App

Char Dham यात्रियों को बड़ी राहत: हेली सेवाओं के लिए बुकिंग शुरू, जानें केदारनाथ तक किराया?

Char Dham Yatra 2026: चारधाम यात्रा के दूसरे चरण की शुरुआत कल से हो रही है. हेली सेवाओं के लिए बुकिंग शुरू हो चुकी है. अक्टूबर में यात्रा करने वाले श्रद्धालु 22 सितंबर को IRCTC पर बुकिंग कर सकते हैं.

Char Dham यात्रियों को बड़ी राहत: हेली सेवाओं के लिए बुकिंग शुरू, जानें केदारनाथ तक किराया?
Image Credit: AI Image

Char Dham Yatra 2026: चारधाम यात्रियों के लिए अच्छी खबर है. 15 सितंबर से चारधाम यात्रा का दूसरा चरण शुरू हो रहा है. हेली सेवाओं के लिए टिकट बुकिंग पहले ही शुरू हो चुकी है. अब तक 9000 टिकटें बुक हो चुकी हैं. उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण (यूकाडा) ने साफ कर दिया है कि खराब मौसम और डेंस क्लाउड में कोई उड़ान नहीं होगी. वहीं, हर हेलीकॉप्टर का DGCA की टीम बारीकी से सेफ्टी ऑडिट कर रही है.

अब तक 9 हजार टिकटें बुक 
यूकाडा सीईओ प्रतीक जैन ने बताया कि मानसून अब धीमा पड़ गया है, इसलिए 15 सितंबर से यात्रा का दूसरा चरण शुरू हो रहा है. 15 से 30 सितंबर तक की 8900 टिकटें IRCTC की वेबसाइट पर लाइव की गई थीं, जो पूरी तरह बुक हो चुकी हैं. इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि चारधाम को लेकर यात्रियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है.

डीजीसीए की टीम उत्तराखंड दौरे पर 
टिकटों की डिमांड के बीच सबसे बड़ी चुनौती मौसम की रहती है. सीईओ प्रतीक जैन ने बताया कि अभी भी पहाड़ी क्षेत्रों में क्लाउड कवर है. यूकाडा ने मौसम विभाग और DGCA के साथ समन्वय किया है और सभी पायलट्स को सख्त निर्देश दिए हैं. सुरक्षा के लिए DGCA की टीम तीन दिन के दौरे पर उत्तराखंड में है. टीम यूकाडा के साथ मिलकर हर हेलीकॉप्टर मशीन का ग्राउंड इंस्पेक्शन कर रही है. यूकाडा के मुताबिक, केदारनाथ शटल सेवा के लिए 8 ऑपरेटर्स और देहरादून से चारधाम-दोधाम चार्टर सेवा के लिए 15 चार्टर्ड ऑपरेटर्स तैनात हैं. अक्टूबर में यात्रा करने वाले यात्री 22 सितंबर को IRCTC पर बुकिंग कर सकते हैं.

केदारनाथ के लिए कितना किराया? 
यूकाडा ने चारधाम यात्रा के लिए गुप्तकाशी, सिरसी व फाटा हेलीपैड से केदारनाथ हेली सेवा संचालित करने के लिए 9 कंपनियों के साथ करार किया है. गुप्तकाशी से केदारनाथ के लिए आने-जाने का किराया 12154 रुपये है. वहीं, फाटा से 9680 रुपये और सिरसी से 6086 रुपये तय किया गया है. यूकाडा ने कहा है कि फिलहाल केदारनाथ हेली सेवा का किराया नहीं बढ़ाया जाएगा.

चारधाम यात्रा के लिए रजिस्ट्रेशन कैसे करें? 
चारधाम यात्रा के आधिकारिक पोर्टल पर जाना होगा. या मोबाइल एप्लीकेशन भी डाउनलोड कर सकते हैं. अपने मोबाइल नंबर से एक अकाउंट बनाना होगा. इसमें नाम, पहचान पत्र और यात्रा की तारीखों का जिक्र करना होगा. इसके बाद उन मंदिरों का चयन करना होगा, जहां आप दर्शन करने की योजना बना रहे हैं. फॉर्म जमा कर रजिस्ट्रेशन की पुष्टि डाउनलोड कर सकते हैं. यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को रजिस्ट्रेशन की पर्ची और एक वैध पहचान पत्र अपने साथ रखना अनिवार्य है.

नवंबर महीने तक चलेगी चारधाम यात्रा 
बता दें कि 19 अप्रैल को गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट खुलने के साथ ही चारधाम यात्रा का आगाज हुआ था. 22 अप्रैल को केदारनाथ और 23 अप्रैल को बदरीनाथ धाम के कपाट खुले थे. 10 सितंबर तक चारधाम यात्रा में दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं की संख्या 50 लाख पार हो चुकी है. चारधाम यात्रा नवंबर महीने तक चलेगी. दूसरे चरण की यात्रा कल यानी 15 सितंबर से शुरू हो रही है. 
 

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Amitesh Pandey

Amitesh Pandey

अमितेश कुमार पांडेय डिजिटल पत्रकार हैं और ज़ी उत्तर प्रदेश-उत्तराखंड (Zee UP-UK) की डिजिटल टीम में सीनियर सब-एडिटर के पद पर काम कर रहे हैं. उत्तर प्रदेश के प्रयागराज से ताल्लुक रखने वाले अमितेश को मीडिया जगत में 8 वर्षों से ज्यादा का अनुभव है. वे उत्तर प्रदेश की हाइपर-लोकल खबरों, क्राइम, प्रशासनिक गतिविधियों, राजनीतिक उठापटक और खेल जगत के मुद्दों पर पैनी नजर रखते हैं. खबरों की गहराई, ग्राउंड रियलिटी और तथ्य-आधारित डिजिटल कवरेज के लिए वे जाने जाते हैं.अमितेश के पास डेस्क एडिटिंग के साथ-साथ उत्तर प्रदेश के प्रमुख शहरों से ग्राउंड रिपोर्टिंग का भी व्यावहारिक अनुभव है. अमितेश ने उत्तर प्रदेश के तीन प्रमुख शहरों- लखनऊ, प्रयागराज और गाज़ियाबाद में जमीनी स्तर पर रिपोर्टिंग की है. स्थानीय प्रशासन, जनसमस्याओं और राजनीतिक हलचलों की बेहतर समझ उन्हें ज़मीनी वास्तविकताओं को सटीक रूप से प्रस्तुत करने में मदद करती है. ज़ी मीडिया से पहले उन्होंने भारत के लिडिंग हिंदी न्यूज़ पेपर अमर उजाला, दैनिक जागरण और हिन्दुस्तान में काम करने का अनुभव है. अमितेश ने पत्रकारिता की पढ़ाई प्रयागराज से की है.अमितेश पांडेय से आप amitesh.pandey@india.com पर सीधे ईमेल कर संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा आप अमितेश से एक्स (ट्विटर) और लिंक्डइन पर कनेक्ट कर सकते हैं.
Read More