हरक सिंह रावत पर फिर लगा रेप का आरोप: जैनी ने कर दी DNA टेस्ट की मांग, कहा- 'मेरे बेटे को पिता का नाम चाहिए'
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता डॉ. हरक सिंह रावत की मुश्किलें बढ़ने वाली हैं. सालों पहले उनपर संगीन आरोप लगाने वाली जैनी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस करके कहा कि हरक सिंह ने 16 साल की उम्र में मेरा रेप किया. अब वह अपने बेटे के लिए उनसे पिता का नाम मांग रही है.
उत्तराखंड विधानसभा चुनाव से पहले राजनीतिक गलियारों में एक दशक से भी ज्यादा पुराना हाई-प्रोफाइल विवाद एक बार फिर गरमा गया है. कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री डॉ. हरक सिंह रावत पर आरोप लगाने वाली महिला जैनी ने अचानक देहरादून पहुंचकर एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की और पूर्व मंत्री पर बेहद गंभीर आरोप लगाए हैं.
जैनी ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात कर इंसाफ की गुहार लगाई है और अपने बेटे के लिए हरक सिंह रावत से पिता का नाम मांगा है.
16 साल की उम्र में दुष्कर्म का आरोप
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान जैनी ने 2002 के घटनाक्रम को याद करते हुए बताया कि जब वह 16 साल की थी और अक्टूबर 2002 में देहरादून आई थी, तब वह एक एसटीडी बूथ पर काम करती थी. उस दौरान वह यमुना कॉलोनी में करीब 2 महीने रही.
जैनी का आरोप है कि इसी दौरान हरक सिंह रावत ने उसके साथ दुष्कर्म किया. उसने दावा किया कि उसे डरा-धमकाकर तड़ीपार कर दिया गया था और यहां तक कि एक समय उसे ट्रॉमा सेंटर में भी रखा गया था.
CBI जांच दोबारा कराने की मांग
जैनी ने आरोप लगाया कि मामले में सीबीआई ने उससे पूछताछ तो की थी, लेकिन उसके बेटे का सैंपल नहीं लिया था. उसने कहा कि सीबीआई ने मेरे बेटे का सैंपल नहीं लिया. हरक सिंह रावत का फिर से DNA टेस्ट होना चाहिए, ताकि सच सामने आ सके.
जैनी ने यह भी दावा किया कि दिमागी दबाव के चलते उसने पहले एफआईआर वापस ली थी. इसके बाद उसने 2016 में दिल्ली में भी एफआईआर दर्ज कराई थी. उसने आरोप लगाया कि पूर्व मंत्री उसे होटल, मसूरी और दोस्त के घर लेकर गए थे.
डीजीपी से की शिकायत
देहरादून पहुंची जैनी ने शनिवार को उत्तराखंड पुलिस महानिदेशक (DGP) को लिखित शिकायत सौंपी है और इस पूरे मामले को दोबारा री-ओपन करने की मांग की है. जैनी ने साफ कहा कि वह अपने बेटे के हक और सम्मान के लिए लड़ाई लड़ रही है और उसे हर हाल में पिता का नाम चाहिए.
उत्तराखंड की राजनीति में इस पुराने मामले के दोबारा जिन्न की तरह बाहर आने से हड़कंप मच गया है. अब देखने वाली बात यह होगी कि राज्य सरकार और पुलिस प्रशासन इस नई शिकायत पर क्या कानूनी कदम उठाता है.
(देहरादून से सुरेंद्र डसीला की रिपोर्ट)
यह भी पढ़िए: कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या के पति गिरधारी लाल साहू उर्फ 'पप्पू' गिरफ्तार, लंबे समय से चल रहे थे फरार