप से सशक्त बनाने का कार्य किया गया है. आज विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ बिना किसी बिचौलिए के सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में पहुंच रहा है. उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार भी मातृशक्ति को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर एवं सशक्त बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है. सरकारी नौकरियों में महिलाओं को 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण तथा सहकारी समितियों में 33 प्रतिशत आरक्षण प्रदान कर उन्हें नेतृत्व, रोजगार और आत्मनिर्भरता के नए अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं. मातृशक्ति की सुरक्षा, सम्मान और समान अधिकार सुनिश्चित करने की दिशा में उत्तराखंड देश में समान नागरिक संहिता लागू करने वाला पहला राज्य बना है. साथ ही ग्रामीण महिलाओं को स्वयं सहायता समूहों से जोड़कर उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाया जा रहा है.
यह भी पढ़ें ; टिहरी में बड़ा सड़क हादसा: बद्रीनाथ जा रही यात्रियों से भरी बस खाई में समाई, अब तक 9 लोगों की मौत और 18 से ज्यादा घायल