SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

2027 चुनाव के लिए BJP का बिगुल, 17 साल से फरार 1,00,000 का इनामी शौकत गिरफ्तार, एक क्लिक में पढ़िए देवभूमि की 5 बड़ी खबरें

उत्तराखंड में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर बीजेपी ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं. देहरादून में बीजेपी के चुनावी प्रदेश कार्यालय का विधिवत शुभारंभ होने जा रहा है. वहीं, अगर क्राइम की बात करे, तो उत्तराखंड एसटीएफ और देहरादून पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है.

Edited By Shailendra
Published: Nov 26, 2026, 07:10 IST | Updated: Nov 26, 2026, 07:26 IST
Image Credit: 17 साल से फरार एक लाख का इनामी शौकत अली पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार (Z News)
Join

उत्तराखंड में सियासी हलचल से लेकर कानून-व्यवस्था और सरकारी व्यवस्थाओं तक कई बड़ी खबरें सामने आई हैं. 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर बीजेपी ने तैयारियां तेज कर दी हैं, तो 17 साल से फरार एक लाख के इनामी बदमाश को पुलिस ने पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार किया है. वहीं, अंकिता भंडारी हत्याकांड में विनोद आर्य के खिलाफ एफआईआर दर्ज होने से मामला फिर सुर्खियों में है. हल्द्वानी में सड़क निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल उठे हैं, तो बदरीनाथ धाम में चढ़ावे की गिनती में गड़बड़ी को लेकर एसआईटी ने अपनी जांच रिपोर्ट शासन को सौंप दी है. चलिए जानते है उत्तराखंड की ये 5 बड़ी खबरें, जो देवभूमि में मचा दी है सनसनी.

2027 चुनाव के लिए BJP का बिगुल, 70 सीटों पर खुलेगा चुनावी कार्यालय

2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों के मद्देनजर गुरुवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में चुनावी प्रदेश कार्यालय का विधिवत शुभारंभ होने जा रहा है. इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, प्रदेश प्रभारी राम माधव, बांसुरी स्वराज और सह-प्रभारी अरविंद मेनन समेत कई वरिष्ठ पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहेंगे. ​भाजपा प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार ने बताया कि आज से चुनावी कार्यालय का विधिवत संचालन शुरू कर दिया जाएगा, जहां से चुनाव से जुड़ी सभी गतिविधियों को गति मिलेगी. उन्होंने कहा कि प्रदेश की सभी 70 विधानसभा सीटों पर भी अलग-अलग चुनावी कार्यालय खोले जाएंगे, जिसके लिए तैयारियां तेजी से चल रही हैं. परिहार के अनुसार, पार्टी ने अब चुनावी रणनीति पर ठोस तरीके से काम शुरू कर दिया है, ताकि आगामी चुनाव में मजबूत बढ़त बनाई जा सके.

17 साल से फरार एक लाख का इनामी शौकत अली पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार

उत्तराखंड एसटीएफ और देहरादून पुलिस की संयुक्त टीम ने ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत 17 साल से फरार चल रहे एक लाख रुपये के इनामी हिस्ट्रीशीटर शौकत अली को पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार कर लिया है. मूल रूप से मेरठ निवासी 54 वर्षीय शौकत अली पर उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश में हत्या, डकैती, लूट, रंगदारी और आर्म्स एक्ट जैसे संगीन मामलों में करीब एक दर्जन मुकदमे दर्ज हैं.

पुलिस के अनुसार, 23 जुलाई 2009 को देहरादून के बसंत विहार क्षेत्र में ओएनजीसी अधिकारी के घर हथियारबंद बदमाशों ने लूट व हमले की वारदात को अंजाम दिया था. मामले में चार आरोपी पहले ही पकड़े जा चुके थे, जबकि शौकत फरार था. गिरफ्तारी से बचने के लिए वह दिल्ली, बिहार और बंगाल में ठिकाने बदलकर पहचान छिपाए हुए था और कोलकाता के भाटपाड़ा क्षेत्र में टाइल्स और पत्थर लगाने का काम कर रहा था. मैनुअल पुलिसिंग और सुरागरसी के आधार पर टीम ने उसे दबोच लिया.

अंकिता भंडारी केस में पुलकित आर्य के पिता विनोद आर्य पर FIR दर्ज

अंकिता भंडारी हत्याकांड में सीबीआई जांच के बीच अंकिता भंडारी के माता-पिता ने आरोपी पुलकित आर्य के पिता विनोद आर्य के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की थी... जिस पर आखिरकार राजनीतिक दलों के दबाव में पुलिस ने विनोद आर्य के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है. कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व में सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ अंकिता भंडारी के माता-पिता वीरेंद्र भंडारी और सोनी देवी पुलिस मुख्यालय पहुंचे और विनोद आर्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मां करने लगे. राजनीतिक दलों के लोगों ने एडीजी लॉ एंड ऑर्डर से मुलाकात की विनोद आर्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की. पुलिस ने भी विनोद आर्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है.

हल्द्वानी में सड़क निर्माण की खुली पोल, डामर उखड़ने पर प्रदर्शन

हल्द्वानी में मानसून सीजन के बाद सड़कों के निर्माण और मरम्मत का काम शुरू हो गया है, लेकिन सड़क निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल खड़े होने लगे हैं. शहर की आंतरिक सड़कों पर डामरीकरण के कुछ ही समय बाद डामर पापड़ की तरह उखड़ने लगा है. ताजा मामला बनभूलपुरा क्षेत्र का है, जहां सड़क निर्माण में घटिया सामग्री के इस्तेमाल का आरोप लगाते हुए स्थानीय लोगों ने लोक निर्माण विभाग के कार्यालय में जमकर प्रदर्शन किया और नारेबाजी की. प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि ठेकेदार मानकों को ताक पर रखकर सड़क निर्माण कर रहा है. उन्होंने इस पूरे मामले में विभागीय अधिकारियों की मिलीभगत की आशंका भी जताई है. स्थानीय लोगों ने अधिशासी अभियंता से संबंधित ठेकेदार को ब्लैकलिस्ट करने और सहायक अभियंता को हटाने की मांग की है. वहीं, मामले को गंभीरता से लेते हुए लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता प्रत्यूष कुमार ने जांच के आदेश दिए हैं. उन्होंने ठेकेदार और विभागीय कर्मचारियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि सड़क निर्माण में गुणवत्ता से किसी भी तरह का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. साथ ही लापरवाही पाए जाने पर संबंधित ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.

बदरीनाथ चढ़ावा घोटाले की जांच पूरी, सौंपी गई 300 पन्नों की रिपोर्ट

बदरीनाथ धाम में चढ़ावे की गिनती में हेराफेरी और चोरी के मामले की पांच महीने तक जांच के बाद एसआईटी ने शासन को अपनी रिपोर्ट सौंप दी है. रिपोर्ट में गड़बड़ियों के साथ ही मंदिर की व्यवस्थाओं को पारदर्शी बनाने के लिए कई अहम सुझाव दिए गए हैं. करीब पांच महीने तक चली जांच के बाद एसआईटी ने 300 पन्नों की विस्तृत रिपोर्ट शासन को सौंप दी है. इस रिपोर्ट में चढ़ावे की गिनती से लेकर उसके प्रबंधन, सुरक्षा और बैंक खाते में जमा कराने तक की व्यवस्थाओं में सामने आई खामियों का जिक्र किया गया है. अनियमितता को लेकर जांच के लिए गढ़वाल कमिश्नर आनंद स्वरूप सहित 3 अन्य सदस्यों की कमेटी बनाई गई थी. गढ़वाल कमिश्नर ने दी जानकारी कि जांच पूरी हो गई है और रिपोर्ट जांच सरकार को सौंपी गई है. 300 पन्नों की यह रिपोर्ट, जो सरकार को सौंपी गई है. जांच समिति ने पाया कि साक्ष्य के आधार पर पुरानी परंपरा नहीं चल रही थी. एक सीजन में यह घटना हुई थी यानी हेराफेरी लंबे समय से नहीं, बल्कि कुछ ही समय के अंतराल में हुई. बद्रीनाथ में चंदे की काउंटिंग में पारदर्शिता नहीं थी. बीकेटीसी की लापरवाही है. बीकेटीसी के मैनेजमेंट में गड़बड़ी है.

यह भी पढ़ें: बदरीनाथ धाम में चढ़ावे की हेराफेरी में बड़ा खुलासा: SIT ने शासन को सौंपी जांच रिपोर्ट, सामने आईं ये खामियां

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

शैलेंद्र जी न्यूज के रीजनल चैनल, जी बिहार झारखंड की डिजिटल टीम में चीफ सब एडिटर के तौर पर काम करते हैं. वह बिहार और झारखंड की सियासत और क्राइम समेत कई समसामयिक मुद्दों पर न्यूज लिखते हैं. वह कभी-कभी राष्ट्रीय मुद्दों पर भी लिखते हैं. उनको मीडिया के तीनों प्रारूप प्रिंट, टेलीविजन और डिजिटल में काम करने का अनुभव. जनसंदेश टाइम्स, स्वतंत्र चेतना, टीवी 100, साधना न्यूज, एफएम न्यूज आदि न्यूज चैनलों से होते हुए न्यूज नेशन, इंडिया अहेड, ईटीवी भारत और न्यूज स्ट्रीट मीडिया (NYOOOZ) में अहम जिम्मेदारी निभाई. मीडिया जगत में सफर पिछले 12 सालों से बिना रुके जारी है.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES