उत्तराखंड में युवाओं को बड़ी सौगात: धामी कैबिनेट में पास हुए 26 प्रस्ताव, डॉक्टरों का कार्यकाल बढ़ा
Uttarakhand News: धामी सरकार ने पहली बार चंपावत के बनबसा में कैबिनेट बैठक आयोजित की. धामी कैबिनेट ने 26 प्रस्तावों पर मुहर लगाई है.
सुरेंद्र डसीला/देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में रविवार को उनके विधानसभा क्षेत्र चंपावत के बनबसा में ऐतिहासिक कैबिनेट बैठक हुई. NHPC सभागार में हुई कैबिनेट बैठक में धामी सरकार ने 26 बड़े फैसले लिए. इसमें सीमांत क्षेत्र के विकास के लिए कई बड़ी घोषणाएं कीं.
सीनियर और जूनियर रेजिडेंट डॉक्टरों का कार्यकाल बढ़ा
सीएम धामी ने कहा कि हमारा प्रयास है कि सरकार देहरादून से निकलकर सीमांत क्षेत्रों तक पहुंचे. बनबसा भारत-नेपाल सीमा का क्षेत्र है, सैनिक छावनी और SSB का बड़ा केंद्र है. यहां की संस्कृति एक जैसी है. इस क्षेत्र के विकास को ऊर्जा देने के लिए पूरी कैबिनेट यहां पहुंची है. बैठक में सबसे बड़ा फैसला स्वास्थ्य विभाग को लेकर हुआ है. प्रदेश के सीनियर और जूनियर रेजिडेंट डॉक्टरों का कार्यकाल 1 साल बढ़ा दिया गया है.
ट्रैफिक लोड कम किया जाएगा
सीएम धामी ने कहा कि बनबसा-टनकपुर क्षेत्र में ट्रैफिक का अत्यधिक दबाव बढ़ गया है, उसको व्यवस्थित करने, सड़कों की स्थिति सुधारने और नियोजन पर चर्चा हुई है. दूसरा बड़ा फैसला भूमि पट्टों को लेकर लिया गया. ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में जो 6-2 की भूमि, नजूल, स्टेट के पट्टे, भावर के पट्टे हैं उनके नियमितीकरण की कार्रवाई जल्द शुरू की जाएगी. तीसरा बड़ा ऐलान शारदा कॉरिडोर को लेकर लिया गया.
पीएम आवास योजना के तहत पक्के मकान बनेंगे
जनकपुर स्थित APJ अब्दुल कलाम इंजीनियरिंग कॉलेज के विस्तार के लिए 2 हेक्टेयर जमीन दी जाएगी. वहीं, नगर पालिका और नगर पंचायत क्षेत्रों में सरकारी जमीन पर लंबे समय से कच्चे मकानों में रह रहे लोगों को पीएम शहरी आवास योजना के तहत पक्के मकान दिए जाएंगे.
पंतनगर एयरपोर्ट का विस्तार होगा
सीएम धामी ने कहा कि सरकार एक कोने से दूसरे कोने तक विकास का मास्टर प्लान लेकर चल रही है. आदि कैलाश यात्रा, शीतकालीन यात्रा, चार धाम विकास, शारदा कॉरिडोर, AIIMS काशीपुर का जल्द संचालन और पंतनगर एयरपोर्ट का विस्तार जल्द शुरू होगा. साथ ही जमरानी, लखवाड़ और किसाऊ जैसे बांध जिनका लोग 50 साल से इंतजार कर रहे थे, उन्हें प्रधानमंत्री मोदी के सहयोग से मंजूरी मिली है.
SDG इंडेक्स में उत्तराखंड पहले स्थान पर
अपनी सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए सीएम धामी ने कहा कि SDG इंडेक्स में उत्तराखंड पहले नंबर पर है. UCC लागू करने वाला पहला राज्य बना है. 13 हजार एकड़ से ज्यादा जमीन अतिक्रमण से खाली कराई गई है और 35 हजार युवाओं को बिना पर्ची-खर्ची के नौकरी मिली है. 100 से ज्यादा नकल माफियाओं को जेल भेजा गया है और नकल विरोधी कानून देश के लिए मिसाल बना है.
3 लाख से ज्यादा महिलाएं लखपति दीदी बनीं
सीएम धामी ने कहा कि 3 लाख 10 हजार से ज्यादा महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं. चारधाम यात्रा 55 लाख के करीब पहुंची है और आदि कैलाश यात्रा से सीमांत क्षेत्र में होटल, टैक्सी, ढाबों को रोजगार मिला है. प्रधानमंत्री मोदी 28 बार उत्तराखंड आ चुके हैं और दिल्ली-देहरादून इकोनॉमी कॉरिडोर, ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल लाइन से राज्य विकास की नई ऊंचाई छू रहा है.